विज्ञापन

राम मंदिर चंदा चोरी की जांच के बीच आज ट्रस्ट की अहम बैठक, चंपत राय-अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर होगा फैसला

ये बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कथित गबन के मामले में दो समानांतर जांच चल रही हैं. जहां एक ओर एसआईटी प्रशासनिक जांच कर रही है. वहीं दूसरी ओर ट्रस्ट की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस भी मामले की जांच कर रही है.

राम मंदिर चंदा चोरी की जांच के बीच आज ट्रस्ट की अहम बैठक, चंपत राय-अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर होगा फैसला
  • श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक 6 जुलाई को मंदिर परिसर में होगी, जिसमें सभी ट्रस्टी शामिल होंगे
  • बैठक में चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले के बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा संभावित है
  • बैठक में मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय रिपोर्टों की मंजूरी, CEO की नियुक्ति और प्रबंधन ढांचे पर भी विचार होगा
अयोध्या (उप्र):

सोमवार को श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होगी. चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले की जारी जांच के बीच मंदिर परिसर के अंदर ही गेस्ट हाउस में ये बैठक हो रही है. इससे पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के मठ ‘मणिराम छावनी' में ये मीटिंग होनी थी. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा हो सकती है.

सूत्रों के मुताबिक मीडिया और प्राइवेसी के चलते ट्रस्ट की तरफ से ये फैसला लिया गया कि बैठक राम मंदिर परिसर के अंदर ही गेस्ट हाउस में हो. ट्रस्ट मैम्बर्स की ये मीटिंग 6 जुलाई को शाम 3 बजे होनी है. इसमेंचंपत राय समेत सभी ट्रस्टी बुलाये गए हैं.

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों से चर्चा के लिए मौजूद रहने को कहा है. सूत्रों ने बताया कि गोपाल दास बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं, क्योंकि उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है.

Latest and Breaking News on NDTV
लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल के सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास (89) को 29 जून को सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था और पिछले शुक्रवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई. वहीं, उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण यात्रा करने में असमर्थ वरिष्ठ न्यासी के. परासरन वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में शामिल हो सकते हैं.

सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर विचार कर सकता है, जिन्होंने चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. अगर उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाते हैं, तो बैठक में ट्रस्ट के कामकाज के लिए नई प्रशासनिक व्यवस्था पर भी फैसला हो सकता है. विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव की भूमिका पर भी चर्चा होने की उम्मीद है.

बैठक के दौरान कथित हेराफेरी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट के बारे में भी जानकारी दी जा सकती है और राम मंदिर के भविष्य के प्रबंधन ढांचे पर चर्चा हो सकती है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: file pic

सूत्रों ने बताया कि 2025-26 वित्तीय वर्ष के लिए बिना ऑडिट वाली आय-व्यय रिपोर्ट, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय विवरण मंजूरी के लिए पेश किए जाएंगे. सूत्रों ने कहा कि बैठक में राम मंदिर के प्रबंधन की देखरेख के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी चर्चा होने की संभावना है.

ट्रस्ट में अभी 11 नियमित सदस्य हैं, जिनमें अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्न तीर्थ, परमानंद गिरि, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, कृष्ण मोहन, दिनेन्द्र दास और के. परासरन शामिल हैं. चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है, जबकि ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा का निधन हो गया है.

इसे भी पढ़ें: 'चोरी की घटना से आहत, दुखी और लज्जित हूं...', राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने दी सफाई

सूत्रों ने बताया कि अभी ट्रस्ट में कोई उपाध्यक्ष नहीं है, जो अध्यक्ष की अनुपस्थिति में बैठकों की अध्यक्षता कर सके. पदेन सदस्यों में केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लेखंडे, उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, अयोध्या के ज़िलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा शामिल हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

ये बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कथित गबन के मामले में दो समानांतर जांच चल रही हैं. जहां एक ओर एसआईटी प्रशासनिक जांच कर रही है और उसका कार्यकाल जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया गया है, वहीं दूसरी ओर ट्रस्ट की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस भी मामले की जांच कर रही है.

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी और पुलिस दोनों ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के बयान दर्ज किए हैं. हालांकि, ट्रस्ट के इन तीनों पदाधिकारियों में से किसी के भी खिलाफ़ अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.

इसे भी पढ़ें: बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी: मंदिर समिति ने 6 कर्मचारियों को जारी किया नोटिस, 3 दिनों में मांगा जवाब

इसे भी पढ़ें: कहते हैं अयोध्या तो बस झांकी है, अभी काशी-मथुरा बाकी है...: राम मंदिर चंदा चोरी पर उद्धव का तंज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir Donation Scam, Ram Mandir Donation Scam Investigation, Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust Meeting, Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust Members, Ayodhya Ram Mandir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com