- चंपत राय ने अयोध्या में चातुर्मास साधना शुरू की
- वे हर रोज सुबह 6 से 12 बजे तक 6 घंटे का मौन व्रत रखेंगे
- चंपत राय ने रामभक्तों के नाम एक पत्र भी किया जारी
अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने देवशयनी एकादशी पर अयोध्या में चातुर्मास (चार महीने की) साधना शुरू कर दी है. उन्होंने मौन व्रत धारण कर लिया है. वे हर रोज सुबह 6 से 12 बजे तक 6 घंटे का मौन व्रत रखेंगे. उन्होंने रामभक्तों के नाम एक पत्र भी जारी किया है. बता दें, चंपत राय के हस्ताक्षर वाले पहचान पत्र और प्रवेश-पत्र अंतरिम व्यवस्था के तहत फिर से मान्य कर दिए गए हैं, जिन्हें हाल में अमान्य घोषित कर दिया गया था. मंदिर से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह निर्णय राम मंदिर में जारी निर्माण और रखरखाव कार्यों को बाधित होने से बचाने के लिए लिया गया है.
सूत्रों के मुताबिक, इस अस्थायी व्यवस्था के तहत अधिकृत कर्मचारियों, अभियंताओं और तकनीकी अधिकारियों को नयी प्रवेश-पत्र व्यवस्था लागू होने तक पुराने पहचान पत्रों के आधार पर मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. यह कदम ट्रस्ट के नेतृत्व में बदलाव के बाद चंपत राय के हस्ताक्षर वाले पहचान पत्रों के आधार पर प्रवेश पर रोक लगाए जाने के कुछ दिन बाद उठाया गया है.
क्यों लागू की गई व्यवस्था
मंदिर के सूत्रों के अनुसार, इस प्रतिबंध का असर चारदीवारी, संग्रहालय, ट्रस्ट कार्यालय और विश्राम गृह सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की निगरानी और समन्वय पर पड़ने लगा था, इसी कारण यह अंतरिम व्यवस्था लागू की गई. यह घटनाक्रम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर उठे विवाद और उसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रशासन में हुए बदलाव के बीच सामने आया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का पुनर्गठन किया है. नई एसआईटी में तीन सीनियर आईपीएस अधिकारियों को शामिल किया गया है. नई बनी SIT की कमान आईजी किरण एस को सौंपी गई है. अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन वर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर इसके सदस्य बनाए गए हैं. पुरानी SIT में लखनऊ के कमिश्नर विजय विश्वास पंत और स्पेशल सेक्रेटरी (वित्त) नील रतन कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल थे.
चंपत राय ने ट्रस्ट के महासचिव पद से दे दिया था इस्तीफा
इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. बाद में चंपत राय ने ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया, जबकि ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने भी अपना पद छोड़ दिया. सूत्रों के अनुसार, प्रशासनिक बदलाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रवेश-पत्र के लिए नयी व्यवस्था लागू की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए नई SIT गठित, अब ये तीन IPS अधिकारी करेंगे जांच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं