आज के समय में व्हाट्सऐप का इस्तेमाल न सिर्फ चैट तक सीमित है, बल्कि यूपीआई से लेकर मेट्रो पास भी इसके आप खरीद सकते हैं. हाल ही में मुंबई मेट्रो वन ने यात्रियों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है. इसके डिजिटल सुविधा के तहत अब यात्री व्हाट्सऐप के जरिए ही मेट्रो पास खरीद सकेंगे और उसे स्टोर कर सकेंगे और यात्रा के दौरान इस्तेमाल भी कर सकेंगे. बता दें कि मुंबई मेट्रो वन, यह सुविधा शुरू करने वाली देश की पहली मेट्रो सेवा है.
देश की पहली व्हाट्सऐप आधारित मेट्रो पास सेवा
मुंबई मेट्रो वन ने वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर कॉरिडोर पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पूरी तरह डिजिटल मेट्रो पास सिस्टम लॉन्च किया है. इस नई व्यवस्था के जरिए यात्रियों को अलग से काउंटर या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि पास सीधे व्हाट्सऐप पर उपलब्ध होगा. ऐसे में इस सुविधा की वजह से मुंबई यात्रियों का काफी समय बचेगा.
गूगल वॉलेट और एप्पल वॉलेट का भी मिलेगा सपोर्ट
मुंबई मेट्रो वन के मुताबिक, यात्री व्हाट्सऐप के जरिए खरीदे गए मेट्रो पास को गूगल वॉलेट और एप्पल वॉलेट में भी सुरक्षित रख सकेंगे. इससे यात्रा के दौरान पास को एक्सेस करना और इस्तेमाल करना पहले के मुकाबले काफी ज्यादा आसान हो जाएगा.
डिजिटलीकरण की दिशा में एक जरूरी कदम
मुंबई मेट्रो वन का कहना है कि ये पहल शहर में शहरी परिवहन सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. ये व्यवस्था यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ पब्लिक ट्रांसपोर्ट में डिजिटल टेक्निक के इस्तेमाल को भी बढ़ावा देगी.
मुंबई मेट्रो वन का पास व्हाट्सऐप से कैसे खरीदें?
अगर आप मुंबई मेट्रो वन का पास व्हाट्सऐप के जरिए खरीदना चाहते हैं, तो उसके लिए कुछ आसान से स्टेप फॉलो करें
- सबसे पहले अधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर +91 9670008889 अपने मोबाइल में सेव करें.
- इसके बाद अपना व्हाट्सएप खोलें और इस नंबर को सर्च करके Hi लिखकर भेजें.
- फिर आपको चैट पर कुछ विकल्प दिखेंगे, जिसमें आपको Book Now विकल्प पर जाना है.
- अब 'Digital Pass' का विकल्प चुनें, जिसमें आप ट्रिप पास या स्टोर वैल्यू पास ऑप्शन चुन सकते हैं.
- फिर यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के जरिए पेमेंट करें.
- पेमेंट होते ही डिजिटल पास आपके व्हाट्सएप पर तुरंत आ जाएगा.
ये भी पढ़ें - मुंबई मेट्रो तक पहुंचा एक्ट्रेस का किस कांड, टी-शर्ट पर दिखी झलक, पब्लिसिटी है या कुछ और?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं