- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टीम के साहस और दृढ़ संकल्प की तारीफ की.
- महिला अधिकारियों ने राजनाथ सिंह के साथ अपने एक्सपीरिएंस शेयर किए
- रक्षा मंत्री ने कहा- भारत की हर बेटी आपको देख रही है, और उसे भरोसा है कि वह पूरी दुनिया को जीत सकती है
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को तीनों सेनाओं की उन नौ महिला अधिकारियों का सम्मान किया, जो भारतीय सेना के सेलिंग वेसल (IASV) 'त्रिवेणी' पर सवार होकर पहली बार आयोजित 'समुद्र प्रदक्षिणा' नाम के त्रि-सेवा (Tri-service) महिला सेलिंग अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करके लौटी थीं.
नई दिल्ली में अधिकारियों से बातचीत करते हुए, रक्षा मंत्री ने चार महासागरों में करीब 25,500 नॉटिकल मील की 314 दिनों की यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा करने में टीम के साहस और दृढ़ संकल्प की तारीफ की. उन्होंने इस कैंपेन को 'नारी शक्ति' का प्रमाण और त्रि-सेवाओं के आपसी सहयोग और तालमेल का एक बेहतरीन उदाहरण बताया, जो हर भारतीय को प्रेरित करेगा.
महिला अधिकारियों ने शेयर किए एक्सपीरिएंस
पीआईबी के मुताबिक, महिला अधिकारियों ने राजनाथ सिंह के साथ अपने एक्सपीरिएंस शेयर किए और बताया कि इस मुश्किल अभियान ने उनके सफर को यादगार और संतोषजनक बना दिया. उन्होंने कहा कि देश को गौरवान्वित करने के उनके पक्के इरादे ने उनका हौसला बढ़ाया, जिससे वे भारी शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना कर पाईं. इस दौरान, रक्षा मंत्री ने कहा कि उनके समर्पण ने उन्हें प्रेरित किया और उनके अपने संकल्प को और मजबूत किया. उन्होंने आगे कहा कि उनकी उपलब्धि यह दिखाती है कि पक्के विश्वास और दृढ़ संकल्प से जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.

रक्षा मंत्री ने बढ़ाया हौसला
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "मैं पूरे देश की ओर से आप सभी का स्वागत करना चाहता हूं. आपने न सिर्फ समुद्र को जीता है, बल्कि उन सभी को भी गलत साबित किया है, जो कहते थे कि हमारी बेटियां ऐसे मुश्किल अभियानों का हिस्सा नहीं बन सकतीं. आपने साबित कर दिया है कि शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और नेतृत्व के गुण लिंग पर निर्भर नहीं करते." उन्होंने आगे कहा कि आज, भारत की हर बेटी आपको देख रही है और उसे पूरा भरोसा है कि वह भी समुद्र पार कर सकती है और पूरी दुनिया को जीत सकती है.
यह भी पढ़ें- तटरक्षक बल के जवानों और परिवारों को बड़ी राहत, महिलाओं को समान अवसर देने की हुई नई पहल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं