- राजस्थान एसओजी ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया जो फर्जी मेडिकल डिग्रियां बनाकर डॉक्टर बनाता था
- गिरोह ने विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर भी फर्जी डिग्रियां ऑनलाइन अपलोड कर उनकी वैधता दिखवायी थी
- रामकिशोर महावर नामक व्यक्ति केवल 11वीं पास होकर फर्जी MBBS डिग्री से डॉक्टर बनकर अस्पताल में काम कर रहा था
राजस्थान एसओजी ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो फर्जी मेडिकल डिग्रियों के आधार पर लोगों को डॉक्टर बनाने का काम कर रहा था. जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों तक फैला हुआ था. गिरोह सिर्फ नकली डिग्रियां ही नहीं बनाता था बल्कि उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी दिखवाता था, जिससे उनकी सत्यता पर संदेह करना मुश्किल हो जाता था.
11वीं पास युवक बन गया MBBS डॉक्टर
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा रामकिशोर महावर को लेकर हुआ. एसओजी के अनुसार वह केवल 11वीं पास है, लेकिन फर्जी MBBS डिग्री के आधार पर खुद को डॉक्टर बताकर काम कर रहा था. उसने राजस्थान मेडिकल काउंसिल में भी रजिस्ट्रेशन करवा लिया था.
इतना ही नहीं, वह दिल्ली के एक अस्पताल में डॉक्टर बनकर काम कर रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि वह स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में अल्ट्रासाउंड कर रहा था और प्रतिदिन 15 से 20 सोनोग्राफी करने की जानकारी मिली है.

वेबसाइट पर अपलोड होती थीं फर्जी डिग्रियां
ADG विशाल बंसल ने बताया कि जांच के मुताबिक गिरोह का काम सिर्फ डिग्री तैयार करने तक सीमित नहीं था. फर्जी दस्तावेजों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करवाने की भी व्यवस्था की जाती थी. इस वजह से डिग्री की ऑनलाइन जांच में भी रिकॉर्ड सही दिखाई देता था. इसके बाद इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराया जाता था और लोगों को अस्पतालों में नौकरी दिलाई जाती थी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना भी पकड़ा गया
आईजी अजय पाल लांबा ने बताया कि मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मध्य प्रदेश के ग्वालियर से मनीष मांझी को पकड़ा गया है. वहीं लखनऊ से खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया गया, जिस पर विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर डिग्री से जुड़ी एंट्री कराने का आरोप है. एसओजी ने पश्चिम बंगाल के सत्यजीत पाणिग्रही को मुंबई से गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों के अनुसार वही इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक है और फर्जी डिग्रियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था संभालता था.

200 से 300 लोगों को दिलाई गईं फर्जी डिग्रियां
DIG भुवन भूषण ने बताया कि जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक 200 से 300 लोगों को फर्जी मेडिकल और अन्य डिग्रियां दिला चुका है. इसके बदले प्रत्येक व्यक्ति से 15 लाख रुपये या उससे अधिक की रकम वसूली गई. एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि जांच के दौरान कई कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के नाम भी सामने आए हैं. अब गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी डिग्रियों के आधार पर रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें | राजस्थान में 'मुन्नाभाई MBBS'... 8वीं पास बना फर्जी डॉक्टर, 100 बेड का अस्पताल खोला, खुद किए कई सारे ऑपरेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं