विज्ञापन

हम शर्मिंदा हैं... अजमेर में विदेशी महिला से बदसलूकी करने वाले आरोपियों का माफीनामा वाला वीडियो

राजस्थान के किशनगढ़ में इजरायली पर्यटक से अभद्र टिप्पणी का चार साल पुराना वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है.

अजमेर में इजराइली महिला से बत्तमीजी करने वाले युवकों ने माफी मांगी है.
  • अजमेर के किशनगढ़ में चार युवकों ने इजरायली पर्यटक के साथ अभद्र टिप्पणी की,अब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया
  • वायरल वीडियो करीब चार साल पुराना है, जिसमें पर्यटक गालिया कोवो किशनगढ़ के मार्बल यार्ड में घूम रही थीं
  • आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में एक इजरायली पर्यटक के साथ अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने सार्वजनिक रूप से सिर झुकाकर और हाथ जोड़कर माफी मांगी.

मार्बल यार्ड में बनाया गया था वीडियो

जानकारी के अनुसार यह वीडियो करीब चार साल पुराना बताया जा रहा है. इजरायल की पर्यटक गालिया कोवो उस समय किशनगढ़ के प्रसिद्ध मार्बल यार्ड क्षेत्र में घूमने गई थीं. यह इलाका अपने सफेद मार्बल के मलबे के कारण बर्फ जैसा दृश्य प्रस्तुत करता है और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है.

वीडियो में पर्यटक सेल्फी मोड में शूटिंग करती नजर आती हैं. इसी दौरान कुछ युवक उनके पीछे खड़े होकर टिप्पणी करते सुनाई देते हैं. महिला उन्हें वहां से जाने के लिए कहती है और कहती है कि वे उन्हें परेशान कर रहे हैं. इसी बीच एक युवक आपत्तिजनक टिप्पणी करता हुआ सुनाई देता है.

आरोपियों ने स्वीकार की अपनी गलती

पुलिस कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे सिर झुकाकर खड़े दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने गलत टिप्पणी की थी और अब उन्हें अपनी हरकत पर शर्मिंदगी है.

युवकों ने कहा, "हम चार साल पहले डंपिंग यार्ड घूमने गए थे. वहां एक विदेशी महिला वीडियो बना रही थी. हमने गलत कमेंट कर दिया था. हमें अपनी उस बात पर शर्मिंदगी है." इसके बाद उन्होंने हाथ जोड़ते हुए कहा, "हम माफी चाहते हैं. हमसे गलती हो गई. आगे से हम ऐसी कोई गलती नहीं करेंगे."

तकनीकी जांच से हुई पहचान

अजमेर पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद स्वतः संज्ञान लिया. तकनीकी संसाधनों की मदद से वीडियो में दिखाई देने वाले युवकों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फरूखां, मोहम्मद अनीस, फरहान और अख्तर अली के रूप में हुई है. सभी की उम्र 21 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है. पुलिस के अनुसार ये युवक किशनगढ़ के रहने वाले हैं और मार्बल कारोबार में एजेंट या बिचौलिये के रूप में काम करते हैं.

एसपी बोले, पर्यटकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता

अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पहले घटना स्थल की पुष्टि की गई. इसके बाद टीम बनाकर आरोपियों तक पहुंचा गया. उन्होंने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि घटना वर्ष 2022 के मानसून के दौरान हुई थी. उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी का वीडियो भी जारी किया है. एसपी ने कहा कि राजस्थान पुलिस और अजमेर पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.

पर्यटक ने भी जताया भारत के प्रति प्यार

कार्रवाई के बाद इजरायली पर्यटक गालिया कोवो ने भी एक वीडियो जारी कर अजमेर पुलिस और एसपी का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने यह वीडियो केवल पुरानी यादों के रूप में साझा किया था और उन्हें उस समय यह पता नहीं था कि पीछे खड़े युवक क्या कह रहे थे.

गालिया ने कहा कि उन्होंने भारत में करीब छह महीने अकेले यात्रा की और उन्हें कहीं कोई परेशानी नहीं हुई. उन्होंने कहा, "ये चार लोग भारत की पहचान नहीं हैं. भारत से मुझे हमेशा प्यार और समर्थन मिला है. मुझे भारत बहुत पसंद है और मैं यहां फिर जरूर लौटूंगी." 

यह भी पढ़ें- 'मैं भारत फिर आऊंगी'.. मनचले को पकड़ने के लिए इजरायल की यूट्यूबर ने राजस्थान पुलिस को कहा Thank You

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kishangarh News, Ajmer Police, Israeli Tourist
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com