- कल देश के 20 राज्यों में बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है
- दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिरा है और आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही हल्की बारिश के आसार भी हैं
- राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने से बारिश कम होगी और अक्टूबर में तापमान में मामूली वृद्धि होगी
Kal Ka Mausam 30 September 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ है. उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वी राज्यों में बारिश की हो रही है. तापमान भी कम हो गया है और लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 30 सितंबर 2026 तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 20 राज्यों केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है. इनमें से कुछ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. इसमें दिल्ली, यूपी से लेकर केरल और तमिलनाडु तक शामिल हैं. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-एनसीआर में बारिश, ठंड का हो रहा अहसास
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पिछले कुछ दिनों से चल रही तेज धूप और उमस के बाद अब लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवाओं का एहसास होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार कल भी दिल्ली में मौसम सुहावना बना रहेगा. तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहेगा. आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे और कुछ जगह हल्की बारिश भी हो सकती है.
राजस्थान में थमेगा बारिश का दौर
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने लगा है. अब राज्य में बारिश में कमी आएगी. लेकिन कल भी कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि कल पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है. अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. 1 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
यूपी के कई जिलों में बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है. वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से कई जिलों में बारिश हो रही है. कल भी कई जगहों पर बारिश के आसार हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल मौसम के शुष्क रहने की संभावना है.
बिहार में भी हल्की बारिश
मौसम विभाग ने बिहार में भी बारिश की संभावना जताई है. कल बिहार के कई जिलों में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 3 से 5 अक्टूबर के बीच यहां आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में बारिश
पूर्वी राज्यों में भी बारिश के आसार हैं.मौसम विभाग के अनुसार कल ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश होगी. इन राज्यों में अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है. बारिश का असर मध्य भारत तक जारी रहेगा. कल मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
- भारी बारिश: केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा.
- मध्यम बारिश: अरुणाचल प्रदेश
- हल्की/छिटपुट बारिश: उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश.
यह भी पढ़ें: क्या बारिश ने बोल दिया बाय-बाय? मॉनसून ले रहा वापसी, सैटेलाइट इमेज में दिख रहे छंटते हुए बादल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं