अजमेर शहर में पुलिस विभाग से जुड़ा एक अलग तरह का मामला सामने आया है जिसने पुलिस को हैरानी में डाल दिया है. वहां यातायात शाखा में तैनात एएसआई मदन सिंह का ड्यूटी के दौरान सरकारी वायरलेस हैंडसेट रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया. एएसआई ने वायरलेस हैंडसेट के गायब होने से ठीक पहले मुस्तैदी दिखाते हुए एक बाइक सवार को पीछा कर पकड़ा था. ड्यूटी के दौरान सरकारी हैंडसेट चोरी होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
व्याख्याता भर्ती परीक्षा में लगी थी ड्यूटी
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को आयोजित स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा के दौरान शहर में भारी यातायात दबाव था. परीक्षा को देखते हुए एएसआई मदन सिंह की ड्यूटी ट्रैफिक डायवर्जन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाई गई थी.
एएसआई सुभाष चंद ने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे उन्हें होटल केईएम के सामने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश मिले. इसी दौरान एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भाग निकला. एएसआई मदन सिंह ने उसका पीछा किया और अजमेर टावर के पास उसे रोककर नियमानुसार कार्रवाई की.
कार्रवाई पूरी करने के बाद जब उन्होंने अपना सरकारी वायरलेस हैंडसेट संभालना चाहा तो वह गायब मिला. आसपास काफी तलाश करने के बावजूद हैंडसेट का कोई सुराग नहीं लग सका.
सीसीटीवी से की जा रही जांच
सरकारी संचार उपकरण गायब होने की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद मामले को गंभीर मानते हुए कोतवाली थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हैंडसेट चोरी हुआ या ड्यूटी के दौरान कहीं गिर गया.फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें-: सिर्फ 5वीं पास, खुराफाती दिमाग से 20 साल का शौकीन बन गया करोड़पति; पुलिस ने गिरफ्तार किया तो खुली पोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं