विज्ञापन

NDTV Exclusive: 'राहुल गांधी छात्रों को डरा रहे, फैलाना चाहते हैं अराजकता', शिक्षा मंत्री का बड़ा आरोप

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को NEET पेपर लीक मामले में सरकार पर निशाना साधने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला. उन्होंने राहुल पर 'छात्रों की तैयारी में बाधा डालने' और 'अराजकता फैलाने' की कोशिश करने का आरोप लगाया.

राहुल गांधी की कोशिश थी NEET परीक्षा सफल न हो: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
नई दिल्‍ली:

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़े आरोप लगाए हैं. एनडीटीवी को दिये एक्‍सक्‍लूसिव इंटरव्‍यू में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी की कोशिश थी कि 21 जून की नीट परीक्षा (NEET Exam) सफल न हो. उन्होंने राहुल पर 'छात्रों की तैयारी में बाधा डालने' और 'अराजकता फैलाने' की कोशिश करने का आरोप लगाया. यह राजनीतिक विषय नहीं है, कांग्रेस को यह समझना चाहिए. परीक्षा ठीक से हो, फोकस इसी पर होना चाहिए. साथ ही शिक्षा मंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस के पास कोई अच्‍छे सुझाव हैं, तो वह उन पर भी विचार करने के लिए तैयार हैं. 

राहुल गांधी ने सारी हदें तोड़ दीं

धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी के 21 जून की परीक्षा से पहले राजस्‍थान के कोटा जाकर छात्रों से बातचीत करने पर सवाल उठाते हुए कहा, 'राहुल गांधी के रवैये से मैं दुखी हूं. सत्ता की आलोचना करना विपक्षी दायित्व है. इससे हमें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन सबकी मर्यादा है, दायित्व है. राहुल गांधी ने सारी हदें तोड़ दीं. राहुल गांधी 21 जून को हुई परीक्षा से पहले कोटा जाते हैं. बच्चों के मन में भय पैदा करते हैं. राहुल गांधी की कोशिश थी कि 21 जून की परीक्षा नाकाम हो जाए. नागपुर के एक बच्चे ने अपने लॉगिन से परीक्षा केंद्र अबू धाबी करने को कहा. एनटीए ने खुद ही संपर्क किया और नागपुर कर दिया.'

अबू धाबी वाले विवाद में अब राहुल गांधी मुंह छुपाए घूम रहे

अबू धाबी परीक्षा केंद्र विवाद पर छात्र के पिताजी का बयान के तुरंत बाद राहुल गांधी का बयान आ गया. जब एनटीए ने तथ्य बताए, तब से राहुल गांधी मुंह छुपाए घूम रहे हैं. इसके बाद से कुछ नहीं बोला. राहुल को देश को बताना होगा कि जो बच्चों को डराने का उनका लंबा ट्वीट आया था, उस ट्वीट के जब तथ्य सामने आ गए तो वह क्‍या कहेंगे? राहुल गांधी का बयान बच्चों को डराने वाला, व्यवस्था को तोड़ने वाला, उकसाने वाला बयान था, जिससे बाकी बच्चे मानसिक तनाव में आ जाएं. परीक्षा के दिन उन्हीं के शासन वाले राज्य में जहां प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सीएम थे, वे बेहूदा तर्क दे रहे थे कि बच्चे पहले क्यों नहीं गए. हमारी रैली होना तय था. राहुल गांधी की इस पर कोई टिप्पणी क्‍यों नहीं आई? 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे, ताकि बच्चों को परेशानी न हो. राहुल गांधी को देश के सामने इसका जवाब देना होगा. क्या आप देश में अव्‍यवस्‍था फैलाना चाहते हो? अराजकता फैलाना चाहते हो? राहुल के मन में हीन भावना है. वह गाली-गलौज करते हैं.

कुछ छात्र जानबूझ कर देरी से पहुंचे!

21 जून को हुई नीट परीक्षा के लिए कुछ छात्र देरी से पहुंचे, जिन्‍हें परीक्षा केंद्र में नहीं जाने दिया गया. कई लोगों का कहना है कि कुछ मिनट की देरी के लिए इतनी सख्‍ती नहीं की जानी चाहिए थी. इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा, 'देखिए, बच्चों का परीक्षा केंद्रों में 10 बजे से पहुंचना शुरू हो गया था. हर जगह का एक अनुशासन होता है. डेढ़ बजे तक एग्‍जाम सेंटर्स तक पहुंचना जरूरी था. लाखों छात्र समय पर पहुंचे भी, सभी बच्चों को समय पर आ जाना चाहिए था. हालांकि, ऐसा नहीं हुआ. इसलिए कुछ छात्रों को परीक्षा केंद्रों में नहीं जाने दिया गया, इससे मुझे भी तकलीफ हुई. कई जगह ये जानबूझ कर किया गया.'

ये भी पढ़ें :- 'रक्षक शिक्षक ही भक्षक बन गए': NEET पेपर लीक पर NDTV से बोले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

बच्‍चों को मेंटल टॉर्चर करना चाहते हैं कांग्रेस नेता
 

कांग्रेस को नसीहत देते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'यह राजनीतिक विषय नहीं है, कांग्रेस को यह समझना चाहिए. परीक्षा ठीक से हो, बच्चे अच्छे से दें, फोकस इसी पर होना चाहिए. परीक्षा को कैसे और बेहतर किया जाए, कांग्रेस के पास इसे लेकर अच्छे सुझाव नहीं हैं. अगर वे देंगे तो मैं विचार करने के लिए तैयार हूं. हालांकि, वे सिर्फ बच्चों को मेंटल टॉर्चर देना चाहते हैं. मैंने कांग्रेस के कुछ नेताओं को इंटरव्यू देखे, जो कह रहे थे- दो-तीन दिन रुक जाओ. यानी वे चाहते थे कि परीक्षा में कुछ गड़बड़ी हो जाए. वे इसकी ताक में थे.'

ये भी पढ़ें :- NDTV Exclusive: नीट पेपर लीक के आरोपियों की संपत्ति होगी जब्त, शिक्षा मंत्री बोले- डर पैदा होना जरूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Paper Leak, Rahul Gandhi, Dharmendra Pradhan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com