विज्ञापन

सपा संग सीटों की डील से पहले राहुल गांधी ने ली नेताओं की मीटिंग, बोले- हितों से समझौता नहीं होगा

समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग वार्ता शुरू होने से पहले कांग्रेस ने अपनी आंतरिक रणनीति तय कर ली है. राहुल गांधी ने साफ कहा कि पार्टी हितों से समझौता नहीं होगा और नेताओं को जीतने योग्य सीटों पर फोकस करने को कहा है. सीट बंटवारे की बातचीत के लिए प्रदेश नेतृत्व को फ्री हैंड दिया गया है.

सपा संग सीटों की डील से पहले राहुल गांधी ने ली नेताओं की मीटिंग, बोले- हितों से समझौता नहीं होगा
@kcvenugopalmp/X

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि पार्टी हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने नेताओं को सीटों की संख्या के बजाय जीतने योग्य सीटों पर फोकस करने की सलाह दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर यूपी कांग्रेस नेताओं की पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, यानी खुद मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बैठक हुई. यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा शुरू होने से पहले कांग्रेस ने अपनी आंतरिक रणनीति तैयार की है.

बातचीत के लिए फ्री हैंड

खरगे के आवास पर हुई इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने प्रदेश नेताओं को जीतने की क्षमता वाले उम्मीदवारों और सीटों पर ध्यान देने का निर्देश दिया. सपा के साथ सीट शेयरिंग को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और प्रदेश नेताओं को बातचीत के लिए फ्री हैंड दिया गया है.

बैठक में चुनावी प्रचार पर भी चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने प्रदेश नेताओं से कहा कि वे पहले समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग पर बातचीत करें. जरूरत पड़ने पर बाद में केंद्रीय नेतृत्व हस्तक्षेप करेगा.

प्रियंका गांधी ने क्या कहा?

प्रियंका गांधी ने भी संगठन को मजबूती के साथ चुनाव प्रचार में जुटने का संदेश दिया. बैठक में एक कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन भी किया गया. इस समिति में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद शामिल होंगे.

जानकारों के अनुसार, यही समिति समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत की निगरानी करेगी. हालांकि, शुरुआती स्तर पर प्रदेश नेताओं को सपा नेताओं से बातचीत करने और उसकी रिपोर्ट प्रियंका गांधी को सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है. 

राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद सपा नेताओं के साथ होने वाली चर्चाओं की जानकारी प्रियंका गांधी को देंगे. अगर बातचीत किसी मोड़ पर अटकती है, तो प्रियंका गांधी सीधे सपा नेतृत्व से बात कर सकती हैं. बैठक में इस रणनीति पर सहमति बनी है.

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि दिसंबर में एक बड़ी रैली की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने विशाल जनसभा आयोजित करने का फैसला किया है.

सीट शेयरिंग बैठक को लेकर असमंजस

हालांकि कांग्रेस कल प्रस्तावित सीट शेयरिंग बैठक को लेकर सहमति जता रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक स्पष्ट मंजूरी नहीं मिली है. सूत्रों के मुताबिक, बैठक दिल्ली में होनी है, लेकिन उसका स्थान अभी तय नहीं हुआ है.

यूपी चुनाव को देखते हुए राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन कब अंतिम रूप लेगा और दोनों दल कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. माना जा रहा है कि कल की बैठक शुरुआती दौर की बातचीत होगी और आने वाले समय में इस तरह की कई बैठकें हो सकती हैं.

181 सीटों पर कांग्रेस का दावा

सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू होने से पहले कांग्रेस की 181 सीटों की सूची सामने आई है. बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने सपा की कुछ मौजूदा सीटों पर भी दावा जताया है.

181 सीटों की इस सूची को कांग्रेस ने तीन श्रेणियों में बांटा है. पार्टी ने सामान्य (जनरल), अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) आरक्षित सीटों के आधार पर अपनी मांग और दावेदारी तय की है.

यह भी पढ़ें: यमुना पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- प्रदूषण बढ़ा तो राज्यों-जिलों पर लगेगा जुर्माना, अधिकारियों से भी होगी वसूली

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Congress, Samajwadi Party, UP Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com