समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है.उन्होंने कहा है कि विधानसभा चुनाव में शीट शेयरिंग को लेकर इंडिया गठबंधन में अभी कोई बात नहीं हुई है. उनका कहना था कि किसी भी सीट पर जिस पार्टी का उम्मीदवार सबसे बेहतर होगा, उसे चुनाव लड़ाया जाएगा. इसके अलावा उन्होंने मथुरा में हो रहे बीजेपी के चिंतन बैठक पर कहा कि इसमें बीजेपी नेताओं को यमुना में स्नान और आचमन कर बैठक में शामिल होना चाहिए, इसका परिणाम शुभ होगा.
सीट शेयरिंग पर क्या बोले सपा प्रमुख
दिल्ली में मीडिया कर्मियों ने जब अखिलेश यादव से विधानसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग को लेकर सवाल किया था. इस पर उन्होंने कहा,''अभी सीटों के बंटवारे पर कोई बातचीत नहीं हुई है. इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा. एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों का बंटवारा किया जाएगा.'' उन्होंने कहा कि हम सीट एडजेस्ट भी करेंगे और हम लोग एक-दूसरे का सम्मान करेंगे. तय तो यह होना है कि एक सीट पर एक उम्मीदवार उनका होगा और एक मेरा होगा, इनमें से जो सबसे बेहतर प्रत्याशी होगा, उसे लड़ाया जाएगा.
मथुरा में सोमवार से शुरू हुए बीजेपी की चिंतन बैठक पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा,''मैं मथुरा-वृंदावन गए सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे यमुना में पवित्र जल से स्नान और आचमन जरूर करें, ताकि उनका कार्यक्रम अच्छा रहे. अगर उनकी तबीयत खराब हो जाए तो कहीं से किसी अच्छे डॉक्टर को बुला लें."
यूपी चुनाव में इंडिया गठबंधन
इससे पहले अखिलेश यादव ने शनिवार को दिल्ली में एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में कहा था कि कांग्रेस ने उन्हें 180 सीटों से अधिक की सूची दी है. लेकिन अभी कोई फैसला नहीं हुआ है. उनसे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी कहा था कि हमने कांग्रेस को करीब 175 सीटों की सूची सौंपी है. हालांकि दोनों दलों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सीट बंटवारे को लेकर जारी नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें: सपा के विधायक वाली सीटों पर भी कांग्रेस ने ठोका दावा, 180 सीटों की लिस्ट में क्या-क्या डिमांड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं