विज्ञापन

आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगने के बाद पंजाब के मंत्री लालजीत भुल्लर ने इस्तीफा दिया

CM मान ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भुल्लर के परिवहन एवं जेल विभाग किसी अन्य मंत्री को सौंपे जाएंगे.

आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगने के बाद पंजाब के मंत्री लालजीत भुल्लर ने इस्तीफा दिया
  • पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर आरोपों की जांच की मांग की है.
  • भगवंत मान ने मंत्री भुल्लर से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इस्तीफा मांगा था और जांच का आदेश दिया.
  • अमृतसर के अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के बाद भुल्लर पर भ्रष्टाचार और दबाव डालने के आरोप लगे हैं.

पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. CM भगवंत मान ने अमृतसर में राज्य भंडारण निगम के एक अधिकारी की आत्महत्या के बाद भुल्लर से पद छोड़ने को कहा था. तरनतारन के पट्टी से विधायक भुल्लर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया है.

मान ने मुख्य सचिव को इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मंत्री से पद छोड़ने को कहा गया. मान ने भुल्लर के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘इसके पीछे क्या कारण हैं? यह जांच का विषय है. जांच कराने से पहले हमने अपने मंत्री से इस्तीफा ले लिया ताकि कोई जांच को प्रभावित न कर सके और न ही कोई दबाव डाल सके.''

मान ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भुल्लर के परिवहन एवं जेल विभाग किसी अन्य मंत्री को सौंपे जाएंगे. शनिवार को सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो सामने आया था जिसमें प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा को यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है. रंधावा ने वीडियो में परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का नाम लिया था. रंधावा के पास पट्टी का अतिरिक्त प्रभार भी था.

भुल्लर ने फेसबुक पर एक ‘पोस्ट' में कहा कि उनकी पार्टी हमेशा सच के साथ खड़ी रहती है इसलिए वह चाहते हैं कि उनके खिलाफ लगे आरोपों की ठीक से जांच हो. उन्होंने कहा, ‘‘जब तक यह जांच पूरी नहीं हो जाती... मैं पार्टी और अपने मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि मंत्री पद से मेरा इस्तीफा स्वीकार करें. मैं अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेज रहा हूं ताकि इस मामले की ठीक से जांच हो सके.''

इससे पहले, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आरोप लगाया कि रंधावा ने सल्फास खाकर आत्महत्या की. मजीठिया ने यह भी आरोप लगाया कि रंधावा ने आत्महत्या करने से पहले भुल्लर का नाम लिया था और उन्हें 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने की बात कबूल करने के लिए मजबूर किया गया था.

अकाली नेता ने आरोप लगाया कि रंधावा पर भुल्लर के एक सहयोगी को ठेका देने का दबाव बनाया गया लेकिन उन्होंने इसके बजाय वैध रूप से बोली जीतने वाले को चुना. शिअद के नेता ने आरोप लगाया कि रंधावा को भुल्लर के पास बुलाया गया, उनके साथ मारपीट की गई और उनका वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की गई.

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भुल्लर के खिलाफ लगे आरोपों को गंभीर बताया. बाजवा ने कहा, ‘‘‘मैं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से आग्रह करता हूं कि वह स्वतः संज्ञान लें और न्याय सुनिश्चित करें.''

ये भी पढ़ें :  कंगाल पाक और जंग में जलता ईरान-इजरायल भारत से ज्यादा खुश, वर्ल्ड हैप्पीनेस इंडेक्स या ग्लोबल छलावा, जानिए इस सर्वे का गणित

लेखक के बारे में
img
भाषा
Agency
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Laljit Singh Bhullar, Punjab News, Suicide Case, Punjab Minister Suicide Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com