"दो भाई फिर से मिले हैं आपस में! पंजाब की जनता ने कांग्रेस की सरकार भी देखी है, 'आप' की सरकार भी देखी है. मुझे लगता है कि अब एक बार इस अलायंस के कारण पंजाब की प्रगति और विकास के लिए जनता इसको आशीर्वाद निश्चित तौर पर देगी", कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पंजाब के तरनतारन ज़िले में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान ये बात कही.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा - बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच का गठजोड़ एक नेचुरल गठबंधन है, जो पंजाब के लिए बेहद जरूरी है.
कृषि मंत्री ने पंजाब सरकार द्वारा राज्य में अभी तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं करने पर दुःख जताया. कृषि मंत्री ने कहा कि बाढ़ के समय भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे लागू करने का आग्रह किया था ताकि प्राकृतिक आपदा में किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके, लेकिन इसपर राज्य सरकार ने कोई कार्यवाही नहीं की.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "बड़े बादल साहब आज मुझे याद आ रहे हैं. जब वो पंजाब के मुख्यमंत्री थे, मैं मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री था...और अटल जी और आडवाणी जी के साथ उनके जो रिश्ते थे, अकाली दल के रिश्ते थे, उन्होंने पंजाब में भाईचारे को बहुत मज़बूत किया. यह हिंदू-सिख एकता के लिए, पंजाब की प्रगति के लिए, विकास के लिए, सबके लिए बहुत ज़रूरी कदम था. मुझे लगता है कि पंजाब अब विकास के नए आयाम छुएगा".
बुधवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के तरनतारन जिले के गांव ग्राम 'बूह हवेलियां' में आयोजित 'किसान चौपाल' में किसानों के साथ पराली और दूसरे मसलों पर लम्बा संवाद किया.
बूह हवेलियां गांव और आसपास के इलाके के किसानों ने पिछले छह सालों से पराली न जलाने और हैप्पी सीडर व डायरेक्ट सीडिंग अपनाया है, जिसके अच्छे नतीजे सामने आये हैं. कृषि मंत्री ने बूह हवेलियां गांव के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि इस गांव ने पूरे देश को 'खेत बचाओ अभियान' की नई दिशा दिखाई है.
संवाद के दौरान किसानों ने पराली प्रबंधन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतें और बेलर मशीनों की सब्सिडी से जुड़ा मुद्दा भी उठा. कृषि मंत्री ने किसानों को इन अड़चनों को दूर करने के लिए उन्हें दिल्ली बुलाकर विस्तार से चर्चा करने का आश्वासन दिया.
कृषि मंत्रालय के मुताबिक, "सब्सिडी पर मिलने वाली मशीनों की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भारत सरकार सीआरएम (फसल अवशेष प्रबंधन) के लिए इस वर्ष भी लगभग 286 करोड़ रुपये जैसी बड़ी राशि राज्य सरकार को दे रही है. केंद्र सरकार पैसा देती है, मशीनें खरीदने और गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य शासन की है. राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता की मशीनें मिलें और खराब होने पर उनकी मरम्मत की पुख्ता व्यवस्था हो".
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि धान और गेहूं की एमएसपी पर पूरी खरीद केंद्र सरकार करती रही है. इसके अलावा दलहन (तुअर, मसूर, उड़द) की 100 प्रतिशत खरीद और कपास की एमएसपी पर खरीद मोदी सरकार की गारंटी है. पिछली यूपीए सरकारों की तुलना में मोदी सरकार ने कई गुना अधिक खरीद की है और यह आगे भी निरंतर जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें | 'नौ-मास दा रिश्ता' फिर हुआ मजबूत, 6 साल बाद साथ आए अकाली-भाजपा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं