शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल ने वर्षों तक अपनी पार्टी और भाजपा के रिश्ते को ‘‘नौ-मास दा रिश्ता'' (नाखून और मांस के बीच का संबंध) बताया था. उन्होंने इस गठबंधन को पंजाब में सांप्रदायिक सद्भाव की गारंटी के रूप में पेश किया था. इस साझेदारी के तहत दोनों दलों ने 15 वर्षों तक (तीन लगातार पांच-पांच वर्षीय कार्यकालों में) पंजाब पर शासन किया, लेकिन सितंबर 2020 में यह रिश्ता तब टूट गया, जब शिअद ने केंद्र के तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ लिया. बाद में इन कानूनों को रद्द कर दिया गया था.
मंगलवार को, जब दोनों दलों ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन को फिर से बहाल करने की घोषणा की, तो शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने यहां भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस रिश्ते के बारे में अपने दिवंगत पिता द्वारा कही गई बातों का उल्लेख किया.
शाह ने राजग के ‘‘सबसे पुराने सहयोगी'' की वापसी का स्वागत किया, जबकि नवीन ने इस साझेदारी को एक ‘‘स्वाभाविक गठबंधन'' बताया.
गुरु नानक देव की जयंती के अवसर पर की गई यह घोषणा दोनों पक्षों के बीच महीनों तक चली बातचीत का नतीजा है. अलग होने के बाद से पंजाब में इन दोनों दलों को लगातार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है.
यह जुड़ाव 1980 में भाजपा के गठन से भी पहले का है. इसके पूर्ववर्ती संगठन भारतीय जनसंघ ने पंजाब के पुनर्गठन के बाद 1967 और 1969 में अकाली दल के साथ मिलकर गठबंधन सरकारें बनाई थीं. यह साझेदारी अपने आधुनिक स्वरूप में 1996 में सामने आई, जब शिअद ने अपने ‘मोगा घोषणापत्र' के जरिए ‘‘पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत'' के विचार को अपनाकर अपने पारंपरिक पंथिक जनाधार से परे पहुंच बढ़ाने की कोशिश की.
पंजाब में आतंकवाद के दौर के बाद बना यह गठबंधन अकाली दल के मुख्य रूप से ग्रामीण सिख समर्थकों और भाजपा के बड़े पैमाने पर शहरी हिंदू मतदाता आधार को एक साथ लेकर आया. सीट-बंटवारे की पुरानी व्यवस्था के तहत शिअद ने 117 विधानसभा सीटों में से 94 पर चुनाव लड़ा, जबकि 23 सीटें भाजपा के लिए छोड़ीं. लोकसभा चुनाव में यह संख्या क्रमशः 10 और तीन थी. 1997 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन ने 93 सीटें जीतीं, जिनमें शिअद को 75 और भाजपा को 18 सीटें मिलीं.
वर्ष 2002 में कांग्रेस के हाथों सत्ता गंवाने के बाद यह गठबंधन 2007 में 68 सीटों के साथ फिर सत्ता में लौटा और 2012 में भी इतनी ही सीटें जीतकर सरकार बरकरार रखी. इसने पंजाब में सत्ताविरोधी लहर के लंबे चलन को तोड़ा. हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) के उदय तथा बेअदबी की घटनाओं और नशीले पदार्थों की समस्या को लेकर जनता के गुस्से के कारण 2017 में शिअद की सीटें घटकर 15 और भाजपा की तीन रह गईं.
तीन साल बाद केंद्र के कृषि सुधार उपायों के खिलाफ किसानों के आंदोलन ने दोनों दलों के बीच मतभेदों को चरम पर पहुंचा दिया. 17 सितंबर 2020 को हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. इसके नौ दिन बाद शिअद ने भाजपा के साथ अपनी 24 साल पुरानी चुनावी साझेदारी तोड़ दी.
सुखबीर बादल ने रिश्तों में आई गिरावट के लिए संसद में भाजपा की बढ़ती संख्या को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि वह अहम नीतिगत फैसलों के मामले में अपने सहयोगियों को भरोसे में नहीं लेती. बाद के वर्षों में अकाली दल ने भाजपा पर सिखों के धार्मिक मामलों में दखल देने का आरोप लगाया, जबकि शिअद के कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल हो गए.
इस बीच भाजपा ने ‘जूनियर पार्टनर' वाली अपनी छवि बदलने की कोशिश की. पार्टी नेताओं का तर्क था कि इस गठबंधन की वजह से ग्रामीण पंजाब में संगठन का विस्तार सीमित हो गया था. नवंबर 2021 में कृषि कानूनों को रद्द किए जाने से सुलह की राह तुरंत तो नहीं खुली, लेकिन चुनावी मजबूरियों के चलते एक समय के बाद ऐसा होना अपरिहार्य हो गया.
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाला शिअद केवल तीन सीटें जीत पाया और उसका मत प्रतिशत 2017 के 25.24 प्रतिशत से घटकर 18.38 प्रतिशत रह गया. अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले शिअद (संयुक्त) के साथ गठबंधन करने वाली भाजपा दो सीटें जीत पाई. वहीं, आप ने पंजाब में शानदार जीत हासिल की और 92 सीटें जीतीं.
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले गठबंधन बहाल करने के प्रयास किसानों के नए सिरे से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच विफल रहे. 2019 में शिअद और भाजपा ने दो-दो लोकसभा सीटें जीती थीं और उन्हें कुल मिलाकर 37.08 प्रतिशत वोट मिले थे. पांच साल बाद भाजपा का मत प्रतिशत 9.63 प्रतिशत से बढ़कर 18.56 प्रतिशत हो गया, क्योंकि उसने सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि शिअद का मत प्रतिशत 27.45 प्रतिशत से घटकर 13.42 प्रतिशत रह गया.
भाजपा को कोई सीट नहीं मिली, जबकि शिअद ने बठिंडा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा.
हालांकि, दोनों दलों का संयुक्त मत प्रतिशत लगभग 32 प्रतिशत था, जो कांग्रेस और आप दोनों के मत प्रतिशत से अधिक था. इससे गठबंधन बहाल करने के समर्थकों को मजबूती मिली. इस साल संकेत और अधिक स्पष्ट हो गए.
सात अगस्त को सुखबीर बादल ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की, जिससे दोनों के फिर से एक साथ आने की अटकलें तेज हो गईं. हरसिमरत कौर बादल ने सार्वजनिक रूप से इस गठबंधन के दौरान हुए विकास कार्यों का जिक्र किया. उनके भाई और शिअद के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी फिर से साथ आने की वकालत की.
अक्टूबर में शाह ने कहा था कि 2027 में पंजाब में राजग की सरकार बनेगी. एक नवंबर को चंडीगढ़ में भी उन्होंने अपनी इस बात को दोहराया. बादल ने दो नवंबर को गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर कहा था, ‘‘कुछ ही दिनों में आपको पता चल जाएगा कि क्या होने वाला है.'' भाजपा ने जहां पिछले छह वर्षों में पंजाब में अपनी संगठनात्मक पहुंच बढ़ाने की कोशिश की है, वहीं शिअद अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष कर रहा है.
यह भी पढ़ें | पंजाब में 'बड़े भाई' के साथ ऐसे होगा सीट बंटवारा... BJP-अकाली दल में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं