विज्ञापन

साथ आने से कितनी बनेगी बात? अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर हर सवाल का जवाब, कौन क्या बोला

अकाली दल पंजाब में सिख वोटों की नुमाइंदगी करता रहा है, जिसकी आबादी 58 फीसदी है. भाजपा हिंदू वोटरों की पार्टी के तौर पर पहचान रखती है, जिसका वोट 38 फीसदी है

साथ आने से कितनी बनेगी बात? अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर हर सवाल का जवाब, कौन क्या बोला
  • अकाली दल और भाजपा ने विवाद के बाद फिर से गठबंधन कर पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे की मिसाल पेश की है
  • दोनों दलों के लिए यह गठबंधन चुनावी रणनीति के तहत सिख और हिंदू वोट बैंक को संयुक्त करना आवश्यक है
  • भाजपा को जट सिख बहुल इलाकों में फायदा मिलेगा जबकि अकाली दल को शहरी हिंदू वोटरों का समर्थन मिलने की उम्मीद है
नई दिल्ली:

कभी एनडीए का हिस्सा रहे अकाली दल ने तीन कृषि विधेयकों पर विवाद के बीच गठबंधन छोड़ दिया था. अब फिर से पुराना दौर लौटता दिख रहा है और भाजपा के साथ अकाली दल ने अलायंस कर लिया है. होम मिनिस्टर अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में इस गठजोड़ का ऐलान किया गया. दोनों दलों ने इसे नेचुरल अलायंस बताया और हिंदू सिख भाईचारे की मिसाल भी करार दिया. लंबे समय तक दोनों तक साथ रहे दोनों दलों के लिए यह गठबंधन चुनावी जरूरत और मजबूरी दोनों था. इसी को समझते हुए अब दोनों साथ आ गए हैं. यह गठबंधन दोनों के लिए कई मायनों में अहम है, आइए समझते हैं क्यों...

क्यों कर रहे हैं गठबंधन?

अकाली दल पंजाब में सिख वोटों की नुमाइंदगी करता रहा है, जिसकी आबादी 58 फीसदी है. भाजपा हिंदू वोटरों की पार्टी के तौर पर पहचान रखती है, जिसका वोट 38 फीसदी है. ऐसे में किसी भी एक वोट बैंक के सहारे सत्ता की वैतरणी पार नहीं हो सकती. इस स्थिति में दोनों ही दलों के लिए गठजोड़ जरूरी है और वे पहले साथ आकर सफल भी रहे हैं. 2022 का चुनाव दोनों अलग होकर लड़े थे. इसमें दोनों को ही नुकसान हुआ था. भाजपा को वोट प्रतिशत का मामूली फायदा हुआ था क्योंकि सीटें ज्यादा लड़ी थी, लेकिन जीत तीन पर ही मिल पाई थी. वहीं अकाली दल को 18 फीसदी ही वोट मिले, जबकि 2017 में उसका वोट 25 प्रतिशत था. ऐसे में दोनों का साथ आना उनकी जरूरत है. 

किसको फायदा, बीजेपी या अकाली?

फायदे की बात करें कि इससे ज्यादा फायदा किसे है तो इसके जवाब में किसी एक दल का नाम नहीं लिया जा सकता. भाजपा को फायदा है कि उसे जट सिख बहुल सीटों पर फायदा होगा. वहीं अकाली दल को शहरी हिंदू वोटरों के समर्थन की उम्मीद होगी. जैसे बीते चुनाव में अकाली दल ने प्रासंगिकता खोई थी, उस स्थिति में गठबंधन उसके लिए फायदे का सौदा है. वहीं भाजपा के लिए तो एकदम विन विन सिचुएशन है. भाजपा को 39 सीटें मिलने के कयास हैं. पिछली बार यानी 2017 में भाजपा ने 23 पर चुनाव लड़ा था. अब यदि भाजपा को ज्यादा सीटें मिलती हैं तो साफ है कि उसका कद बढ़ गया है. इसके अलावा गठबंधन के बाद स्ट्राइक रेट भी बढ़ने की संभावना होगी.

क्या बोले पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा

भाजपा की ओर से इस गठबंधन को नेचुरल अलायंस और हिंदू-सिख भाईचारा बताया गया है. खुद पीएम मोदी ने इसे लेकर एक्स पर लिखा कि हमें अकाली दल की वापसी से खुशी है. पंजाब और पंजाबियों का हित हमारे लिए सर्वोपरि है. उन्होंने कहा कि इससे पंजाब को जनहितैषी शासन मिलेगा. ऐसी ही बात अमित शाह ने भी कही. उनका कहना था कि दोनों दल सारी सीटें मिलकर लड़ेंगे. इसके अलावा उन्होंने सीएम फेस को लेकर भी खुलकर बात की और कहा कि बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होता है.

सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन पर क्या कहा

अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने भी इस गठबंधन को पुरानी दोस्ती बताया. उन्होंने कहा कि अकाली दल 106 साल पुराना है और हमारा भाजपा के साथ लंबा साथ था. हम अलग हुए, लेकिन फिर से साथ आ रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ बादल परिवार के रिश्तों का भी जिक्र किया. उनका कहना था कि पिता प्रकाश सिंह बादल के निधन पर पीएम मोदी का जो संदेश आया था, वह भावुक करने वाला था.

अरविंद केजरीवाल ने इस दोस्ती पर क्या कहा

इस गठबंधन पर आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल का भी रिएक्शन आया है. उन्होंने कहा कि देखिए, हम लोगों का अलायंस तो पंजाब की मावां-धीयां के साथ है. हम लोगों का अलायंस पंजाब के एससी समाज के साथ है. हम लोगों का अलायंस पंजाब के किसानों के साथ है. हम लोगों का अलायंस पंजाब के व्यापारियों के साथ है. ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं, कभी अलग हो जाते हैं, कभी एक साथ आ जाते हैं. हम लोग पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं और पूरा पंजाब देख रहा है कि किस तरह से पिछले 5 साल में भगवंत मान साहब ने मेहनत करके पंजाब को फिर से जो उन्होंने बर्बाद किया पंजाब पिछले 70-75 साल में उसको ठीक करने की कोशिश की है.

कांग्रेस ने बधाई में भी कस दिया तंज

कांग्रेस ने इस गठबंधन को लेकर तंज कस दिया है. सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, 'बीजेपी के साथ गठबंधन करने पर सुखबीर सिंह बादल को बधाई. पंजाब से गैंगस्टरिज़्म (अपराधी गिरोहों के आतंक) को खत्म करने का उनका वादा निश्चित रूप से एक बड़ा लक्ष्य है और इसका स्वागत किया जाना चाहिए. अब एक छोटा सा सुझाव है. अपने नए गठबंधन सहयोगियों से कहें कि वे सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि बीजेपी शासित राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टर, मोबाइल फोन का बेरोकटोक इस्तेमाल न कर सकें और वहां से पंजाब में अपना धंधा न चला सकें. आखिरकार, जब तक पंजाब में चल रहे अपराधों का 'रिमोट कंट्रोल' कहीं और से काम कर रहा होगा, तब तक पंजाब से गैंगस्टरिज़्म को खत्म नहीं किया जा सकता! यह बस एक सुझाव है, ताकि इस गठबंधन की शुरुआत सही ढंग से हो सके.

क्या केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव होगा

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा. पीएम मोदी की सरकार में पहले भी हरसिमरत कौर बादल मंत्री रह चुकी हैं. संभावना है कि पंजाब में एक संदेश देने के लिए कैबिनेट में फेरबदल किया जाए. इसमें यूपी से लेकर पंजाब तक के नेताओं को जगह मिल सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि इन राज्यों में चुनाव है. किसी सिख चेहरे को जगह देकर भाजपा एक बैलेंस बनाना चाहेगी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akali Dal, Akali Dal And BJP, Akali Dal And BJP Alliance, Punjab News, Punjab News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com