विज्ञापन

पंजाब के एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या, मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर मारी गोलियां

Parvinder Jhota: पंजाब में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना मानसा शहर की है, जहां मेडिकल स्टोर संचालक ने उन्हें गोलियां मारी हैं.

पंजाब के एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या
  • पंजाब में मंगलवार सुबह एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या कर दी गई.
  • मानसा में एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने उन पर बहस के बाद गोलियां चला दी.
  • गोलियां लगने से वह बुरी तरह से घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी भी घायल है.
मानसा:

पंजाब के मानसा में मंगलवार सुबह एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या कर दी गई. एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. जिससे इलाके में तनाव फैल गया. इस घटना में झोटा का एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब झोटा ने एक ग्राहक को नशीले पदार्थ बेचने के आरोप में मेडिकल स्टोर के मालिक से सवाल-जवाब किया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद दुकानदार ने कथित तौर पर झोटा पर गोली चला दी. आरोपी गोलीबारी के बाद मेडिकल स्टोर बंद करके मौके से भाग गया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान मामले की जानकारी मिलते ही झोटा के समर्थक उनके घर पर जुटने लगे.

फेसबुक लाइव पर कैद हुई बहस

परविंदर झोटा और मेडिकल संचालक के बीच सोशल मीडिया पर बहस का एक वीडियो सामने आया है. बताया जा रहा है कि झोटा फेसबुक पर लाइव थे, जब वे मेडिकल स्टोर में घुसे और मालिक से एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीले पदार्थ बेचने के बारे में सवाल किया. वीडियो में परविंदर झोटा दुकानदार से CCTV फुटेज दिखाने के लिए कहते और वहां मौजूद लोगों से DSP से संपर्क करने की बात कहते नजर आ रहे हैं. दोनों के बीच करीब चार मिनट तक बहस चली. इसके बाद मोबाइल फोन जमीन पर गिर गया और लाइव रिकॉर्डिंग बंद हो गई. इसी दौरान मेडिकल संचालक ने उन्हें गोली मार दी. 

पंजाब में नशे के खिलाफ चला रहे थे अभियान 

परविंदर झोटा लंबे समय से पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चला रहे थे. वह मानसा और आसपास के इलाकों में सक्रिय थे और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के साथ-साथ मेडिकल स्टोरों के माध्यम से होने वाले नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. उनकी इस सक्रियता की वजह से उन्हें एक अलग पहचान मिली थी.  वह सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों में पहचान बन रहे थे. झोटा 2023 में उस वक्त चर्चा में आए थे. जब 2023 में एक मेडिकल स्टोर मालिक से उनका विवाद हुआ था. जिसके बाद उन पर मुकदमा दायर हुआ था. उन्हें 15 जुलाई 2023 को मारपीट बिना इजाज़त कहीं घुसने और दंगा करने जैसे आरोपों में गिरफ्तार किया गया था. हालांकि उसी साल सितंबर में उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया था. 

नशीले पदार्थों के खिलाफ झोटा के अभियान ने उन्हें इलाके में एक जाना-माना नाम बना दिया था. उनके कामों ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई और कानून को अपने हाथ में लेने जैसे मुद्दों पर बहस भी छेड़ दी थी.  

2023 में चर्चा में रहा था मामला

परविंदर झोटा से जुड़ा एक मामला उस वक्त भी खूब चर्चा में आया था , जब उन पर समर्थकों के साथ दुकानदार को जूतों की माला पहनाकर बाजार में घुमाने का आरोप लगा था. उस वक्त एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. इस विवाद के बाद ही उन पर मामला दर्ज किया गया था. 

ये भी पढे़ंः दिल्ली: क्लब में महिला पर बीयर गिरने के बाद खूनी संघर्ष, बाउंसरों की पिटाई से शख्स की मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anti-drug, Punjab Anti-Drug Curriculum, Punjab News,  Punjab Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com