- पुणे महानगरपालिका द्वारा अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चलाए गए अभियान को आम नागरिकों का व्यापक समर्थन मिल रहा है
- कमिश्नर नवल किशोर राम के नेतृत्व में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई लगातार 5वें दिन जारी
- अब तक लगभग तीन लाख वर्ग फुट जगह से अवैध अतिक्रमण हटाकर पैदल चालकों के लिए फुटपाथ खाली कराए गए हैं
महाराष्ट्र के पुणे शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए पुणे महानगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे बड़े अभियान को अब आम नागरिकों का खुलकर समर्थन मिल रहा है. लोगों ने समर्थन करते हुए म्युनिसिपल कमिश्नर नवल किशोर राम के शहर के कई चौराहों पर बैनर लगाए गए हैं. पुणे महानगर पालिका ने अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई लगातार पांचवें दिन तक जारी रखी. अब तक 3 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई जा चुकी है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ये कार्रवाई 2 महीने तक जारी रहेगी.
पुणे कमिश्नर की हो रही तारीफ, समर्थन में लगे बैनर
अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाने वाले म्युनिसिपल कमिश्नर नवल किशोर राम के समर्थन में शहर के विभिन्न उपनगरों और चौराहों पर बैनर लगाए गए हैं, जो इस समय पूरे शहर में चर्चा का विषय बने हुए हैं. बैनरों पर "पुणे के अनुरूप, पुणे को अपना घर मानने वाला और साफ मन से निस्वार्थ काम करने वाला आयुक्त" और "पुणे का अपना कमिश्नर" जैसे संदेश लिखे गए हैं. पुणेवासियों ने इस अभियान की सराहना करते हुए प्रशासन के इस सख्त कदम का स्वागत किया है. मनपा आयुक्त नवल किशोर राम ने अगले दो महीनों तक शहर में प्रतिदिन अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई करने की घोषणा की है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात जाम को कम करना और पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ और इमारतों के फ्रंट मार्जिन को खाली कराना है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई छुट्टियों और त्योहारों के दिन भी बिना किसी दबाव के जारी रहेगी. साथ ही, दबाव बनाने वाले प्रभावशाली लोगों या नेताओं के नाम सार्वजनिक करने की चेतावनी भी दी गई है.
पुणे में 5वें दिन से गरज रहा बुलडोजर
पिछले पांच दिनों में PMC के अतिक्रमण विभाग ने शहर के प्रमुख बाजारों, मुख्य सड़कों और आवासीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर बुलडोजर चलाया है. डेक्कन, एफसी रोड, जेएम रोड, गोखले रोड, लक्ष्मी रोड, हॉन्गकॉन्ग लेन, शनिवार वाड़ा और दगडूशेठ क्षेत्र में फुटपाथों व 'अर्बन स्ट्रीट प्रोजेक्ट' की जगहों पर बने अवैध शेड, स्टॉल, साइनबोर्ड और दुकानों के बढ़े हुए हिस्से हटाए गए. सिंहगड रोड, औंध, बाणेर, बालेवाडी हाई स्ट्रीट, वाघोली, वानवडी, बिबवेवाडी और अपर इंदिरानगर में भी अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए. हडपसर-मुंडवा क्षेत्र में 61 अवैध दुकानें हटाई गईं, जबकि कौसरबाग में रात के समय कार्रवाई कर 7 अवैध होर्डिंग्स तोड़े गए. इसके अलावा इमारतों के आगे की खाली जगह में बने अवैध चबूतरे, रेलिंग, बैरिकेड्स और कैनोपी भी हटाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें :- भोपाल में बड़ा बुलडोजर एक्शन, पुराने शहर के ऐशबाग इलाके में 600 से ज्यादा क्वार्टर जमींदोज, भारी पुलिस बल तैनात
3 लाख वर्ग फुट जगह हुई खाली!
दो दिन में करीब 3 लाख वर्ग फुट जगह खाली - कार्रवाई के आंकड़ों के मुताबिक, 21 नवंबर को पाँच क्षेत्रीय कार्यालयों की सीमा में 99,087 वर्ग फुट से अधिक अवैध निर्माण हटाए गए, जिनमें 27 स्टॉल, 29 पथारियां और 128 शेड शामिल थे. वहीं, अगले ही दिन 22 नवंबर को वाघोली, हडपसर, वानवडी और बिबवेवाडी सहित विभिन्न क्षेत्रों से एक ही दिन में लगभग 2 लाख वर्ग फुट जगह को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
अभियान के दौरान लक्ष्मी रोड पर कुछ व्यापारियों ने बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया, जिसके बाद वहां कार्रवाई रोकनी पड़ी. वहीं, महानगरपालिका प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी स्थान पर दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो संबंधित प्रतिष्ठानों को सील कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें :- बुलडोजर किसका घर ढहाएगा और किसका खड़ा रहेगा कैसे तय होगा... यूपी सरकार से दिव्या मित्तल का सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं