विज्ञापन

बुलडोजर किसका घर ढहाएगा और किसका खड़ा रहेगा कैसे तय होगा... यूपी सरकार से दिव्या मित्तल का सवाल

पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण का स्थायी उपाय समय पर न्याय और सजा सुनिश्चित करना है, न कि केवल एनकाउंटर.

बुलडोजर किसका घर ढहाएगा और किसका खड़ा रहेगा कैसे तय होगा... यूपी सरकार से दिव्या मित्तल का सवाल
दिव्या मित्तल ने एनकाउंटर राज पर उठाए सवाल
अल्टर्ड बाय NDTV
  • पूर्व IAS दिव्या मित्तल का बड़ा सवाल, किसका एनकाउंटर होगा और किसका घर टूटेगा?
  • 'गोली पैर में लगेगी या सिर में, यह कैसे तय होता है?' दिव्या मित्तल
  • पूर्व अफसर ने पूछा- न्याय का पैमाना सभी के लिए एक जैसा है या नहीं?
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन को लेकर पूर्व IAS और IPS दिव्या मित्तल का वीडियो चर्चा में है. उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर यह कैसे तय होता है कि किस अपराधी पर बुलडोजर चलेगा और किसका एनकाउंटर होगा. साथ ही उन्होंने न्याय व्यवस्था की देरी और पुराने मामलों में कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए हैं. मिर्जापुर की पूर्व डीएम दिव्या मित्तल ने प्रिंस मर्डर केस का जिक्र करते हुए पूछा कि आरोपी खुलेआम कैसे घूम रहा था?

पहले जानिए प्रिंस हत्याकांड का जिक्र कर क्या कुछ कहा?

अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किए गए वीडियो में दिव्या मित्तल ने सेमरी गांव के 12 वर्षीय प्रिंस की हत्या की घटना का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि प्रिंस अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसका जन्म शादी के 12 साल बाद हुआ था.

दिव्या मित्तल के अनुसार परिवार के करीब रहने वाला पिंटू नामक व्यक्ति जमीन के सौदे की जानकारी मिलने के बाद बच्चे को मोटरसाइकिल चलाना सिखाने के बहाने साथ ले गया. आरोप है कि उसने बच्चे की हत्या कर दी और बाद में परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी.

उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, लूट और गैंगस्टर समेत 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. वर्ष 2020 में भी उसके खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज हुआ था.

'17 मुकदमे होने के बाद भी आरोपी बाहर कैसे था?'

दिव्या मित्तल ने सवाल उठाया कि इतने गंभीर आपराधिक मामलों के बावजूद आरोपी खुलेआम कैसे घूम रहा था. उन्होंने पूछा कि यदि आरोपी को जमानत मिली थी तो सरकार ने जमानत का विरोध क्यों नहीं किया. उन्होंने यह भी जानना चाहा कि 2020 के अपहरण और हत्या के मामले में अब तक सजा क्यों नहीं हो सकी. पूर्व अधिकारी ने विवेचना, चार्जशीट दाखिल करने और ट्रायल प्रक्रिया में हुई देरी पर भी सवाल खड़े किए.

एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई पर सरकार को घेरा

दिव्या मित्तल ने वीडियो में कहा कि वह आईएएस अधिकारी बनने से पहले आईपीएस अधिकारी रह चुकी हैं और कानून-व्यवस्था की कार्यप्रणाली को करीब से समझती हैं. उन्होंने कहा कि नीति और न्याय को लेकर स्पष्टता होनी चाहिए.

उन्होंने पूछा, 'यह कैसे तय होता है कि पुलिस की गोली किसी अपराधी के सिर में लगेगी, पैर में लगेगी या उसे छुएगी भी नहीं?' उन्होंने आगे सवाल किया कि 'किसका घर बुलडोजर से गिराया जाएगा और किसका नहीं, इसका आधार क्या है? क्या यह हैसियत या जाति के आधार पर तय होता है?'

पूर्व आईएएस अधिकारी ने कहा कि कानून का शासन तभी मजबूत माना जाएगा जब सभी मामलों में एक समान मापदंड लागू हों. उन्होंने कहा कि न्याय तभी संभव है जब नियत और नियम दोनों स्पष्ट हों. यदि कार्रवाई अलग-अलग मानकों पर आधारित होगी तो उसे न्याय नहीं बल्कि भेदभाव माना जाएगा.

पीड़ित परिवार से मुलाकात का भी जिक्र

वीडियो में दिव्या मित्तल ने बताया कि जब वह पीड़ित परिवार से मिलीं तो मां अपने बेटे को वापस लाने की गुहार लगा रही थी, जबकि पिता आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे थे. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल अपराधी की नहीं, बल्कि पूरी न्याय व्यवस्था की जवाबदेही का भी सवाल खड़ा करती हैं.

यह भी पढ़ें : पूर्व IAS दिव्या मित्तल की जननीति 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, भाजपा और सपा समेत सब रहेंगे पीछे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Divya Mittal, Bulldozer Action, UP Encounter, UP Government, Prince Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com