विज्ञापन

Exclusive : PM मोदी ने क्यों लगाई थी गिरिराज सिंह की क्लास? NDTV पर सुनाया दिलचस्प किस्सा

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने NDTV को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे.

  • केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राम मंदिर से जुड़े बयान पर प्रधानमंत्री मोदी की नाराजगी का अनुभव साझा किया.
  • राम मंदिर को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने गिरिराज सिंह को फोन कर फटकार लगाई थी.
  • गिरिराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा उन्हें प्यार, सम्मान और मार्गदर्शन प्रदान करते हैं.
नई दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने NDTV को दिए एक Exclusive इंटरव्यू में PM मोदी से मिली फटकार का दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि राम मंदिर से जुड़े एक बयान के बाद उन्हें पीएम मोदी का फोन आया था. गिरिराज सिंह के मुताबिक, बयान देने के कुछ ही मिनटों बाद प्रधानमंत्री ने उनसे बात की और उनकी टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में उनसे कई बार ऐसी गलतियां हुई हैं, जिनका जिक्र वह मीडिया में नहीं कर सकते. उन्होंने बताया कि एक बार राम मंदिर के मुद्दे पर दिए गए अपने बयान के बाद उन्हें PM मोदी की नाराजगी का सामना करना पड़ा था.

मेरी बोलती बंद हो गई थी : गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह ने कहा कि उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति भारत आने वाले थे. मैंने एक बयान दे दिया था कि राम मंदिर बनेगा, और अगर भारत में नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा. उन्होंने बताया कि बयान देने के करीब पांच मिनट बाद ही उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का फोन आया. "फोन पर मोदी जी ने प्यार से पूछा, 'क्या गिरिराज जी, कैसे हैं?' फिर उन्होंने राम मंदिर को लेकर मेरी टिप्पणी पर बात की. उनकी नाराजगी देखकर मेरी बोलती बंद हो गई. मैं सोच रहा था कि अब उनसे नजर कैसे मिलाऊं."

गिरिराज सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री बनने के बाद भी उनसे ऐसी गलतियां होती रही हैं और जब भी ऐसा होता है, उन्हें अपने "गार्जियन" से डांट सुननी पड़ती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा मुझे प्यार, सम्मान और मार्गदर्शन देते हैं.

गिरिराज सिंह ने बताया कि उन्होंने पहली बार नरेंद्र मोदी को 1991 में देखा था, जब वह गुजरात में आरएसएस के प्रचारक के रूप में काम कर रहे थे. उस समय भाजपा युवा मोर्चा की एक बड़ी रैली दिल्ली में आयोजित होने वाली थी और कांग्रेस सरकार ने रैली को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए थे.

गिरिराज सिंह के मुताबिक, रैली से एक दिन पहले उन्होंने एक व्यक्ति को हाथ में वॉकी-टॉकी लेकर अलग-अलग लोगों को निर्देश देते देखा. बिहार से आए गिरिराज सिंह के लिए यह तकनीक बिल्कुल नई थी. पूछने पर पता चला कि वह व्यक्ति नरेंद्र मोदी हैं और वॉकी-टॉकी के जरिए अलग-अलग स्थानों पर मौजूद कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए हुए हैं. उन्होंने कहा कि मोदी ने उस दौर में तकनीक और रणनीति का इस्तेमाल कर कांग्रेस की पूरी तैयारी को निष्प्रभावी कर दिया.

ये भी पढ़ें : समंदर में पाकिस्तानी युद्धपोत की इंडियन नेवी शिप से टक्कर, दिल्ली ने PAK राजनयिक को किया तलब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Giriraj Singh, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com