विज्ञापन

हरियाणा के विधायकों संग PM मोदी की डेढ़ घंटे तक मंथन, दिए कई टास्क, नजर पंजाब चुनाव पर

पंजाब विधानसभा चुनाव में हरियाणा के अधिकांश विधायकों और नेताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी. वे विधानसभाओं के साथ ही बूथ स्तर पर भी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे. पीएम मोदी की आज की बैठक में मिले टिप्स उन्हें इस दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करेंगे.

हरियाणा के विधायकों संग PM मोदी की डेढ़ घंटे तक मंथन, दिए कई टास्क, नजर पंजाब चुनाव पर
हरियाणा के बीजेपी विधायकों के साथ पीएम मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम नायब सिंह सैनी.
NDTV
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के सभी बीजेपी विधायकों के साथ करीब डेढ़ घंटे की प्रेरणादायक बैठक की.
  • पीएम मोदी ने विधायकों को गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करने और स्थानीय समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा.
  • पंजाब विधानसभा चुनाव में हरियाणा के विधायकों को बूथ स्तर पर पार्टी मजबूत करने की जिम्मेदारी दी जाएगी.
नई दिल्ली:

पंजाब में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होना है. इसके लिए सभी राजनीतिक दलें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी है. इस बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के सभी 48 बीजेपी विधायकों के साथ अपने सरकारी निवास पर करीब डेढ़ घंटे तक मंथन किया. इस बैठक के लिए सभी बीजेपी विधायक हरियाणा भवन में इकट्ठा हुए और वहां से मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी की अध्यक्षता में इलैक्ट्रिक बस में लोक कल्याण मार्ग गए. पीएम मोदी ने इस बैठक के बारे में स्वयं एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर जानकारी दी. उन्होंने विधायकों के साथ फोटो भी शेयर किए. बाद में मुख्यमंत्री सैनी ने विस्तार से इस बैठक के बारे में बताया.

सीएम सैनी बोले- प्रेरणादायक रही बैठक

सीएम सैनी ने इस बैठक में बारे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लम्बा समय हरियाणा के विधायकों को दिया. प्रधानमंत्री ने जों बात बताई हैं उन्हें सभी विधायक और मंत्री अपनी विधानसभाओं में लागू करेंगे. सैनी के मुताबिक प्रधानमंत्री के साथ प्रेरणा दायक बैठक रही है. हरियाणा को विकसित और भारत को विकसित बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने सुझाव दिए हैं. उन्होंने कहा है कि हर गांव ज़ब विकसित होगा तभी विकसित भारत का सपना पूरा होगा.

पीएम मोदी ने विधायकों को दिए कई गुरुमंत्र

इस बैठक में पीएम मोदी विधायकों के साथ घुल-मिल कर मिले. कई विधायकों से उनका हाल-चाल पूछा. पुरानी यादों को ताजा किया. गौरतलब है कि संगठन में काम करते समय पीएम मोदी हरियाणा बीजेपी के प्रभारी भी रहे हैं. पीएम ने इस दौरान विधायकों को कई गुरु मंत्र दिए. उन्होंने विधायकों से लोगों के साथ सम्पर्क लगातार बनाए रखने को कहा. उन्होंने कहा कि समय-समय पर लोगों के साथ मिलते रहें. गाँव-गाँव जाकर टोली बनाएं, टिफिन बैठक करें, लोगों के साथ संवाद करे और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करके उनका समाधान करें.

हरियाणा के बीजेपी विधायकों के साथ पीएम मोदी.

हरियाणा के बीजेपी विधायकों के साथ पीएम मोदी.

प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को जागरुक करें विधायकः पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जावान किसान बनाने पर भी जोर दें. खेतों में सिंचाई के लिए सोलर पंप और पैनल लगाने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए. क़ृषि में नई सोच और नई दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है. पीएम ने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों को जोड़ा जाए. एक परिवार कम से कम एक एकड़ जमीन पर प्राकृतिक खेती करे और इसके लिए सभी विधायक अपनी विधानसभा क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें.

पीएम ने एफपीओ को और मजबूत करने को कहा जिससे किसान मजबूत हो सकें. उन्होंने कहा कि किसान मजबूत होगा तो हरियाणा मजबूत होगा तभी विकसित भारत बनेगा.

पीएम ने युवाओं के कौशल विकास को लेकर भी सुझाव दिए. उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं को स्किल इंडिया से जोड़ा जायेगा. शहरी विकास पर भी पीएम का जोर रहा. उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को और बेहतर बनाया जायेगा क्योंकि गुरुग्राम एक ग्लोबल सिटी है. पीएम ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव जीतना ही नहीं है बल्कि लोगों की सेवा करना हमारा राजनीति का उद्देश्य है.

हरियाणा के विधायकों संग पीएम की बैठक पंजाब चुनाव के लिए अहम

पीएम मोदी की हरियाणा के सभी विधायकों के साथ यह बैठक पड़ोसी राज्य पंजाब के आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बीजेपी हरियाणा में सुशासन का मॉडल बना कर पंजाब के मतदाताओं को राजनीतिक संदेश देना चाहती है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी लगातार पंजाब के दौरे भी कर रहे हैं और इस दौरान वे पग में नजर ही आते हैं. 

इस बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कई विधायकों से अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा भी की.

इस बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कई विधायकों से अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा भी की.

पंजाब चुनाव में हरियाणा के विधायकों को दिया जाएगा जिम्मा

पंजाब के विधानसभा चुनाव में हरियाणा के अधिकांश विधायकों और नेताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी. वे विधानसभाओं के साथ ही बूथ स्तर पर भी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे. पीएम मोदी की आज की बैठक में मिले टिप्स उन्हें इस दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करेंगे.

पहले भी विधायकों संग बैठक कर चुके हैं पीएम मोदी

यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के विधायकों से इस तरह मुलाकात की हो. वे समय-समय पर राज्यों के दौरों, नई सरकारों के गठन के बाद या नई दिल्ली में राज्यवार बैठकों के दौरान बीजेपी विधायकों और राज्य संगठन के प्रतिनिधियों से मुलाकात करते रहे हैं. इन मुलाकातों में मुख्य रूप से सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत, जनता से सीधा जुड़ाव और संगठन की मजबूती जैसे विषयों पर चर्चा होती है. 

2024 में राजस्थान के विधायकों संग की थी बातचीत

इसी तरह जनवरी 2024 में अपने जयपुर दौरे के दौरान पीएम मोदी सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे थे. राजस्थान विधानसभा चुनाव जीतने के बाद हुई इस बैठक में उन्होंने नवनिर्वाचित विधायकों और पदाधिकारियों के साथ सीधे संवाद किया था. इस बैठक में उन्होंने विधायकों को सादगी अपनाने, क्षेत्र की जनता के बीच नियमित रूप से उपस्थित रहने और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया. 

मुलाकातों में पीएम मोदी का जोर सुशासन पर

इसी तरह पीएम मोदी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के विधायकों और नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं. इन मुलाकातों में पीएम मोदी का जोर सुशासन पर रहता है. वे अमूमन विधायकों से कहते हैं कि वे केवल प्रशासनिक कार्यों पर निर्भर न रहें, बल्कि अपने क्षेत्रों में चौपाल और जन-संवाद आयोजित करें.

बैठक में पीएम मोदी, नितिन नबीन और सीएम नायब सिंह सैनी ने विधायकों को कई टास्क भी दिए.

बैठक में पीएम मोदी, नितिन नबीन और सीएम नायब सिंह सैनी ने विधायकों को कई टास्क भी दिए.

विधायकों से मिलने पर मिलता है फीडबैक

एक बीजेपी नेता के अनुसार इस तरह की बैठकें फीडबैक लेने का भी एक बड़ा माध्यम होती हैं. विधायकों से राज्य सरकार के मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों के कामकाज का सीधा फीडबैक भी मिलता है. इस फीडबैक से संबंधित राज्यों के बारे में फैसले लेने में मदद मिलती है. पीएम मोदी संसद सत्र के दौरान अलग-अलग राज्यों के सांसदों से भी इकट्ठा मुलाकात करते हैं. 

बड़े राज्यों जैसे यूपी महाराष्ट्र के सांसदों से कुछ ग्रुप में मुलाकात होती है. सांसदों और विधायकों से बैठकों में पीएम मोदी केंद्र व राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हैं. 'लाभार्थी वर्ग' तक सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी अड़चन के पहुंचे, इसकी निगरानी का दायित्व भी सांसदों और विधायकों को सौंपा जाता है. साथ ही, ऐसी बैठकों से संगठन और सरकार के बीच समन्वय बढ़ाने में मदद मिलती है. विधायक और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देते हैं ताकि संगठन की पकड़ जमीनी स्तर पर मजबूत बनी रहे.

सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने पर दिया जोर

पीएम मोदी सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर भी जोर देते हैं. विधायकों को सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से जुड़ने और अपनी कार्यशैली पारदर्शी रखने का सुझाव दिया जाता है. नए परिप्रेक्ष्य में पीएम मोदी का जोर इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर है.


यह भी पढ़ें - पंजाब चुनाव के लिए BJP ने बनाई बंगाल वाली रणनीति, AAP-कांग्रेस के लिए अलग-अलग प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, PM Modi Meeting, Haryana BJP MLA Meeting, Punjab Assembly Election 2027, Bjp Punjab Election Preparation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com