- प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर लोकसेवा की शुरुआत की थी.
- लोकसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर देश भर में सेवा पखवाड़ा और सेवा संकल्प महोत्सव के तहत कई आयोजन हो रहे हैं.
- NDA शासित राज्यों की कैबिनेटों में PM मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा पर प्रस्ताव पारित किया जाएगा.
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकसेवा के 25 साल पूरे हुए हैं. इस खास अवसर पर देश भर में कई तरह के आयोजन किए जा रहे हैं. सेवा पखवाड़ा और सेवा संकल्प महोत्सव के तहत जगह-जगह स्वच्छता अभियान, रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर आदि आयोजित किए जा रहे हैं. ‘नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष' थीम पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है. अब इस कड़ी में एक और आयोजन की तैयारी है. मिली जानकारी के अनुसार एनडीए शासित सभी राज्यों की कैबिनेट से पीएम मोदी की लोकसवा के 25 साल पूरे होने पर प्रस्ताव पारित किया जाएगा.
7 अक्टूबर को पीएम मोदी की लोकसवा के पूरे हुए 25 साल
मालूम हो कि 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हुए. इस मौके पर दिल्ली में आयेजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, मैं आप सभी का और सभी देशवासियों का आभार व्यक्त करता हूं. 7 अक्टूबर, 2001 को जब मैंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब सोचा नहीं था कि कभी ये पड़ाव भी आएगा. आज मुझे हेड ऑफ द गवर्नमेंट के तौर पर निरंतर सेवा करते हुए 25 साल हो गए हैं. ये जनता जर्नादन के निरंतर आशीर्वाद का परिणाम है.
राज्य कैबिनेट से प्रस्ताव पारित करने की तैयारी
पीएम मोदी की लोकसेवा के 25 साल पूरे होने पर देश भर में एनडीए राज्य सरकारों की कैबिनेट से प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी के योगदान को सराहा जाएगा. प्रस्ताव में संबंधित राज्यों के लिए पीएम मोदी की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख होगा.
जहां एनडीए की सरकार नहीं, वहां विधायक दल की बैठक में आएगा प्रस्ताव
जिन राज्यों में बीजेपी या एनडीए की सरकार नही है वहां बीजेपी/एनडीए विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित होगा. मिली जानकारी के अनुसार पहले यूपी और असम की कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव पारित होगा. फिर हरियाणा की कैबिनेट में और उसके बाद दिल्ली की कैबिनेट में प्रस्ताव पारित होगा.
जानकारी के मुताबिक ऐसे ही अलग-अलग दिन अलग-अलग राज्यों में प्रस्ताव पारित करने की तैयारी है. बताते चले कि इसी मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पीएम मोदी के 25 साल के निरंतर नेतृत्व पर बधाई देते हुए प्रस्ताव पारित किया गया था.
यह भी पढ़ें - लोकसेवा के 25 साल पूरे होने पर PM मोदी ने भगवान से अपने लिए क्या मांगा? खुद बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं