विज्ञापन

लोकसभा की सीटें बढ़ेंगी, राज्य सभा की नहीं, क्या इस मुद्दे पर हो सकता है टकराव?

सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने के लिए परिसीमन और संविधान संशोधन विधेयक लाए जाने की संभावना है. प्रस्ताव के मुताबिक सभी राज्यों में लोकसभा और विधानसभा सीटों में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी.

लोकसभा की सीटें बढ़ेंगी, राज्य सभा की नहीं, क्या इस मुद्दे पर हो सकता है टकराव?
फाइल फोटो
PTI

सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में लोक सभा की सीटें ऐतिहासिक स्तर पर सर्वाधिक 850 करने के लिए परिसीमन और संविधान संशोधन बिल पारित किए जाने की संभावना है. इसके बाद हर राज्य से लोक सभा की सीटों में पचास प्रतिशत की बढोत्तरी होगी. बाद में सभी राज्य विधानसभाओं की सीटें भी इसी अनुपात में बढ़ाई जाएंगी. लेकिन सरकार के आला सूत्रों के अनुसार संसद के ऊपरी सदन राज्य सभा की संख्या बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है.

दरअसल, संविधान की चौथी अनुसूची के अनुसार राज्य सभा में सीटों की संख्या राज्यों की जनसंख्या के अनुपात में तय होती हैं. हालांकि राज्यों के पुनर्गठन और नए राज्यों के गठन के बाद 1952 से ही समय-समय पर राज्यों से सीटों की संख्या में बदलाव होता आया है. 

संविधान के 80वें अनुच्छेद के अनुसार राज्य सभा की अधिकतम संख्या 250 है. इनमें 12 सदस्य राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किए जाते हैं जबकि 238 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों से चुन कर आते हैं. वर्तमान में राज्य सभा की संख्या 245 है जिनमें 233 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों- दिल्ली, पुडुचेरी और जम्मू-कश्मीर से चुन कर आते हैं जबकि 12 का मनोनयन राष्ट्रपति करती हैं.

राज्य सभा के सांसदों का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से होता है. सांसदों का चुनाव संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के विधायक करते हैं. राज्य सभा एक स्थायी सदन है जो कभी भंग नहीं होता. हर दो साल में राज्य सभा के एक तिहाई सदस्य रिटायर होते हैं और नए चुन कर आते हैं. राज्यों की जनसंख्या के अनुसार राज्य सभा में उसके सांसदों की संख्या तय होती है.

नए परिसीमन के बाद हर राज्य की विधानसभाओं में सीटों की संख्या पचास प्रतिशत बढ़ने जा रही है. उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में अभी 403 सीटें हैं जो परिसीमन के बाद बढ़ कर 605 हो जाएंगी. वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्य सभा के 31 सांसद चुन कर आते हैं लेकिन विधानसभा की सीटें बढ़ने के बावजूद राज्य सभा सांसदों की संख्या समान रहेगी. बाकी राज्यों के साथ भी ऐसा ही होगा. आला सरकारी सूत्रों के अनुसार, ऐसा इसलिए है क्योंकि जनसंख्या के हिसाब से उनका अनुपात समान बना रहेगा.

हालांकि यह बहस का विषय है कि इसके राजनीतिक परिणाम क्या होंगे. वर्तमान एनडीए सरकार को शुरुआत में राज्य सभा में बहुमत नहीं था. तत्कालीन सभापति हामिद अंसारी ने व्यवस्था दी थी कि हंगामे में कोई बिल पारित नहीं होगा. ऐसे कई मौके आए जब विपक्ष हंगामा करता था और बिल पारित नहीं हो पाते थे. 

सरकार के कई बिल लोक सभा से पारित हुए लेकिन राज्य सभा में अटक गए. हालांकि अब भी बीजेपी 17 से अधिक राज्यों में अपनी सरकार होने के बावजूद अपने दम पर राज्य सभा में बहुमत के आंकड़े से कुछ दूर है. राज्य सभा में आखिरी बार किसी राजनीतिक दल को अपने बूते बहुमत 1986-88 में मिला था जब कांग्रेस के पास 141 सीटें थीं. वर्तमान में बीजेपी के पास 117 सांसद हैं जो बहुमत के आंकड़े 123 से छह दूर है.

हालांकि वर्तमान संसदीय लोकतांत्रिक प्रणाली में राज्य सभा की भूमिका सीमित है. केंद्रीय मंत्रिपरिषद लोक सभा के प्रति उत्तरदायी है. यानी लोक सभा में बहुमत होने पर ही सरकार बन सकती है. कुछ बिल जैसे मनी बिल केवल लोक सभा में ही पेश किए जा सकते हैं और वहां से पारित होने के बाद इन्हें राज्य सभा में लाया जाता है. 

अगर राज्य सभा में चौदह दिन में पारित न हो तो इन्हें पारित मान कर लोक सभा के पास भेज दिया जाता है. जब किसी बिल पर दोनों सदनों में एक राय नहीं बनती है तो संविधान में संसद की संयुक्त बैठक बुलाने का भी प्रस्ताव है. हालांकि संयुक्त बैठक बुला कर संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सकता.

ऐसे में प्रश्न उठ रहा है कि अगर परिसीमन के बाद अगर किसी बिल पर दोनों सदनों में आम राय न हो और संयुक्त बैठक बुलानी पड़े तो लोक सभा की अधिक संख्या होने के कारण क्या राज्य सभा की सहमति या असहमति सीमित रह जाएगी. साथ ही राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के निर्वाचन मंडल में राज्य सभा का असर पहले की तुलना में कहीं कम तो नहीं रह जाएगा.

संभावना है कि विशेष सत्र में चर्चा के दौरान इस विषय का भी उल्लेख हो. देखना होगा कि इस महत्वपूर्ण विषय पर सदन की क्या राय रहती है.

यह भी पढ़ें: दो-तिहाई बहुमत की दहलीज पार? परिसीमन पर मोदी सरकार का बड़ा दांव, लेकिन इस खेल में आंकड़ों का गणित क्या कहता है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delimitaion Bill, Rajya Sabha Seats
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com