विज्ञापन

सपा से गठबंधन पर कांग्रेस का बड़ा बयान, अखिलेश होंगे चेहरा; सितंबर से शुरू होगी सीट बंटवारे की बातचीत

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि गठबंधन में सम्मानजनक समझौता होगा और सितंबर से बातचीत शुरू होकर अक्टूबर तक सीटों का बंटवारा तय हो सकता है.

सपा से गठबंधन पर कांग्रेस का बड़ा बयान, अखिलेश होंगे चेहरा; सितंबर से शुरू होगी सीट बंटवारे की बातचीत
कांग्रेस के यूपी में प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम (फाइल फोटो)
IANS
  • यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने ओम प्रकाश राजभर के संपर्क या मुलाकात के दावे को पूरी तरह खारिज किया
  • महागठबंधन में सीट बंटवारे की बातचीत सितंबर से शुरू होगी और अक्टूबर तक सहमति बनाकर टिकट फाइनल होंगे
  • राजेंद्र पाल गौतम ने गठबंधन में सीटें सम्मानजनक आधार पर बांटने की बात कही

अगले साल होने वाले यूपी चुनाव को लेकर राजनीति तेज हो गई है. नेताओं के बीच आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर जारी है. इस बीच यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने ओम प्रकाश राजभर के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें किसी मुलाकात या संपर्क की बात कही गई थी. उन्होंने कहा कि न तो उनकी राजभर से कोई मुलाकात हुई है और न ही फोन पर कोई बातचीत.

राजेंद्र गौतम ने कहा, 'वो मुलाकात की तस्वीर दिखा दें. पता नहीं वो ऐसा क्यों बोल रहे हैं. मेरी अभी तक न उनसे मुलाकात हुई है और न ही फोन पर बात हुई है.'

सितंबर से शुरू होगी सीट बंटवारे की बातचीत

महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अगले महीने से बातचीत शुरू होने की संभावना है. उन्होंने कहा, 'सितंबर में बातचीत शुरू होगी और अक्टूबर तक सीटों पर सहमति बनाकर टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.'

'सम्मानजनक समझौता होना चाहिए'

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा सम्मानजनक आधार पर होना चाहिए. उन्होंने कहा, 'थोड़ा-बहुत ऊपर-नीचे हो सकता है, लेकिन हमारा लक्ष्य सरकार बनाना है. हम अखिलेश यादव के चेहरे को आगे बढ़ाकर चल रहे हैं. कांग्रेस बड़ा दिल रखती है, उम्मीद है कि वे भी बड़ा दिल रखेंगे.'

2017 जैसी सीटों के सवाल पर क्या बोले?

जब उनसे 2017 विधानसभा चुनाव के बराबर सीटों की मांग को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'सम्मानजनक शब्द से आप अंदाजा लगा सकते हैं.' हालांकि उन्होंने सीटों की कोई संख्या बताने से परहेज किया.

जाति जनगणना पर केंद्र सरकार को घेरा

राजेंद्र पाल गौतम ने जाति जनगणना को आने वाले समय का बड़ा राजनीतिक मुद्दा बताया. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जाति जनगणना के प्रारूप में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा, 'जाति जनगणना पूरे देश में बड़ा मुद्दा बनने वाली है. मोदी सरकार को इसका एहसास नहीं है. जाति जनगणना में ओबीसी का कॉलम नहीं दिया गया है.'

यह भी पढ़ें: दिन में बीजेपी के खिलाफ, रात में योगी-मोदी के पास गुलदस्ता लेकर जाते हैं...राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajendra Pal Gautam, Rajendra Pal Gautam Aap, Congress, UP Election, UP Election 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com