अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध मौत और कथित लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. इस बीच जिला पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि एफआईआर में जिन जेवरात और सामान का उल्लेख किया गया है, उनकी बरामदगी अभी नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, इसलिए बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं.
16 अगस्त को मिला था शव
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. घटना के बाद आशुतोष मिश्रा की तहरीर पर हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी.
खण्डन - थाना मालीपुर अंतर्गत रुढ़ा धमरुआ स्थित घर के अंदर वृद्ध महिला की मौत के संबंध में
— AMBEDKARNAGAR POLICE (@ambedkarnagrpol) August 19, 2026
उक्त प्रकरण के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही सूचनाओं के संबंध में अवगत कराना है कि सोशल मीडिया पोस्ट में जनपद अंबेडकरनगर पुलिस द्वारा मृतका की ज्वेलरी बरामद किये… pic.twitter.com/ta66ptCDRy
सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर SP का बयान
जिला पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि पिछले दो दिनों में कुछ मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी प्रसारित की गई कि मामले से संबंधित सामान पुलिस ने बरामद कर लिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जानकारी सही नहीं है. SP प्राची सिंह ने कहा, "जो भी सामान एफआईआर में लिखकर दिया गया है, वह अभी बरामद होना शेष है." उन्होंने बताया कि मौके से केवल तुलसी की माला और पीली धातु की कीलनुमा कुछ वस्तुएं मिली थीं, जिन्हें परिवार को सौंप दिया गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं हुआ मौत का कारण स्पष्ट
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि आगे की वैज्ञानिक जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखकर प्रयोगशाला भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
कई टीमें कर रहीं जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों को जांच में लगाया गया है. SP ने बताया कि विभिन्न लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है, ताकि जांच पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे.
"किसी निर्दोष को क्यों फंसाएगी पुलिस"
जांच को लेकर उठ रहे सवालों पर एसपी प्राची सिंह ने कहा कि पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ काम कर रही है. उन्होंने कहा, "पुलिस किसी निर्दोष व्यक्ति को क्यों फंसाएगी. मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की जा रही है." उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : UP में IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकर नगर में घर में मिली लाश, शरीर पर के जेवर गायब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं