विज्ञापन
10 minutes ago
नई दिल्ली:

Paper Leak CJP Protest Live Updates: NEET पेपर लीक के खिलाफ जारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन अब पूरे देश में फैलता नजर आ रहा है. बीते 48 घंटों में इस प्रदर्शन को लेकर सरकार के रुख में बड़ा बदलाव आया है. लगातार कई एक्शन हुए हैं. शिक्षा सचिव को हटाया गया है, NTA के 47 कर्मी बर्खास्त किए गए हैं, पेपर लीक केस की जांच के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की बात आगे बढ़ी है. सरकार से मिले आश्वासन के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है. हालांकि कॉकरोच जनता पार्टी और जंतर-मंतर पर जुटे अन्य प्रदर्शनकारी अब भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े हैं. इस बीच सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर भी जारी है. आज तीसरे दौर की बातचीत होगी. 

दूसरी ओर छात्र संगठन AISA ने आज बिहार बंद बुलाया है. बीती रात बिहार में माले के एक विधायक संदीप सौरभ को गिरफ्तार किया गया है. उन पर प्रदर्शन की आड़ में हिंसा फैलाने का आरोप है. इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉफ्रेंस में पैलेट गन से घायल हुए प्रदर्शनकारी को दिखाया. पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश भर में हो रहे प्रदर्शन के पल-पल के अपडेट्स जानें NDTV इंडिया के इस लाइव ब्लॉग पर...

पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन से जुड़ी ये खबरें भी पढे़ं- 

24 जुलाई का Live: जंतर-मंतर पर CJP Protest में शनिवार को क्या कुछ हुआ?
जंतर मंतर के आस-पास 'कई जंतर मंतर', बोल रही हैं दीवारें- Ground Report
22 जुलाई  का Live: जंतर-मंतर पर CJP Protest में गुरुवार को क्या कुछ हुआ?

CJP Protest Jantar Mantar Live Updates:
 

CJP Protest Rahul Gandhi PC: राहुल गांधी ने पीसी में साफ कहा- धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा

प्रेस कॉफ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा- छात्रों की 3 मांगें हैं, और इन मांगों पर कोई समझौता नहीं हो सकता... पहली मांग यह है कि शिक्षा मंत्री को हटाया जाए, क्योंकि वे भ्रष्ट और अयोग्य हैं और उनका रवैया गलत है... मिस्टर मोदी की कैबिनेट में इस बात पर चर्चा हो रही है कि धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी दूसरे मंत्रालय में भेज दिया जाए. भारत के छात्रों को यह मंज़ूर नहीं है. यह किसी को भी मंजूर नहीं है. इसकी वजह यह है कि प्रधान भ्रष्टाचार और भारत के बच्चों के भविष्य के साथ जो हुआ है, उसकी निशानी हैं. वे इस देश की सबसे कीमती चीज़—यानी हमारे छात्र और उनका भविष्य—को बर्बाद करने के प्रतीक हैं. इसलिए, धर्मेंद्र प्रधान को इधर-उधर करने, पीछे या आगे करने या ऐसी किसी भी चीज़ पर कोई बातचीत नहीं होगी. धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा.

CJP Protest Rahul Gandhi PC: राहुल गांधी के साथ आंदोलन का चेहरा रहीं 3 छात्राएं भी थी मौजूद

राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉफ्रेंस में तीन छात्राएं भी मौजूद थीं. जिसमें 22 दिन तक अनशन करने वाली जेएनयू की छात्रा नेहा के साथ-साथ दानिश और डीयू की अंजलि भी साथ थी. राहुल गांधी की पीसी के बाद जेएनयू की नेहा ने भी कहा कि सर ने जो तीन मांगे की हैं, वो सभी छात्रों की मांग हैं. उसे पूरा किया ही जाना चाहिए. 

CJP Protest Rahul Gandhi PC: राहुल गांधी बोले- तीन मांगों पर कोई समझौता नहीं होगा

प्रेस कॉफ्रेंस में राहुल गांधी ने साफ कहा कि इन तीन मांगों पर कोई समझौता नहीं होगा. धर्मेंद्र प्रधान को जाना होगा, वो भ्रष्ट है उनको कैबिनेट से हटाया जाए. छात्रों के साथ हुई हिंसा के धर्मेंद्र प्रधान प्रतीक है, 

छात्रों को मारा गया है पीटा गया है उठाया गया है. 

कैबिनेट से धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही पड़ेगा... राहुल ने उठाई तीन मांगे

पेपर लीक के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉफ्रेंस कर तीन मांगें उठाई हैं- 

  1. धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा. 
  2. जिन लोगों ने छात्रों को पीटा, उन्हें सजा मिले.
  3. प्रधानमंत्री माफी मांगें.

पेपर लीक पर मायावती का लंबा पोस्ट, लिखा- राजनीति का बाजार काफी गर्म

पेपर लीक पर जारी प्रदर्शन के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती का लंबा पोस्ट सामने आया है. उन्होंने एक्स पर लिखा- देश में नीट-यूजी सहित विभिन्न परीक्षाओं के पेपरलीक व उसके उपरान्त परीक्षार्थियों द्वारा होने वाली आत्महत्याओं से उपजे छात्र-छात्राओं/युवाओं के ’कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) आन्दोलन के नई दिल्ली जन्तर-मन्तर में लगातार जारी शान्तिपूर्ण धरना को हालांकि लोगों की व्यापक सहानुभूति हासिल है, किन्तु सरकारी जवाबदेही के रूप में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उनकी जिद्दी मांग को लेकर विपक्ष व सरकार दोनों के बीच ज़बरदस्त राजनीति का बाज़ार काफी गर्म है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में ज़रूरी व्यापक सुधार का असली मुद्दा ही कहीं लुप्त ना हो जाए?  

वैसे इस गर्म मुद्दे को भुनाने हेतु विशेषकर विरोधी पार्टियों में सड़क से लेकर संसद तक में ज़बरदस्त होड़ लगी हुई है, उससे भी सरकार व विपक्ष के बीच तनाव व टकराव की भी परिस्थिति हिंसक होकर किसी न किसी रूप में राज्यों में भी फैल रही है, जिससे अपनी पार्टी के लोगों को सचेत व सजग रहने की सलाह. 

इस प्रकार इस मुद्दे का पूरी तरह से राजनीतिकरण हो जाने के साथ ही जन्तर-मन्तर में आन्दोलनकारियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाईयों ने स्थिति को और अधिक गर्म व गंभीर बना दिया है.  

इस भारी तनाव व टकरावपूर्ण स्थिति के कारण संसद का वर्तमान मानसून सत्र अभी तक एक दिन भी सही व सुचारू रूप से नहीं चल पाया है, जिससे देश व जनहित के और भी अनेकों महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही एक प्रकार से रुक सी गयी है.

इसके साथ ही, सरकार सीजेपी के आन्दोलन से निपटने हेतु जो उपाय ढूंढने का प्रयास कर रही है वह भ्रष्टाचार एवं अयोग्यता आदि के कारण होने वाले पेपरलीक होने के बाद की सख़्त कार्रवाई के द्योतक हैं, जबकि पेपरलीक के जघन्य अपराध ना हों इसके नियंत्रण हेतु उचित उपाय नहीं होता दिखने से भी लोगों में असंतोष बढ़ रहा है. 

इसलिए वर्तमान राजनीतिक हालात में उग्र व निराश होने के बजाय अपने लागों को अपने मिशन के प्रति पूरी लगन व तन, मन, धन से लगातार डटे रहना है, यही अपील.


CJP Protest LIVE Updates: थोड़ी देर में राहुल गांधी का प्रेस कॉफ्रेंस

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रेस कॉफ्रेंस करने वाले हैं. थोड़ी देर में 10 जनपथ से राहुल गांधी का प्रेस कॉफ्रेंस होगा. शुक्रवार को प्रेस कॉफ्रेंस में राहुल गांधी पैलेट गन से घायल हुए प्रदर्शनकारी को लेकर आए थे. आज देखना होगा कि वो क्या कुछ कहते है?

जम्मू कश्मीर के भाजपा विधायक सोनम वांगचुक को लताड़ा, कहा- शिक्षा मंत्री का निर्णय बेहतरीन

पेपर लीक आरोप के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे से मांग तेज होती जा रही है. इस बीच जम्मू-कश्मीर के भाजपा विधायक विक्रम रंधावा शिक्षा मंत्री की पूरजोर पैरवी करते नजर आए. भाजपा विधायक विक्रम रंधावा ने सीजेपी प्रोटेस्ट पर कहा, "जिस सोच के साथ सोनम वांगचुक ने वह धरना रखा था, जिन बच्चों को लेकर वह चले थे, आज वे बच्चे कहां दिखते हैं?... अब तो उपद्रवी है, जो उस धरने के माध्यम से सामने आए... जिन्होंने उस धरने के माध्यम से पूरे देश में अराजकता फैलाई है... सोनम वांगचुक को यह मानना चाहिए कि ये जो वातावरण बना है यह मेरी गतिविधियों के कारण बना है, मैं वातावरण न बनाता, तो न देश में ऐसी अराजकता का माहौल बनता, जहां से कभी बांग्लादेश, कभी नेपाल और कभी श्रीलंका का उदाहरण दिया जाता है, क्योंकि ऐसे उदाहरण देने वाले यह भूल जाते हैं कि यह नरेंद्र मोदी का भारत है, यह किसी और का भारत नहीं है... "

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा मंत्री का बेहतरीन निर्णय है... वे लोग इस तरीके की हरकतें करें, तो उनको बख्शा नहीं जाना चाहिए.

जंतर-मंतर की ओर जाने वाली सड़कों पर वेल्डिंग से फिक्स किए गए बैरिकेड्स

जंतर-मंतर की ओर जाने वाली सड़कों पर वेल्डिंग से फिक्स किए गए बैरिकेड्स, संसद मार्ग और जयसिंह मार्ग सील कर दिया गया है. 20 जुलाई को 'संसद चलो मार्च' के दौरान हुए उपद्रव के बाद दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए जंतर-मंतर की मजबूत किलेबंदी कर दी है.

6 लेयर की फिक्स बैरिकेडिंग: दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग और जयसिंह मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाते हुए लोहे की रॉड, सरियों और वेल्डिंग की मदद से बैरिकेड्स को जमीन पर पूरी तरह फिक्स कर दिया है. इसके साथ ही जंतर-मंतर के पास वाली सड़क पर 6 लेयर की बैरिकेडिंग लगा दी गई है.

सीमित दायरे में रोकने की कोशिश: पुलिस प्रशासन का मुख्य मकसद सीजेपी (CJP) प्रदर्शनकारियों को किसी भी हाल में आगे बढ़ने से रोकना और उन्हें जंतर-मंतर के तय दायरे तक ही सीमित रखना है.
रिपोर्ट- दिव्यांकर तिवारी

फास्ट-ट्रैक कोर्ट की विशेष जज अनु ग्रोवर ने संभाला पदभार

पेपर लीक मामले में स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट की विशेष जज अनु ग्रोवर बालिगा ने राउज़ ऐवन्यू कोर्ट में कार्यभार संभाला. 

CJP Protest LIVE Updates: CJP दिल्ली प्रदर्शन में दर्ज FIR में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराएं

CJP दिल्ली प्रदर्शन में दर्ज FIR में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराएं दर्ज की गई है. FIR की डिटेल्स सामने आई है. कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में बड़ा खुलासा हुआ है. इसमें FIR में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराएं दर्ज है. 

  • रेल भवन और संसद के बेहद नजदीक हुई हिंसा मामले में लगाई गई हत्या के प्रयास की धारा.
  • कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशन में दर्ज एक FIR में हत्या के प्रयास (BNS 109(1)) समेत गंभीर धाराएं लगाई गईं.
  • FIR कर्तव्य पथ थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर की शिकायत पर दर्ज हुई.
  • FIR में रफी मार्ग पर हुई हिंसा का पुलिस पक्ष दर्ज किया गया.
  • शिकायत के अनुसार इंस्पेक्टर की ड्यूटी सुबह 5 बजे से C-Hexagon, ज़ोन-11 (पिंक बूथ) पर थी.
  • वायरलेस सूचना मिलने पर पुलिस टीम रेल भवन राउंडअबाउट के बैरिकेड्स पर पहुंची, जहां हजारों प्रदर्शनकारी मौजूद थे.
  • FIR के मुताबिक लाउडस्पीकर से BNSS की धारा 163 लागू होने और प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने की घोषणा की गई.
  • FIR के अनुसार चेतावनी के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं हटे और नारेबाजी जारी रखी.
  • FIR के मुताबिक कुछ लोगों ने भीड़ को बैरिकेड तोड़कर संसद की ओर बढ़ने के लिए उकसाया.
  • प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को घेरा, मारपीट की और चप्पल व पत्थर फेंके.
  • भीड़ ने पुलिसकर्मियों की हत्या की नीयत से हमला किया, जिससे कई जवान घायल हुए.
  • FIR के मुताबिक सरकारी संपत्ति और निजी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया.
  • संसद और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े.
  • FIR में BNS की 13 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
  • FIR में हत्या का प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर हमला, ड्यूटी में बाधा, गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान और लोगों की जान को खतरे में डालने से संबंधित प्रावधान.
  • 20 जुलाई की झड़पों में 129 पुलिसकर्मी और 60 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए.

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले का कथित मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार

दिल्ली के जंतर-मंतर सहित कई जगहों पर पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन जारी है. इस बीच पेपर लीक के खिलाफ एक बड़ा एक्शन हुआ है. महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले का कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे बिहार से गिरफ़्तार किया गया है.
पढ़ें पूरी खबर- बिहार से गिरफ्तार हुआ महाराष्ट्र TET पेपर लीक का मुख्य आरोपी

Students protest LIVE: जंतर-मंतर पर लगा FRS सिस्टम, चेहरा पहचान खोल देगा क्राइम कुंडली

दिल्ली में जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का विरोध-प्रदर्शन जारी रहने के कारण वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दिल्ली पुलिस ने इस जगह पर फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) टेक्नोलॉजी से लैस AI-पावर्ड मोबाइल सर्विलांस वैन तैनात की हैं. इसी टेक्नोलॉजी से यह पता चला था कि बीते दिनों हुए प्रदर्शन के दौरान वहां 400 से अधिक आपराधिक तत्व मौजूद थे. 

CJP Protest LIVE Updates: वांगचुक की ट्रोलिंग पर CJP प्रवक्ता बोले- BJP IT सेल कर रही फ्रेम

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल खत्म करने पर हो रही आलोचना पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका कहते हैं, "बीजेपी का IT सेल सवाल उठा रहा है. मुझे असल में बीजेपी के IT सेल के लिए भी बुरा लगता है, क्योंकि पहले उन्हें देश-विरोधी कहना पड़ा और उन पर NSA लगाना पड़ा. फिर, जब उन्होंने भूख हड़ताल शुरू की, तो उन्हें उनकी तारीफ़ करनी पड़ी ताकि वे CJP को नीचा दिखा सकें..."

Students protest LIVE: अभिजीत दीपके को हुआ टाइफाइड, बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक लड़ाई जारी रहेगी

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को टाइफाइड हो गया है. उन्होंने इस बात की जानकारी खुद सोशल मीडिया पोस्ट पर दी. दीपके ने एक्स पोस्ट पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि मुझे टाइफाइड हो गया है. लेकिन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने वीडियो में कहा कि मेरी तबीयत खराब थी. जिसकी जांच रिपोर्ट अब आ गई है. जांच रिपोर्ट में मुझे टाइफाइड बताया गया है. जिसका इलाज चल रहा है. सुबह-शाम इलाज चल रहा है. 

मेट्रो, दुकान, इंटरनेट सब बंद, बस एक चीज बंद नहीं कर पाए- पेपर लीक, राहुल गांधी का तीखा हमला

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच मेट्रो, इंटरनेट आदि बंद किए जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर सवाल उठाया है. राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा- मेट्रो बंद करो. रास्ते बंद करो. दुकानें बंद करो. Internet बंद करो. खाना बंद करो. अपना हक मांग रहे छात्रों के ख़िलाफ़ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए. बस एक चीज़ बंद नहीं कर पाए, मोदी जी - पेपर लीक.

Students protest LIVE: पेपर लीक प्रदर्शन के दौरान कोलकाता में हुई हिंसा को लेकर पुलिस ने दर्ज की 6 FIR

बंगाल की राजधानी कोलकाता में NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर कोलकाता पुलिस ने 6 FIR दर्ज की है.  रैली के दौरान मीडिया पर हमले के लिए 5 FIR दर्ज की गईं. पुलिस ने एक 'सुओ मोटो' (खुद से संज्ञान लेकर) FIR दर्ज की. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया. हमलावरों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है. ड्यूटी के दौरान कई पत्रकार घायल हुए.

इनपुट- श्रेयसी

Students protest LIVE: हाजत से AISA बिहार अध्यक्ष बोले- छात्रों से अमानवीयता बर्दाश्त नहीं की जाएगी

बिहार बंद से पहले गिरफ्तार किए गए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के राज्य अध्यक्ष धनंजय ने कहा, "हम एक व्यक्ति धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे. यह सरकार हम सभी को जेल में डालने की कोशिश कर रही है. जिस तरह की गिरफ्तारियां आपने की हैं और बिहार के युवा छात्रों के साथ जिस तरह की अमानवीयता की जा रही है, वह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा..." 

Students protest LIVE: छात्रों के प्रदर्शन पर बंगाल के मंत्री बोले- हम जानते हैं वे किससे प्रेरित हैं

मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "हम जानते हैं कि वे किससे प्रेरित हैं और किसके लिए काम कर रहे हैं. कुछ लोग राहुल गांधी की तरह नेता बन जाते हैं, तो कुछ टिकैत की तरह, और एक जैसे नारे अपनाते हैं. कोई भी आंदोलन हो, वे नेता बन जाते हैं और नारे वही होते हैं. कभी-कभी, हम पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों से भी उनसे ऐसी ही आवाजे सुनते हैं. इससे सवाल उठता है कि उनके कनेक्शन कहां हैं."

Students protest LIVE: जंतर-मंतर के पास फूड डिलीवरी ऐप पर रोक का दावा गलतः दिल्ली पुलिस

सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें फैल रही हैं कि दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में फूड डिलीवरी ऐप सेवाओं पर रोक लगा दी है. यह दावा पूरी तरह से गलत, बेबुनियाद और गुमराह करने वाला है. दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में फ़ूड डिलीवरी सेवाओं पर कोई रोक नहीं लगाई है. दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए यह जानकारी दी है. दिल्ली पुलिस ने कहा कि लोगों को सलाह दी जाती है कि वे बिना पुष्टि वाली और गुमराह करने वाली जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे शेयर करें. कृपया सही और पक्की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.

CJP Protest LIVE Updates: दिल्ली पुलिस ने जारी किए 20 जुलाई संसद चलो मार्च के VIDEO

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जुलाई को 'संसद चलो मार्च' का आह्वान किया था. सुबह 9 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन कुछ ही देर में तेज हो गया था. इस दौरान लाठीचार्ज भी हुआ था. जिसके बाद देशभर में इस मुद्दे पर जमकर सियासत हुई थी, इस मुद्दे  पर दिल्ली हाईकोर्ट ने भी कड़ा रुख दिखाया था. इस बीच 24 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़े कुछ वीडियो जारी किए हैं, जिसमें 20 जुलाई के दिन क्या-क्या हुआ, कैसे प्रदर्शन तेज हुआ, बैरिकेड्स तोड़ कैसे प्रदर्शनकारी आगे बढ़े. यह सबकुछ वीडियो में दिख रहा है.  
पढ़ें पूरी खबर- दिल्ली पुलिस ने जारी किए 20 जुलाई के VIDEO, CJP आंदोलन के प्रदर्शन की दिखी तस्वीर

इंस्टा पर मंत्रियों की मजबूत मौजूदगी चाहते हैं PM, जानें इस प्लेटफार्म पर कौन कितना बड़ा धुरंधर!

नीट पेपर लीक के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच पीएम मोदी ने अपने कैबिनेट के साथियों को सलाह दी है कि वे इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करें. यदि पहले से ही कर रहे हैं तो उसे बढ़ाएं. पीएम मोदी का कहना है कि इंस्टाग्राम पर रील्स डालें ताकि यूथ से कनेक्ट करें. पीएम मोदी ने बीती रात भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. 
पढ़ें पूरी खबर- इंस्टा पर मंत्रियों की मजबूत मौजूदगी चाहते हैं PM, जानें इस प्लेटफार्म पर कौन कितना बड़ा धुरंधर!

CJP Jantar Mantar protest LIVE: जंतर-मंतर पर गर्मी और उमस के बीच ऐसे प्रदर्शन कर रहे छात्र, वीडियो

जंतर-मंतर पर गर्मी और उमस के बीच प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हैं. प्रदर्शनकारियों के आज सुबह का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें युवा पेपर, कार्टून से हाथ पंखा बनाकर उसे झेलते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं. 

Students protest LIVE: सिलीगुड़ी में आज भी छात्रों की रैली, कहा- NTA को जल्द से जल्द भंग किया जाना चाहिए

बंगाल के सिलीगुड़ी में भी आज छात्रों ने रैली बुलाई है. DYFI नेता सागर शर्मा ने कहा, "हम आज सभी युवा छात्रों को बुलाकर यह रैली कर रहे हैं. देश भर के छात्रों और युवाओं की बस एक ही मांग है- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा. मुद्दे से ध्यान भटकाने के बजाय, हमें मुख्य मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए... कई छात्र घायल हुए, और जिस तरह से उन पर लाठियों और नुकीली चीज़ों से हमला किया गया, वह बिल्कुल निंदनीय है. पुलिस के ख़िलाफ़ कार्रवाई होनी चाहिए... हम अपनी आवाज़ उठा रहे हैं, और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को जल्द से जल्द भंग किया जाना चाहिए. इन्हीं मांगों के साथ, हम दिल्ली के छात्र आज सिलीगुड़ी में रैली कर रहे हैं और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे सभी लोगों के साथ एकजुटता दिखा रहे हैं... अगर पुलिस छात्रों की रैली में रुकावट डालती है, तो यह रैली दिन में तीन बार होगी..."

CJP Jantar Mantar protest LIVE: AISA का आज बिहार बंद का ऐलान, माले विधायक गिरफ्तार

छात्र संगठन AISA ने आज बिहार बंद का ऐलान किया है. इससे पहले नीट पेपर लीक के विरोध में दो दिन पहले पटना में हुए हिंसक प्रदर्शन के संबंध में भाकपा (माले) के विधायक संदीप सौरभ को कथित तौर पर ‘‘हिंसा भड़काने'' के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया. पटना के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

सौरभ ने 22 जुलाई को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था. यह प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिसमें भाजपा नेताओं पर हमला किया गया और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई थी. इस मामले में सौरभ की भूमिका को लेकर बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायकों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी और उन पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने का आरोप लगाया था.

CJP Jantar Mantar protest LIVE: दिल्ली में शराब की दुकानें अब रात 8 बजे तक ही खुलेंगी

दिल्ली में छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए शराब की सभी दुकानों को पूरे वीकेंड शाम 8 बजे तक ही खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं. शुक्रवार को सूत्रों ने यह जानकारी दी. गुरुवार को बिना पूर्व सूचना के दुकानों के जल्दी बंद होने से कई लोगों को निराशा हुई, क्योंकि उन्हें शराब न मिलने के कारण वापस लौटना पड़ा. दिल्ली में शराब की दुकानें आमतौर पर रात 10 बजे बंद होती हैं.

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “अब सप्ताहांत तक दुकानें रात आठ बजे तक ही खुलेंगी. यह फैसला जंतर-मंतर पर जारी विरोध-प्रदर्शन की वजह से बनी मौजूदा स्थिति के बारे में पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर लिया गया है.”

CJP Protest Live Updates: CJP प्रवक्ता बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं, सरकार अड़ी रही कठोर फैसला लेंगे

सरकार और CJP से बातचीत के बारे में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, "कल की मीटिंग में हमें मुआवज़े और कानूनी मामलों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली. हमें सैद्धांतिक सहमति मिल गई है और उम्मीद है कि आज लिखित समझौता भी मिल जाएगा. हालांकि, हमारी मुख्य मांग- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कोई ठोस फ़ैसला नहीं हुआ है. असल में, कल हमने मुख्यधारा की मीडिया में सूत्रों के हवाले से देखा कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देंगे. अगर वे इस्तीफ़ा नहीं देने वाले हैं, तो इन मीटिंग्स का कोई मतलब नहीं है. ऐसे में, हम अपनी अगली रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे. अगर सरकार अड़ी रहती है और कहती है कि प्रधान इस्तीफा नही देंगे तो हम भी कड़े फैसले लेने के लिए मजबूर होंगे. 

CJP Protest Jantar Mantar Live Updates: दिल्ली में आज भी 18 मेट्रो स्टेशन बंद

दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन आज भी बंद हैं. इसमें राजीव चौक, ITO , मंडी हाउस और सुप्रीम कोर्ट जैसे स्टेशन शामिल हैं. DMRC ने लगातार चौथे दिन ये बड़ा फैसला लिया है. सुबह 7.30 बजे से ये आदेश प्रभावी रहेगा. इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन के कारण आज लगातार चौथा दिन है, जब दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
CJP Protest Live Updates, Delhi Protest Live News, Paper Leak Protest, Jantar Mantar Live, Jantar Mantar CJP Protest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com