UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने एक बार फिर बड़ा बड़ा बयान दिया है. राजभर ने दावा किया है कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) साल 2047 तक यूपी की सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी. इसके साथ ही उन्होंने सपा में जल्द ही एक बड़ी टूट होने का भी सीधा इशारा दिया है.
'2027 भूल जाइए, सदन शुरू होने से पहले ही...'
ओम प्रकाश राजभर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही एक बहुत बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकता है. उन्होंने बताया कि साल 2027 के विधानसभा चुनावों की तो बात ही छोड़ दीजिए, विधानसभा का आगामी सत्र शुरू होने से पहले ही सारा खेल खत्म हो जाएगा. राजभर ने चुनौती देते हुए कहा कि यह बात लिख कर रख लीजिए कि 2047 तक समाजवादी पार्टी सत्ता का मुंह नहीं देख पाएगी.
सपा के 25-26 सांसद छोड़ने वाले हैं पार्टी?
इससे पहले यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद पार्टी से अलग होने की तैयारी में हैं. ओम प्रकाश राजभर ने अब डिप्टी सीएम के इस बड़े दावे का पूरी तरह से समर्थन किया है. राजभर ने इससे पहले भी कहा था कि सपा में बगावत तय है और इसका नेतृत्व 'बागी धरती के लाल' यानी सपा सांसद सनातन पांडेय करेंगे. हालांकि, सनातन पांडेय मीडिया के सामने इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर चुके हैं.
Lucknow, Uttar Pradesh: On Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya's statement, Minister Om Prakash Rajbhar says, "He is absolutely right. The government has initiated a thorough investigation into the alleged scams, and whenever the probe gains momentum, the Samajwadi Party… pic.twitter.com/UK1MSdz6KN
— IANS (@ians_india) June 18, 2026
'घोटालों की जांच से घबराई हुई है समाजवादी पार्टी'
सपा नेताओं की बेचैनी का कारण बताते हुए राजभर ने कहा कि सरकार ने पूर्ववर्ती कथित घोटालों की गहन जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जांच की आंच तेज होती है, समाजवादी पार्टी के भीतर घबराहट बढ़ने लगती है. राजभर ने सीबीआई द्वारा जांचे जा रहे खनन घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें गायत्री प्रजापति और अखिलेश यादव का नाम सामने आया है. प्रजापति फिलहाल जेल में हैं, जबकि अखिलेश यादव बाहर हैं. राजभर ने सवाल किया कि अगर सपा नेता खनन, लैपटॉप वितरण और गोमती रिवरफ्रंट जैसे घोटालों में शामिल नहीं हैं, तो उनके और उनके परिवार के पास हजारों करोड़ की संपत्ति और चार्टर्ड फ्लाइट से घूमने का पैसा कहां से आया.
Lucknow, Uttar Pradesh: On SP chief Akhilesh Yadav's allegations of corruption in transfer and posting decisions, Minister Om Prakash Rajbhar says, "When they were with you, how much money did they give you? The question is also: when we were with you, how much money did you give… pic.twitter.com/PiTlgwG47k
— IANS (@ians_india) June 18, 2026
रामगोपाल यादव की अमित शाह से मुलाकात का उठाया मुद्दा
गोमती रिवरफ्रंट घोटाले का हवाला देते हुए सुभासपा प्रमुख ने एक और दावा किया. उन्होंने कहा कि सपा के कद्दावर नेता रामगोपाल यादव के बेटे और शिवपाल सिंह यादव के बेटे का नाम भी इस घोटाले में शामिल है. राजभर के मुताबिक, जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज होने के बाद रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. राजभर ने दावा किया कि इस दौरान उन्होंने उन नेताओं के नामों की एक चिट्ठी भी सौंपी थी जो समाजवादी पार्टी छोड़ने के इच्छुक हैं. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी की मेहरबानी से ही ये लोग अब तक जेल से बाहर हैं.
Lucknow, Uttar Pradesh: Minister Om Prakash Rajbhar says, "It is certain that in the letter Ram Gopal Yadav submitted to the Home Minister, there is a list of the people who are likely to leave. He said, 'You may speak to these individuals; all of them will eventually move on." pic.twitter.com/DJ5yGrkHWI
— IANS (@ians_india) June 18, 2026
ट्रांसफर-पोस्टिंग के आरोपों और पीएम मोदी पर दिया बयान
अखिलेश यादव द्वारा ट्रांसफर और पोस्टिंग में भ्रष्टाचार के लगाए गए हालिया आरोपों पर पलटवार करते हुए राजभर ने अपना बचाव किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों के तबादले और नियुक्तियों की जिम्मेदारी शासन के अधिकारियों की होती है, मंत्रियों की नहीं. इसके साथ ही अयोध्या राम मंदिर को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने विरोधियों को अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी. वहीं, फ्रांस में हुए जी7 शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए राजभर ने वैश्विक स्तर पर पीएम मोदी की छवि की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जहां भी जाते हैं, शांति और सहयोग का संदेश लेकर जाते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि युद्ध सिर्फ विकास को रोकता है.
ये भी पढ़ें:- 'बलिया का लाल होगा सपा के बागी सांसदों का नेता', राजभर का इशारा किसकी तरफ? फिर बोले- अखिलेश की पार्टी टूटेगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं