ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में कॉलेज के बाहर हुई एक घटना ने सबको झकझोर दिया. दिनदहाड़े एक युवक ने छात्रा की गर्दन पर धारदार हथियार रखकर उसे धमकाया, वो भी लोगों के सामने. इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
यह घटना डेराबिश कॉलेज के बाहर शनिवार को हुई. कॉलेज गेट के पास अचानक एक युवक तलवार जैसे धारदार हथियार के साथ पहुंचा और वहां खड़ी दो युवतियों को डराने-धमकाने लगा. मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं और आम लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
छात्रा की गर्दन पर रखा हथियार
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक ने एक युवती की गर्दन पर धारदार हथियार रख दिया. यह नजारा देख वहां मौजूद लोग सहम गए. कुछ लोग दूर खड़े होकर पूरा घटनाक्रम देखते रहे, जबकि किसी ने हिम्मत कर पास जाने की कोशिश भी नहीं की.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को बुलाया. पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देरी के आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
विवाद के बाद बढ़ा मामला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. यह मामूली विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया और गुस्से में आकर युवक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया. पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी.
प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक उसी कॉलेज का +3 का छात्र है. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे या नहीं. मामला प्रेम संबंध, एकतरफा प्यार या किसी निजी विवाद से जुड़ा है या नहीं, इस पहलू पर भी जांच जारी है.
हैरानी की बात यह है कि अब तक युवती या उसके परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. हालांकि घटना के बाद युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी जांच की गई और उसकी हालत सामान्य बताई गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं