विज्ञापन
This Article is From Jul 15, 2025

जिंदगी की जंग हार गई छात्रा, HOD से परेशान होकर किया था आत्मदाह, AIIMS भुवनेश्वर में तोड़ा दम

बालासोर एफएम कॉलेज में छात्रा आत्मदाह की कोशिश की थी, जिसमें वह लगभग 95 प्रतिशत तक जल गई थी. इसके बाद से अस्‍पताल में उसका इलाज हो रहा था.

जिंदगी की जंग हार गई छात्रा,  HOD से परेशान होकर किया था आत्मदाह, AIIMS भुवनेश्वर में तोड़ा दम
एम्स भुवनेश्वर में इलाज के दौरान मौत
  • ओडिशा के बालासोर एफएम कॉलेज की छात्रा ने यौन उत्पीड़न सहन न कर पाने के कारण पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था.
  • छात्रा को लगभग पच्चीस दिनों तक एम्स भुवनेश्वर में इलाज के दौरान गुर्दे की रिप्लेसमेंट थेरेपी सहित कई उपचार दिए गए.
  • कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष और सहायक प्रोफेसर समीर साहू को निलंबित कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
बालासोर:

ओडिशा के बालासोर एफएम कॉलेज में आत्मदाह करने वाली छात्रा की एम्स भुवनेश्वर में इलाज के दौरान मौत हो गई है. इस मामले में 30 जून को पुलिस में शिकायत हुई थी और इसके बाद 12 दिन बाद आरोपी अरेस्ट हुआ, जब पीड़ित ने आत्महत्या की कोशिश की थी.  बालासोर एफएम कॉलेज में छात्रा आत्मदाह की कोशिश की थी, जिसमें वह लगभग 95 प्रतिशत तक जल गई थी. इसके बाद से अस्‍पताल में उसका इलाज हो रहा था. इस दौरान एम्स भुवनेश्वर में गुर्दे की रिप्‍लेसमेंट थेरेपी सहित कई कोशिश छात्रा को बचाने के लिए की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. 

प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप

ओडिशा के बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज की एक छात्रा ने शुक्रवार को कॉलेज के गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया था. छात्रा ने कथित तौर पर विभागाध्यक्ष द्वारा उत्पीड़न सहन नहीं कर पाने के कारण अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली, जो इंटीग्रेटेड बी.एड. द्वितीय वर्ष की छात्रा थी. इससे पहले फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज के प्रधानाचार्य दिलीप घोष को बी.एड. छात्रा के खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने के बाद शनिवार को निलंबित कर दिया गया था. छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर द्वारा यौन उत्पीड़न करने के मामले में उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने निलंबन आदेश में कहा कि प्रधानाचार्य मामले को ठीक से संभालने और अपने कर्तव्यों का पालन करने में विफल रहे. 

Latest and Breaking News on NDTV

जिंदगी की जंग हारी बेटी

  • 30 जून: पुलिस में शिकायत
  • 12 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं
  • 12 जुलाई: छात्रा ने खुद को लगाई आग
  • 12 जुलाई: एम्स भुवनेश्वर में भर्ती
  • 13 जुलाई: आरोपी HOD गिरफ्तार
  • 14 जुलाई: प्रिंसिपल भी गिरफ्तार
  • 3 दिन अस्पताल में जिंदगी की जंग
  • 14 जुलाई: रात 11.46 बजे मौत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छात्रा के परिजनों से की मुलाकात

छात्रा द्वारा आत्मदाह करने की कोशिश के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया, इस मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल और सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया. देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को अस्पताल में पीड़ित छात्रा के परिजनों से मुलाकात की थी. ओडिशा के दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को एम्स भुवनेश्वर के बर्न सेंटर का दौरा किया और बालासोर के एफएम कॉलेज परिसर में आत्मदाह का प्रयास करने वाली छात्रा के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की. उन्होंने पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसके इलाज में लगे डॉक्टरों की टीम से बातचीत की. उन्होंने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा.

कॉलेज ने क्‍या लिया एक्‍शन?

इस घटना के तुरंत बाद ओडिशा उच्च शिक्षा विभाग ने एफएम कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष और सहायक प्रोफेसर समीर साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था. पुलिस ने पहले समीर साहू और सोमवार को दिलीप कुमार घोष को गिरफ्तार किया. पिछले दिनों छात्रा ने कॉलेज के गेट के सामने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली थी, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई. वह इंटीग्रेटेड बीएड के सेकंड ईयर की छात्रा थी. आत्मदाह की कोशिश करने से पहले सौम्यश्री ने कथित दुर्व्यवहार के लिए बीएड विभाग के प्रोफेसर समीर कुमार साहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कॉलेज कैंपस के पास धरना दिया था. शिकायत के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह काफी निराश हो गई. इसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला लिया.

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
Associate Editor - Crime & Investigation
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Odisha Sexual Harassment Case, Balasore Sexual Harassment Case, AIIMS Bhubaneswar, Student Committed Self-immolation, Balasore FM College
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com