- नोरा फतेही ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में 200 करोड़ रुपए की ठगी मामले में अपना बयान दर्ज कराया.
- नोरा ने बताया कि दिसंबर 2020 में चेन्नई में एक इवेंट के दौरान लीना पॉलोस से उनकी मुलाकात हुई थी.
- लीना पॉलोस ने अपना परिचय नेल आर्टिस्ट्री सैलून की मालकिन के रूप में दिया और गिफ्ट में कार देने की बात कही.
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही का नाम लंबे समय से सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए की कथित ठगी और वसूली के मामले में चर्चा में रहा है. इस मामले में अब दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में उनका बयान दर्ज किया गया. शुक्रवार को कोर्ट के सामने पेश हुईं नोरा ने दिसंबर 2020 में चेन्नई में हुए एक इवेंट का पूरा किस्सा सुनाया. एक्ट्रेस नोरा फतेही ने एडिशनल सेशंस जज गगनदीप सिंह के सामने अपना बयान दर्ज कराया. कोर्ट में बयान के दौरान नोरा ने बताया कि वह मोरक्को में रहने वाली कनाडाई नागरिक हैं और भारत में टी-सीरीज़ के वर्क वीजा पर आई थीं. उन्होंने अपने चेन्नई दौरे और सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोस से मुलाकात से जुड़ी जानकारी भी अदालत को दी.
नोरा ने कोर्ट को बताया कि वह दिसंबर 2020 में अपनी पूरी टीम के साथ फ्लाइट से चेन्नई पहुंची थीं. वहां एक इवेंट होना था, जिसकी पूरी व्यवस्था एक्सीड एंटरटेनमेंट के कर्मचारियों ने संभाली थी. इवेंट के लिए तैयार होने के दौरान उनकी टीम ने उन्हें बताया कि सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना उनसे और उनके परिवार से मिलना चाहती हैं. इसके बाद लीना पॉलोज दो वीडियोग्राफर और कुछ अन्य लोगों के साथ उनके कमरे में पहुंचीं. वह अपने साथ कुछ गिफ्ट भी लेकर आई थीं.
नोरा फतेही का सुकेश चंद्रशेखर ने कब हुई थी बात?
अभिनेत्री ने बताया कि मुलाकात के दौरान लीना ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह नेल आर्टिस्ट्री सैलून की मालकिन हैं. बातचीत के बीच लीना ने कहा कि उनके पति उन्हें 'हेलो' कहना चाहते हैं और चेन्नई आने के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं. इसके बाद लीना ने अपने पति को फोन लगाया और स्पीकर पर बात कराई. नोरा ने बताया कि फोन पर सुकेश ने उनसे कहा कि वह और उनका परिवार उनके बहुत बड़े फैन हैं. उन्होंने इवेंट में आने के लिए उनका धन्यवाद किया और भविष्य में भी उनके साथ और इवेंट करने की इच्छा जताई. इसी बातचीत के दौरान लीना ने नोरा को एक कार गिफ्ट करने की बात कही. फोन पर मौजूद सुकेश ने भी उनसे अनुरोध किया कि वह इस कार को गिफ्ट के तौर पर स्वीकार कर लें.
नोरा फतेही ने कोर्ट को क्या बताया?
नोरा ने बयान में बताया कि यह बातचीत खत्म होने के बाद वह अपनी टीम के साथ इवेंट के लिए निकल गईं. वहां वह चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल हुईं और डांस कॉम्पिटिशन को जज किया. अभिनेत्री ने कोर्ट को बताया कि इवेंट के दौरान उन्हें कुछ लिफाफे दिए गए थे. उनसे कहा गया था कि वह ये लिफाफे दिव्यांग बच्चों के माता-पिता को सौंप दें. इस तरह नोरा ने कोर्ट के सामने चेन्नई इवेंट में मौजूदगी से लेकर लीना और सुकेश के साथ हुई बातचीत तक की जानकारी दी. कोर्ट में नोरा का बयान अभी पूरा नहीं हुआ है. उनका आगे का बयान 30 नवंबर को दर्ज किया जाएगा. इस दिन मामले में अगली सुनवाई होगी.
IANS के इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : धनतेरस की वजह से दिल्ली-एनसीआर में लगा भीषण जाम, सड़कों पर कई-कई KM तक रेंगती दिखी गाड़ियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं