नोएडा के 12 स्कूलों को एक बार फिर से धम की धमकी मिली है. सेक्टर 16 के एपीजे, स्टेप बाय स्टेप और डीपीएस स्कूल को ये धमकी भरे मेल मिले हैं. पुलिस स्कूलों में जांच कर रही है. इस बीच स्कूलों से बच्चों को घर भेजा जा रहा है. जैसे ही स्कूलों में बम की धमकी आई पुलिस के साथ-साथ बम निरोध दस्ता, डॉग स्क्वॉयड पहुंच गए. धमकी आए सभी स्कूलों में जांच की जा रही है.
नोएडा के अतिरिक्त डेप्युटी पुलिस कमिश्नर अभय कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चल रहा है. अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि जैसे उन्हें बम की धमकी की जानकारी मिली हमने तुरंत कार्रवाई की.
पुलिस ने बताया कि अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. लगातार इस घटना पर नजर रखी जा रही है. पुलिस ने बताया कि पुलिस की साइबर टीम मेल की जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने बताया कि अभी स्थिति पूरी तरह से सामान्य है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है.
गौतमबुद्धनगर पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. इसके बाद संबंधित थानों की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से स्कूलों के विभिन्न हिस्सों की जांच कराई गई. इसके साथ ही एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम और फायर ब्रिगेड को भी सुरक्षा जांच में लगाया गया. पुलिस की टीमें स्कूल परिसरों में सतर्कता के साथ तलाशी अभियान चला रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में कोई ऐसी वस्तु या तथ्य नहीं मिला है, जिससे किसी वास्तविक खतरे की पुष्टि होती हो.
हालांकि, धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है. पुलिस ने आम लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें. किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें. पुलिस का कहना है कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है और ई-मेल की तकनीकी जांच के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं