सीबीआई ने गुरुवार को कहा कि उसे NEET-UG 2024 का पेपर चोरी होने या उसके वितरण में संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया की भूमिका साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला. एजेंसी ने एक बयान में कहा कि 2024 में बिहार पुलिस ने NEET-UG पेपर की चोरी का पता लगाया और मामला दर्ज किया था.
सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, उस समय, शुरू में संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया पर चोरी में शामिल होने का संदेह था क्योंकि वह पेपर चोरी या लीक के कुछ अन्य मामलों में शामिल पाया गया था. इसी आधार पर बिहार पुलिस ने उसे FIR में आरोपी बनाया था.
बाद में यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया. जांच के दौरान एजेंसी ने पेपर को चुराने और चोरी हुए पेपर को आगे वितरित करने में शामिल प्रत्येक व्यक्ति और इससे फायदा उठाने वाले हर व्यक्ति की पहचान की. सीबीआई ने पटना की अदालत में 45 लोगों के खिलाफ कई चार्जशीट दाखिल किए.
सीबीआई के इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने सीबीआई जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी ने जानबूझकर टाइम पर चार्जशीट दायर नहीं की, जिसकी वजह से इसको तीन महीने में ही ऑटोमैटिक बेल मिल गई.
CBI ने क्या-क्या कहा?
सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, जांच के दौरान सीबीआई को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे 2024 में NEET-UG का पेपर चुराने या उसके वितरण में संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया की भूमिका साबित हो सके.
बयान में कहा गया है कि विस्तृत और गहन जांच के बाद, एजेंसी को यकीन हो गया है कि पूरी साजिश और उसमें शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है.
बयान के अनुसार, संजीव मुखिया उस दौरान फरार था. बाद में बिहार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. चूंकि वह प्राथमिकी में नामजद आरोपी था, इसलिए सीबीआई ने NEET-UG 2024 मामले में पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया.
बयान में कहा गया है कि जांच के दौरान इस मामले में उसकी संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला इसलिए सीबीआई ने संजीव मुखिया के खिलाफ कोई आरोपपत्र दाखिल नहीं किया और उसे NEET-UG 2024 मामले में जमानत मिल गई.
एजेंसी ने बताया कि सीबीआई मामले में जमानत मिलने के बाद भी मुखिया न्यायिक हिरासत में रहा क्योंकि वह बिहार पुलिस द्वारा जांच किए जा रहे कुछ अन्य मामलों में भी आरोपी था.
बयान में कहा गया है, सीबीआई ने NEET-UG 2024 पेपर चोरी के मामले की विस्तृत जांच की, इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी कानून के शिकंजे से बच न पाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं