बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है. नई टीम में कई अनुभवी और चर्चित नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. वसुंधरा राजे और राम माधव समेत कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है. नई टीम की खास बात महिलाओं की मजबूत भागीदारी है. 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं शामिल हैं, जो कुल संख्या का लगभग आधा हिस्सा है.
1. वसुंधरा राजे सिंधिया बीजेपी की वरिष्ठ नेता और राजस्थान की राजनीति का बड़ा चेहरा हैं. वह राजस्थान की पहली महिला मुख्यमंत्री रही हैं और दो बार इस पद पर रह चुकी हैं. उनका पहला कार्यकाल 2003 से 2008 तक और दूसरा कार्यकाल 2013 से 2018 तक रहा.राजनीति में उनकी पहचान एक प्रभावशाली संगठनकर्ता और जनाधार वाली नेता के रूप में होती है. अब बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में भी उन्हें अहम जिम्मेदारी दी गई है, जिससे एक बार फिर उनकी राजनीतिक सक्रियता चर्चा में है.

2. डी. पुरंदेश्वरी (दग्गुबाती पुरंदेश्वरी) बीजेपी की वरिष्ठ नेता हैं और आंध्र प्रदेश की प्रमुख महिला राजनेताओं में गिनी जाती हैं. वह आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एन. टी. रामाराव की बेटी हैं. पुरंदेश्वरी लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और केंद्र सरकार में मानव संसाधन विकास तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं. वह 2023 में आंध्र प्रदेश बीजेपी की अध्यक्ष बनाई गई थीं और राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रिय रही हैं. वर्तमान में उनका नाम बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व में प्रभावशाली नेताओं में लिया जाता है.

3. रेखा वर्मा बीजेपी की वरिष्ठ नेता हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा मानी जाती हैं. वह धौरहरा (खीरी) लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुकी हैं और 2019 से बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं. हाल के वर्षों में संगठन के भीतर उनकी भूमिका लगातार बढ़ी है और उन्हें पार्टी के प्रमुख महिला नेताओं में गिना जाता है. आने वाले दिनों में यूपी चुनाव है, ऐसे में उनकी नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है. यूपी की राजनीति और महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की पार्टी की रणनीति में उनका नाम प्रमुख नेताओं में शामिल माना जाता है.'

4. डॉ. भारती प्रवीण पवार BJP की नेता हैं और महाराष्ट्र की राजनीति से आती हैं. वह पेशे से डॉक्टर हैं और 2019 में महाराष्ट्र की डिंडोरी लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थी. इसके बाद उन्हें केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री बनाया गया था.

5. वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी बीजेपी) की वरिष्ठ नेता हैं और गुजरात की राजनीति से जुड़ा एक जाना-पहचाना नाम हैं. वह गुजरात के वढवाण विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुकी हैं. उन्होंने 2007 और 2012 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतकर गुजरात विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया.
6. डॉ. मधुचंद्रा कर पश्चिम बंगाल की जानी-मानी कैंसर विशेषज्ञ और बीजेपी नेता हैं. चिकित्सा क्षेत्र में उनकी पहचान एक अनुभवी कैंसर विशेषज्ञ के रूप में रही है. डॉ. मधुचंद्रा पश्चिम बंगाल बीजेपी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं. वह पार्टी में उपाध्यक्ष स्तर की भूमिका में भी रही हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी रखती हैं.
ये भी पढे़ं : भाजपा की नई टीम का ऐलान, नितिन नवीन ने स्मृति ईरानी और राम माधव समेत कई चेहरों को एंट्री देकर चौंकाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं