उत्तर प्रदेश के बहराइच, गोंडा समेत कई जिलों के लिए अच्छी खबर है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपालगंज रोड-बहराइच रेलवे सेक्शन का उद्घाटन कर दिया है. यह रेलवे रूट अब पूरी तरह खुल गया है. इस रेलवे सेक्शन के खुलने के बाद दिल्ली, यूपी और बिहार के शहरों तक की कनेक्टिविटी आसान होगी.
ब्रिटिश काल में हुआ था निर्माण, अब हुआ अपग्रेड
इस रेल सेक्शन का निर्माण ब्रिटिश काल में मीटर-गेज के तौर पर किया गया था. इसे बड़ी लाइन में तब्दील करने की मांग लंबे समय से हो रही थी, ताकि इसे बड़े रेल नेटवर्क से जोड़ा जा सके और आस-पास के इलाकों के लोगों की सुविधा के लिए मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जा सकें.
हालांकि रेलवे ने अब इस रूट पर मीटरगेज से ब्रॉडगेज में बदल दिया है साथ ही पूरा ट्रैक इलेक्ट्रिफाई भी हो गया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस रेलखंड का उद्घाटन किया.
किन जिलों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
इस रेलखंड के शुरू होने से यूपी के बहराइच, नानपारा, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर और वाराणसी के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. गोंडा जंक्शन के जरिए यह रूट उत्तर प्रदेश के बड़े रेल नेटवर्क से जुड़ गया है.
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) August 31, 2026
नेपालगंज से वाराणसी तक सीधी ट्रेन
सबसे बड़ी सुविधा नेपाल सीमा से वाराणसी तक सीधी रेल कनेक्टिविटी है. अब इस रूट पर कई इंटरसिटी एक्सप्रेसवे शुरू की जा रही हैं. ये ट्रेनें गोरखपुर और मऊ से होकर चलेंगी.
इस नई रेल सर्विस से: काशी विश्वनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं, अयोध्या दर्शनार्थियों और नेपाल से आने वाले यात्रियों को फायदा होगा. अब नेपाल सीमा से वाराणसी और अयोध्या की यात्रा पहले की तुलना में ज्यादा आसान और सस्ती हो जाएगी.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस खंड पर चार रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी, जिनसे लाखों लोगों को फायदा होगा. अधिकारियों ने बताया कि इस खंड के उद्घाटन से पहले बहराइच तक का विद्युतीकृत बड़ी लाइन थी.
यह भी पढ़ें: ईस्ट-वेस्ट फ्रेट कॉरिडोर: रेलवे 6 रूट पर सुपरफास्ट गुड्स ट्रेनें चलाएगा, झारखंड समेत इन राज्यों को फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं