विज्ञापन

जयपुर से शुरुआत, कई राज्यों में फैला, अब CBI के हाथ जांच की कमान... NEET पेपर लीक के 'महाजाल' की पूरी कहानी

NEET UG Exam Canceled : सूत्रों के अनुसार जयपुर पहुंची CBI टीम अब SOG मुख्यालय में विस्तृत जांच रिपोर्ट लेगी. हिरासत में लिए गए आरोपियों को भी CBI अपने कब्जे में ले सकती है. जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं.

जयपुर से शुरुआत, कई राज्यों में फैला, अब CBI के हाथ जांच की कमान... NEET पेपर लीक के 'महाजाल' की पूरी कहानी
  • NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद पेपर लीक मामले की जांच राजस्थान SOG और CBI कर रही है.
  • जांच में पता चला कि पेपर की पहली डिजिटल कॉपी महाराष्ट्र के नासिक में बनाई गई थी.
  • पेपर लीक हाई-टेक तरीके से किया गया था जिसमें पोर्टेबल स्कैनर से सवालों की स्कैन कॉपी बनाई गई.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. इसके बाद से जांच एजेंसियों का फोकस पेपर लीक में शामिल माफिया और आरोपियों पर बढ़ गया है. जैसे‑जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे‑वैसे इस पूरे नेटवर्क की परतें खुलती जा रही हैं और कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं. इस परीक्षा के रद्द होने के बाद सबसे पहले सोशल मीडिया और कुछ कोचिंग सर्किल में वायरल हुए गेस पेपर ने जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है. शुरुआती जांच में सामने आया कि वायरल सवाल और असली परीक्षा के प्रश्नों में चौंकाने वाली समानता थी. सूत्रों के मुताबिक बायोलॉजी के 90 में से 90 सवाल हूबहू मैच पाए गए, जबकि केमिस्ट्री के 46 में से 35 सवाल एक जैसे मिले. कई सवालों में लाइन, कॉमा और शब्द तक नहीं बदले गए थे. इसी के बाद राजस्थान SOG ने पूरे मामले की जांच शुरू की हैं.

राजस्थान SOG की जांच में बड़े खुलासे

राजस्थान SOG ने अब तक करीब 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है. जांच में दो नाम सबसे अहम बताए जा रहे हैं- मनीष यादव और राकेश मंडावरिया. सूत्रों ने यह भी बताया कि मनीष यादव को जयपुर से हिरासत में लिया गया, जबकि राकेश मंडावरिया का संबंध सीकर के एक कंसल्टेंसी सेंटर से बताया जा रहा है. जांच एजेंसियों का आरोप है कि मनीष यादव ने लीक हुए सवालों में दूसरे सवाल मिलाकर एक क्वेश्चन बैंक तैयार किया था, ताकि शक कम हो और छात्रों को वही पढ़ाया जा सके.

नासिक से शुरू हुई पेपर लीक की पूरी चेन

सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि पेपर की पहली डिजिटल कॉपी महाराष्ट्र के नासिक में बनाई गई थी. बताया जा रहा है कि नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस में प्रश्नपत्र कॉपी किया गया. वहां से यह पेपर हरियाणा पहुंचा, जहां गुरुग्राम के एक डॉक्टर तक इसे पहुंचाया गया. इसके बाद पेपर जयपुर लाया गया और फिर जमवारामगढ़ होते हुए सीकर तक पहुंचा. जांच एजेंसियों का दावा है कि सीकर से यही पेपर जम्मू-कश्मीर, बिहार और केरल तक फैलाया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

नासिक कनेक्शन में बड़ा खुलासा

महाराष्ट्र के नासिक के इंदिरानगर इलाके से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. सूत्रों के अनुसार आरोपी करीब 30 साल का है और BAMS की पढ़ाई कर रहा था. बताया जा रहा है कि वह मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपना हुलिया बदल लिया था और बाल भी कटवा लिए थे. पुलिस ने पुराने फोटो के आधार पर उसकी पहचान की. यह कार्रवाई नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने की. हालांकि, हिरासत में लिए गए संदिग्ध ने पूछताछ में पुणे कनेक्शन की बात भी कही है, जिसके बाद पुणे से भी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है.

सूत्रो के मुताबिक, हाई-टेक तरीके से हुआ पेपर लीक

जांच एजेंसियों के मुताबिक इस बार पेपर लीक पारंपरिक तरीके से नहीं बल्कि हाई-टेक सिस्टम के जरिए किया गया. सूत्रों के अनुसार प्रश्नपत्र को मोबाइल कैमरे से नहीं बल्कि हाई-डेफिनिशन पोर्टेबल स्कैनर से स्कैन किया गया था. इसके बाद स्कैन कॉपी टेलीग्राम और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में भेजी गई. जांच में Private Mafia नाम का एक नेटवर्क सामने आया है, जिसमें करीब 400 सदस्य बताए जा रहे हैं. ग्रुप में केवल लीक पेपर अपलोड करने की चेतावनी लिखी गई थी.

एजेंसियां अब इस बात की भी जांच कर रही हैं कि नासिक के बाहरी इलाके में एक शैडो सर्वर इस्तेमाल किया गया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक छोटे IT स्टार्टअप की लीज लाइन का उपयोग डेटा ट्रांसफर छुपाने के लिए किया गया. इसके अलावा एक निजी कुरियर कंपनी के कर्मचारी पर भी शक है, जिसने कथित तौर पर सुरक्षित ट्रंक तक करीब 30 मिनट का एक्सेस दिलाने में मदद की.

सीकर और कोचिंग कनेक्शन भी जांच के घेरे में


जांच में यह भी सामने आया है कि सीकर के कुछ कोचिंग संस्थानों का इस नेटवर्क से संबंध हो सकता है. सूत्रों के अनुसार चुनिंदा छात्रों को पहले से गेस पेपर पढ़ाया गया था. सवालों की PDF सीकर से अलग-अलग राज्यों में भेजी गई और कई छात्रों को प्रिंटेड कॉपियां भी उपलब्ध कराई गईं. अब SOG चैट्स, कॉल लॉग्स और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है.

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला : CBI को सौंपी गई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने अब पूरे केस की जांच CBI को सौंप दी है. CBI ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और एक विशेष जांच टीम गठित करने की तैयारी शुरू कर दी है. इस टीम में ऐसे मामलों के एक्सपर्ट भी शामिल होंगे. CBI राजस्थान SOG से सभी दस्तावेज और केस फाइल अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है. साथ ही NTA अधिकारियों से पूछताछ की भी तैयारी की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक CBI की टीमें राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में जांच कर सकती हैं.

जयपुर पहुंची CBI टीम, SOG मुख्यालय में हैंडओवर प्रक्रिया शुरू

सूत्रों के अनुसार जयपुर पहुंची CBI टीम अब SOG मुख्यालय में विस्तृत जांच रिपोर्ट लेगी. हिरासत में लिए गए आरोपियों को भी CBI अपने कब्जे में ले सकती है. जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं.

NTA का बयान

NTA के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने कहा है कि परीक्षा से पहले कई इनपुट्स पर कार्रवाई की गई थी. उन्होंने बताया कि करीब 20 टेलीग्राम चैनल बंद करवाए गए थे. साथ ही यह भी कहा कि दोबारा परीक्षा जल्द करवाई जाएगी और छात्रों से नई फीस नहीं ली जाएगी.

इन धाराओं के तहत केस दर्ज

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली एक लिखित शिकायत के आधार पर, CBI ने NEET-UG 2026 परीक्षा के आयोजन में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के संबंध में एक FIR दर्ज की है. यह FIR BNS के तहत आपराधिक साज़िश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी और सबूतों को नष्ट करने के अपराधों के लिए; भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराधों के लिए और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत अपराधों के लिए दर्ज की गई है. जांच के लिए CBI की विशेष टीमें गठित की गई हैं और उन्हें विभिन्न स्थानों पर भेजा गया है.

ये भी पढ़ें : NEET पेपर लीक की पीड़ा: मेरे लिए पापा ने केवल दुकान ही नहीं बंद की थी, अपना वजूद दांव पर लगा दिया था

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com