- अजित पवार के निधन के बाद उनके पुत्र पार्थ पवार के बढ़ते प्रभाव से एनसीपी के वरिष्ठ नेता असहज महसूस कर रहे हैं.
- अमित शाह से एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात हुई, जिसमें सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार शामिल नहीं थे.
- पार्टी असंतोष को दूर करने के लिए सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में लगातार कोर कमेटी की बैठकें हो रही हैं.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अजित पवार गुट में बगावत के सुर तेज हो गए हैं. विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद पार्टी में उनके बेटे पार्थ पवार की बढ़ते वर्चस्व से कई वरिष्ठ नेता असहज बताए जा रहे हैं. साथ ही एनसीपी (अजित पवार गुट) के विधायकों और मंत्रियों ने अपने सहयोगी दलों बीजेपी और शिवसेना के खिलाफ भी खुलकर नाराजगी जताई है. एनसीपी विधायकों का आरोप है कि सहयोगी दलों के मंत्री केवल अपने ही विधायकों के कामों को प्राथमिकता दे रहे हैं और NCP विधायकों की अनदेखी की जा रही है.
आज सुबह एनसीपी कोर कमेटी की बैठक
कल उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में हुई बैठक में भी यह मुद्दा जोर-शोर से उठा. इस आंतरिक असंतोष और युवा बनाम वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रहे हालिया मतभेदों को सुलझाने के लिए आज सुबह 9 बजे NCP कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पार्टी के भीतर समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति पर अहम फैसले लिए जाने की उम्मीद है.
अमित शाह से मिले थे एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता
NCP के बीच ये बड़ी हलचल अमित शाह से हुई एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं की मुलाक़ात के बाद सामने आई . प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, सुनील तटकरे और दिलीप वलसे-पाटील जैसे वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से खास मुलाकात की. इस अहम बैठक से पार्टी प्रमुख और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार नदारद रहे.

पार्थ पवार के बढ़ते दखल से वरिष्ठ नेता असहज
बताया जा रहा है कि छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता पार्टी में पार्थ पवार के बढ़ते वर्चस्व, कामकाज के तरीके और नेतृत्व से खासे नाराज हैं. हालांकि, एनसीपी प्रवक्ता उमेश पाटिल ने पार्टी में किसी भी तरह की दरार से इनकार करते हुए सफाई दी है कि अमित शाह से यह मुलाकात पहले से तय थी और सुनेत्रा पवार की जानकारी में थी.
सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में कोर कमेटी की बैठक
इन तमाम राजनीतिक घटनाक्रमों और आंतरिक मतभेदों को सुलझाने के लिए मुंबई में पिछले कुछ दिनों से बैठकों का दौर लगातार जारी है. सोमवार शाम को मुंबई के देवगिरी आवास पर सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें कामकाज और सहयोगी दलों के रवैये का मुद्दा जोर-शोर से उठा.
छगन भुजबल के घर हुई अलग बैठक
वरिष्ठ नेताओं ने छगन भुजबल के आवास पर भी एक अलग बैठक की, जिसमें सुनेत्रा और पार्थ पवार मौजूद नहीं थे. पार्टी के भीतर चल रहे इसी भारी असंतोष और युवा बनाम वरिष्ठ नेताओं के मतभेदों को सुलझाने के लिए आज सुबह 9 बजे एनसीपी कोर कमेटी की फिर से एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है.
सुनेत्रा पवार आवास पर हुई बैठक
- सोमवार 2 नवंबर: सुनेत्रा पवार ने पार्टी के असंतुष्ट वरिष्ठ नेताओं और कोर कमेटी की बैठक बुलाई थी, जिसमें दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात कर लौटे नेताओं के साथ चर्चा हुई.
- मंगलवार 3 नवंबर: शाम 7 बजे सुनेत्रा पवार ने अपने देवगिरी आवास पर पार्टी के सभी विधायकों और मंत्रियों की एक बड़ी बैठक बुलाई थी, जिसमें करीब 50 विधायक शामिल हुए.
- तीसरी बैठक 4 नवंबर: आज बुधवार सुबह फिर से देवगिरी बंगले पर पार्टी की कोर कमेटी की बैठक का सिलसिला जारी रहा, जिसमें पार्टी संगठन और वरिष्ठ नेताओं और पार्थ पवार के बीच समन्वय को लेकर खास चर्चा की जाने की बात सामने आई है.
बीजेपी के कैबिनेट मंत्री से मिलीं सुनेत्रा
सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में होने वाली आज सुबह की फिर से बुलाई गई बैठक में पार्टी के भीतर समन्वय, वित्त मंत्रालय वापस पाने की मांग और आगामी राजनीतिक रणनीति पर अहम फैसले लिए जाने की खबरे हैं. इस बीच, महाराष्ट्र के बीजेपी कैबिनेट मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने देवगिरी आवास पर सुनेत्रा पवार से मुलाकात भी की है, जिसके अलग सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें - एनसीपी अजित गुट में सबकुछ ठीक नहीं? सुनेत्रा पवार के बिना अमित शाह से मिले बड़े नेता, आज मुंबई में अहम बैठक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं