विज्ञापन

एनसीपी अजित गुट में सबकुछ ठीक नहीं? सुनेत्रा पवार के बिना अमित शाह से मिले बड़े नेता, आज मुंबई में अहम बैठक

क्या दिल्ली में हुई बैठक के बाद एनसीपी अजित पवार पार्टी के भीतर नेतृत्व और विलय को लेकर उठे सवालों का जवाब मुंबई में मिलेगा? क्या सुनेत्रा पवार विधायकों के सामने पार्टी की आगे की रणनीति स्पष्ट करेंगी? या फिर यह बैठक एनसीपी के भीतर किसी बड़े राजनीतिक फैसले की भूमिका तैयार करेगी?

एनसीपी अजित गुट में सबकुछ ठीक नहीं? सुनेत्रा पवार के बिना अमित शाह से मिले बड़े नेता, आज मुंबई में अहम बैठक
NCP में फिर टूट के संकेत या विलय की तैयारी? दिल्ली की बैठक के बाद आज मुंबई में जुटेंगे सभी विधायक
  • एनसीपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की लेकिन सुनेत्रा और पार्थ पवार मौजूद नहीं थे
  • दिल्ली बैठक में एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय का मुद्दा उठा
  • सुनेत्रा पवार की बैठक में गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को बढ़ाया
मुंबई:

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अजित पवार गुट को लेकर एक बार फिर हलचल बढ़ गई है. पार्टी के भीतर सबकुछ ठीक है या फिर कोई नई राजनीतिक उठापकट शुरू होने के संकेत हैं? यह सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि अजित पवार गुट के कई दिग्गज नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, लेकिन इस अहम बैठक में पार्टी की मौजूदा नेता और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार मौजूद नहीं थे. अब इस मुलाकात के बाद मुंबई में बुलाई गई विधायकों की बैठक ने राजनीतिक गलियारों में चल रहे अटकलों के दौर को और हवा दे दी है.

NCP के 6 नेताओं ने की अमित शाह से मुलाकात

दिल्ली में हुई इस मुलाकात में एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, सुनील तटकरे और धनंजय मुंडे समेत छह नेता शामिल हुए थे. बैठक में सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर पार्टी के इतने वरिष्ठ नेताओं को अमित शाह से अलग बैठक करने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या एनसीपी के भीतर नेतृत्व और राजनीतिक रणनीति को लेकर कोई मतभेद है? हालांकि, बैठक में शामिल नेता किसी भी तरह के अंदरूनी विवाद से इनकार कर रहे हैं, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है.

एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर फंसा पेंच?

सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह के साथ हुई बैठक में एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय का मुद्दा भी उठा. बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर पार्टी की कोर टीम के नेताओं के बीच एकराय नहीं बन पाई. कुछ नेता एनसीपी के दोनों गुटों को फिर से एक साथ लाने के पक्ष में हैं, जबकि कुछ नेताओं का मानना है कि किसी भी परिस्थिति में दोनों गुटों का विलय नहीं होना चाहिए. दरअसल, एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने की अटकलें महाराष्ट्र की राजनीति में समय-समय पर उठती रही हैं. ऐसे में दिल्ली में हुई इस बैठक को केवल एक औपचारिक मुलाकात मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं है.

सुनेत्रा पवार की गैरमौजूदगी ने बढ़ाई चर्चा

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा सुनेत्रा पवार की गैरमौजूदगी को लेकर हो रही है. अजित पवार के निधन के बाद पार्टी की कमान और राजनीतिक जिम्मेदारियों को लेकर सुनेत्रा पवार की भूमिका अहम हो गई है. ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री से मिलना, लेकिन सुनेत्रा पवार का उस बैठक में शामिल नहीं होना कई राजनीतिक सवाल खड़े कर रहा है. हालांकि, अभी तक पार्टी के भीतर किसी बड़े मतभेद या बगावत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. नेता भी विवाद की खबरों को खारिज कर रहे हैं. लेकिन जिस तरह से दिल्ली की बैठक के बाद मुंबई में सभी विधायकों को एक साथ बुलाया गया है, उससे यह साफ है कि पार्टी के भीतर कुछ अहम राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होनी है.

ये भी पढ़ें:- दिल्ली बैठक में अमित शाह की NCP नेताओं को नसीहत, पहले पार्टी संभालिए, तभी मजबूत रहेगा NDA

आज देवगिरी निवास पर जुटेंगे एनसीपी के विधायक

दिल्ली में हुई बैठक के बाद अब सभी की निगाहें मुंबई पर टिक गई हैं. एनसीपी के सभी विधायकों की आज मुंबई स्थित देवगिरी निवास पर महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी मौजूद रहेंगी. बैठक में संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. खास बात यह है कि पहले पार्टी की कोर कमेटी के नेताओं के बीच चर्चा हुई और अब सभी विधायकों को एक साथ बुलाया गया है. ऐसे में इस बैठक को पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें:- अजित पवार विमान हादसे की सच्चाई जानने के लिए CID पहुंचे जय पवार, जांच में तेजी की उठाई मांग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NCP Ajit Pawar, Amit Shah, Sunetra Pawar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com