विज्ञापन
OPINION

प्रभात फेरियों में गूंजता बाबा नानक का संदेश, गुरबाणी की गूंज और बाबा नानक के विचारों का उजाला

प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालु जब सुबह-सुबह 'सतनाम, वाहेगुरु' का जाप करते हुए आगे बढ़ते हैं तो ऐसा लगता है मानो वे केवल गुरु नानक देव जी के जन्म का उत्सव मनाने नहीं निकले हैं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प भी दोहरा रहे हैं.

विवेक शुक्ला
  • कॉलमिस्ट
प्रभात फेरियों में गूंजता बाबा नानक का संदेश, गुरबाणी की गूंज और बाबा नानक के विचारों का उजाला

अभी सूरज ने आंखें भी नहीं खोली हैं. सर्दियों की हल्की ठंडक है. सड़कें लगभग खाली हैं और ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे हैं. तभी दूर से एक आवाज सुनाई देती है- -“कल तारण गुरूनानक आया...” या “नानक कहत जगत सब मिथिआ....” धीरे-धीरे यह आवाज नजदीक आती जाती है. कुछ लोग हाथों में निशान साहिब लिए हुए हैं तो कुछ शबद कीर्तन गाते हुए आगे बढ़ रहे हैं. छोटे-बड़े, महिलाएं और पुरुष, सभी के चेहरों पर एक अलग तरह की शांति और उत्साह है. यह दृश्य है बाबा गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व से पहले निकलने वाली प्रभात फेरी का. देश के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों ऐसे ही दृश्य देखने को मिलते हैं.

दरअसल प्रभात फेरियों के भीतर एक बड़ा सामाजिक और मानवीय संदेश छिपा है. यह संदेश है कि इंसान को इंसान से प्रेम करना चाहिए, किसी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए और अपने जीवन को दूसरों की भलाई के लिए समर्पित करना चाहिए. यही बाबा नानक की शिक्षाओं का मूल भाव है.

प्रकाश पर्व से लगभग एक पखवाड़े पहले प्रभात फेरियां शुरू हो जाती हैं. श्रद्धालु सुबह-सुबह गुरुद्वारों से निकलकर आसपास की बस्तियों और मोहल्लों में शबद कीर्तन करते हुए जाते हैं. इन फेरियों के दौरान गुरबाणी का गायन होता है और लोग श्रद्धा के साथ उनका स्वागत करते हैं. यह परंपरा लोगों को अपने गुरु की शिक्षाओं से जोड़ने का एक सुंदर माध्यम है.

एक बात महत्वपूर्ण है कि प्रभात फेरियों में गाए जाने वाले शबद केवल धार्मिक रचनाएं नहीं हैं. इनमें जीवन को बेहतर बनाने का रास्ता बताया गया है. गुरबाणी बार-बार हमें याद दिलाती है कि मनुष्य का असली परिचय उसके कर्मों से होता है, न कि उसके धन, पद, जाति या प्रतिष्ठा से. यदि कोई व्यक्ति दूसरों के प्रति ईमानदार नहीं है, किसी का हक मारता है और कमजोर लोगों को दबाता है तो केवल धार्मिक दिखावा करने से वह अच्छा इंसान नहीं बन सकता.

बाबा नानक की तीन प्रमुख शिक्षाओं को अक्सर तीन सरल सूत्रों में समझाया जाता है- नाम जपो, किरत करो और वंड छको. यानी ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से मेहनत करके अपना जीवन चलाओ और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाओ. इन तीनों बातों में जीवन का पूरा दर्शन समाया हुआ है. 

सिख धर्मं के प्रकांड विद्वान प्रो. हरमीत सिंह कहते हैं कि नाम जपो का अर्थ केवल माला फेरना या बार-बार ईश्वर का नाम लेना नहीं है. इसका व्यापक अर्थ है अपने मन में अच्छे विचार रखना, अहंकार से दूर रहना और हर काम में परमात्मा की मौजूदगी महसूस करना. इसी तरह किरत करो हमें सिखाता है कि जीवन में सफलता का रास्ता ईमानदारी और मेहनत से होकर गुजरता है.

वंड छको का संदेश तो आज के समाज के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है. इसका अर्थ है अपनी खुशियों और संसाधनों को दूसरों के साथ बांटना. किसी के पास अधिक है और किसी के पास बहुत कम, तो समाज की जिम्मेदारी है कि वह जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करे. 

यही सोच सिख धर्म की लंगर परंपरा में दिखाई देती है. गुरुद्वारों में बिना किसी भेदभाव के सभी लोगों को एक साथ बैठाकर भोजन कराया जाता है. वहां यह नहीं पूछा जाता कि सामने बैठा व्यक्ति किस धर्म, जाति या समुदाय से है. भूख और इंसानियत का रिश्ता हर पहचान से बड़ा है.

बाबा नानक ने महिलाओं को भी बराबरी का सम्मान देने की बात कही. उस दौर में जब महिलाओं को अनेक सामाजिक और धार्मिक बंधनों का सामना करना पड़ता था, उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर स्त्री को छोटा क्यों समझा जाए? श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज उनकी वाणी में स्त्री के महत्व को रेखांकित किया गया है.

प्रभात फेरियों की एक खास खूबी यह भी है कि वे धर्म को घरों और गुरुद्वारों की चारदीवारी से बाहर निकालकर समाज के बीच ले आती हैं. जब कीर्तन मंडली किसी मोहल्ले से गुजरती है तो वहां रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकलकर श्रद्धालुओं का स्वागत करते हैं. कई जगह लोग चाय, पानी और प्रसाद की व्यवस्था करते हैं. इस तरह एक धार्मिक आयोजन सामाजिक मेलजोल और आपसी सद्भाव का माध्यम बन जाता है. इसमें केवल सिख समुदाय के लोग ही नहीं, बल्कि दूसरे धर्मों के लोग भी उत्साह से भाग लेते हैं.

प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालु जब सुबह-सुबह 'सतनाम, वाहेगुरु' का जाप करते हुए आगे बढ़ते हैं तो ऐसा लगता है मानो वे केवल गुरु नानक देव जी के जन्म का उत्सव मनाने नहीं निकले हैं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प भी दोहरा रहे हैं.

बाबा नानक का संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है. वह पूरी मानवता के लिए है. उनका रास्ता हमें बताता है कि अच्छा इंसान बनने के लिए बहुत बड़े कर्मकांड की जरूरत नहीं है. ईमानदारी से काम करना, दूसरों के दुख को समझना, जरूरतमंद की सहायता करना और सभी को बराबर सम्मान देना ही सच्ची भक्ति है.

इसलिए जब अगली बार किसी सुबह आपके मोहल्ले से प्रभात फेरी गुजरे और हवा में गुरबाणी के मधुर स्वर गूंजें तो कुछ पल ठहरकर उन्हें जरूर सुनिएगा. संभव है कि उन शबदों में आपको जीवन की कोई ऐसी सीख मिल जाए, जिसे अपनाकर आप न केवल अपना बल्कि दूसरों का जीवन भी बेहतर बना सकें. आखिर यही तो बाबा नानक की शिक्षाओं का सार है- सबके साथ प्रेम, सबके लिए सम्मान और हर जरूरतमंद के लिए सेवा का भाव.

(डिस्क्लेमर: लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं, वो देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में अलग-अलग विषयों पर लेख लिखते हैं.इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Guru Nanak, Guru Nanak Quotes, Guru Nanak Birth Anniversary, Prabhat Pheri, Gurbani Broadcast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com