दोहा में खेले जा रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप में मंगलवार को भारत A के खिलाफ संयुक्त अरब अमीरात और भारतीय मूल के बल्लेबाज हरप्रीत सिंह छा गए. हरप्रीत ने 144 गेंदों पर 12 चौकों और 4 छक्कों से 130 रन की पारी खेली. उन्होंने अपनी टीम को 249 का स्कोर दिलाने में योगदान दिया. और इस पारी के साथ ही करोड़ों भारतीय फैंस को करीब वह हरप्रीत याद आ गया, जो एक गलतफहमी के कारण आईपीएल की मुख्यधारा से से ही बाहर हो गया. हरप्रीत आईपीएल खेलने में सफल तो रहे, लेकिन उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया, और यह था आईपीएल एक इतिहास में सबसे लंबे अंतराल पर मैच खेलना.
हरप्रीत को यह उनके करियर का यह सबसे बड़ा झटका साल 2017 की आईपीएल नीलामी के समय लगा. तब मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कार चलाने के मामले में पूर्व अंडर-19 खिलाड़ी हरमीत सिंह को हिरासत में लिया गया था, लेकिन एक मीडिया हाउस ने नीलामी से ठीक पहले गलती से हरमीत की जगह हरप्रीत सिंह भाटिया का नाम जारी कर दिया. हालांकि, बाद में एजेंसी ने अपनी गलती स्वीकार की, लेकिन फ्रेंचाइजी टीमों के बीच बनी नकारात्मक छवि के कारण नीलामी में अनसोल्ड रह गए.
मौका मिला, लेकिन कोई मैच नहीं मिला साल 2017 में
इसके बाद अप्रैल 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने चोटिल सरफराज खान के विकल्प के रूप में उन्हें टीम में शामिल किया, लेकिन उस पूरे सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का अवसर नहीं मिला. पेशेवर अनुबंध के अभाव में उन्हें आर्थिक दबाव का भी सामना करना पड़ा. साल 2020 के कोविड लॉकडाउन के दौरान उन्होंने मीडिया में चिंता जताई थी कि उनके पास न तो आईपीएल अनुबंध है और न ही कोई नियमित नौकरी, जबकि BCCI से तीन साल के घरेलू मैच शुल्क का भुगतान अटका हुआ है. जिस पर BCCI कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने लॉकडाउन को देरी का कारण बताया था).
आखिर 10 साल बाद मिला आईपीएल खेलने का मौका
आखिरकार, विजय हजारे ट्रॉफी 2022 के शानदार प्रदर्शन के बाद दिसंबर 2022 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने उन्हें 40 लाख रुपये में खरीदा. अप्रैल 2023 में जब उन्होंने पंजाब के लिए मैदान संभाला, तो यह दो आईपीएल मैचों के बीच 10 साल और 332 दिन का अंतराल था, जो आईपीएल इतिहास का सबसे लंबा अंतराल है. उन्होंने 2023 में तीन मैचों में 77 रन बनाए, जिसमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में 28 गेंदों पर 41 रनों की अहम पारी शामिल थी. लेकिन जून 2023 में कमर की समस्या बढ़ने पर उन्हें डॉ. अभय नेने की देखरेख में कीहोल स्पाइन सर्जरी करानी पड़ी. साल 2024 में वे पंजाब के लिए केवल दो मैच खेलकर 27 रन ही बना पाए और 2025 की मेगा नीलामी से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया.
कोच के बुलावे पर पहुंचे यूएई
हरप्रीत सिंह का सिंह का यूएई से कोई पारिवारिक या जन्मगत नाता नहीं था. उन्हें पहली बार करीब दो साल पहले यूएई में खेलने का प्रस्ताव मिला था, जिसे उन्होंने उस समय सही मौका न मानकर टाल दिया था, लेकिन साल 2025 के अंत में स्थिति बदली, जब यूएई राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच लालचंद राजपूत ने हरप्रीत को सीधे फोन कर टीम से जुड़ने के लिए कहा. उस समय हरप्रीत भारत में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेल रहे थे. नवंबर 2025 में उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए नाबाद 77 रन बनाए. इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए एक लिस्ट-ए मैच भी खेला. इसके बाद परिवार के साथ 3–4 दिन तक विचार-विमर्श करने और पिता द्वारा "तुम्हें यह अवसर लेना चाहिए" कहे जाने के बाद उन्होंने 17–18 साल का भारतीय घरेलू करियर छोड़कर यूएई जाने का भावुक निर्णय लिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं