मुंबई में 2008 के नरीमन हाउस आतंकी हमले में बचा इजरायली बालक मोशे होल्ट्जबर्ग इन दिनों न्यूयॉर्क में रब्बी बनने की धार्मिक शिक्षा ले रहे हैं और उसकी इच्छा अपने पिता की तरह रब्बी बनने की है. मुंबई हमले में अपने माता-पिता को खोने वाले मोशे ‘बेबी मोशे' के नाम से लोकप्रिय हैं. नरीमन हाउस के प्रभारी रब्बी इजरायल कोजलोवस्की ने बताया कि उनकी दो हफ्ते पहले न्यूयॉर्क में आयोजित रब्बियों के एक सम्मेलन में मोशे से मुलाकात हुई थी. नरीमन हाउस उन जगहों में से एक है, जिन्हें 26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने निशाना बनाया था.
रब्बी यहूदी धर्म का आध्यात्मिक नेता, धार्मिक शिक्षक और धर्मशास्त्र का विद्वान होता है.
मुंबई हमले के वक्त ‘बेबी मोशे' दो साल के थे, जो अब 20 साल के युवक के रूप में दिखाई दे रहे हैं. हमले के बाद उनके लगातार रोते हुए फुटेज ने दुनियाभर का ध्यान खींचा था और लाखों लोगों को भावुक कर दिया था.
‘पीटीआई-भाषा' के मुताबिक, नरीमन हाउस के प्रभारी कोजलोवस्की ने बुधवार को कहा, "वह फिलहाल न्यूयॉर्क में रब्बी बनने की पढ़ाई कर रहा है और रब्बी बनना चाहता है. उम्मीद है कि वह भारत लौटेगा. हमारी यही आशा है."
हमले में मारे गए मां-बाप...
मोशे के माता-पिता रब्बी गैब्रियल होल्ट्जबर्ग और उनकी मां रिवका होल्ट्जबर्ग की आतंकवादियों द्वारा चबाड हाउस पर हमले के दौरान हत्या कर दी गई थी. यह मुंबई के यहूदी समुदाय की गतिविधियों का केंद्र था. मोशे की आया सैंड्रा सैमुअल ने उसे इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला और वहां से लेकर भाग गईं. बाद में मोशे अपने दादा-दादी के साथ रहने के लिए इजरायल चला गया. उसने 2018 में आखिरी बार इजरायल के तत्कालीन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ नरीमन हाउस का दौरा किया था.
कोजलोवस्की ने कहा, "26 नवंबर, 2008 तक यह जगह मुख्य रूप से भारत और विदेशों से आने वाले यहूदी समुदाय के लोगों के लिए एक केंद्र के रूप में काम करती थी. बाद में इसके एक हिस्से को संग्रहालय में बदलने और इस जगह को शांति के प्रतीक के रूप में विकसित करने का फैसला किया गया."
उन्होंने कहा कि आप आतंकवादियों को अपनी जिंदगी की दिशा तय करने और उसे कंट्रोल करने की इजाजत नहीं दे सकते. इसलिए हमें अपने दरवाजे खोलने होंगे."
रब्बी ने बताया कि इमारत की छह मंजिलों में से तीन का इस्तेमाल चबाड हाउस की गतिविधियों के लिए किया जाएगा, जबकि बाकी तीन मंजिलों, ग्राउंड फ्लोर और स्मारक में तब्दील किया जाएगा. इस स्मारक के जरिए यहां हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी.
कोजलोवस्की ने कहा कि स्कूली बच्चे भी यहां आ सकेंगे. उन्होंने बताया कि इसके लिए फंड जुटाने का काम शुरू हो चुका है और निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा होने की उम्मीद है.
चबाड हाउस में प्रार्थना का आयोजन...
कोजलोवस्की ने बताया कि 26/11 हमले की बरसी के मौके पर यहां चबाड हाउस में सामुदायिक प्रार्थना का आयोजन किया गया है. बृहस्पतिवार को कई प्रतिनिधिमंडलों के भी यहां पहुंचने की उम्मीद है. कोजलोवस्की ने रब्बी चानोक गेख्तमैन की जगह ली थी, जिन्होंने गैब्रियल होल्ट्जबर्ग के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी. यरुशलम के रहने वाले कोजलोवस्की 2012 से नरीमन हाउस की गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
नरीमन हाउस से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर लियोपोल्ड कैफे स्थित है. यह भी 26/11 आतंकी हमलों के दौरान निशाना बनाए गए प्रमुख स्थानों में से एक था. विदेशी पर्यटकों के बीच लोकप्रिय इस मशहूर कैफे में हमले के बाद मरम्मत का काम कराया गया था. बुधवार दोपहर यहां स्थानीय लोगों और विदेशी पर्यटकों की काफी चहल-पहल थी.
कैफे इस त्रासदी से आगे बढ़ चुका है और वहां के कर्मचारी इस बारे में बात करने से बचते हैं, लेकिन यहां आने वाले लोग इसके इतिहास से अनजान नहीं हैं.
भारत घूमने आईं हंगरी की नागरिक ट्रिश ने कहा, "मुझे यहां का खाना पसंद है." जूस पीते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें इस कैफे पर हुए आतंकी हमले के बारे में जानकारी इंटरनेट से मिली थी.
यह भी पढ़ें | सलमान को बताया था इंडस्ट्री का ‘इकलौता टाइगर', इसलिए हमलावरों के निशाने पर आए टाइगर श्रॉफ
यह भी पढ़ें | टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस : बिश्नोई गैंग के 200 से ज्यादा वॉयस सैंपल खंगालेगी पुलिस, ऑडियो क्लिप से खुलेगा राज?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं