- 18 साल बाद भी चौंकाते हैं ये 10 बड़े खुलासे, ताज होटल से कसाब तक की अनकही कहानी
- डेविड हेडली की सीक्रेट रेकी, गर्लफ्रेंड और मुंबई हमले के अनजान किस्से
- मुंबई पहुंचने में NSG को क्यों लग गई पूरी रात?
26 नवंबर 2008 को मुंबई में जो आतंकी हमला हुआ था, उसे 18 साल पूरे हो रहे हैं. इन 18 सालों में उस हमले को लेकर तमाम किताबें लिखीं गईं, कई डॉक्यूमेंट्रिज बनाईं गईं, जांच रिपोर्ट्स वगैरह तैयार की गईं, लेकिन वो हमला इतना बडा था कि उससे जुडी तमाम बातों का अब तक पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है. यही वजह है कि हमले के 18 साल बाद भी उसे लेकर नई बातें सामने आ रहीं हैं, नये खुलासे हो रहे हैं. यहां हैं 26-11 से जुडे वे दस किस्से जिनके बारे में लोगों को ज्यादा पता नहीं.
1. उसी रात खत्म हो सकता था ऑपरेशन!
आतंकी हमले के महज घंटेभर बाद पुलिस के हाथ एक ऐसा सुनहरा मौका आया जो उसी रात ताज होटल के ऑपरेशन को खत्म कर सकता था. रात करीब 10 बजकर 50 मिनट होटल के अंदर घुसे चारों आतंकवादी एक साथ एक ही वक्त में होटल की पांचवीं मंजिल पर रूम नंबर 551 में दाखिल हुए. ये आतंकवादियों की ओर से की गई एक बडी गलती थी जिसका पुलिस इस्तेमाल कर सकती थी.

Photo Credit: PTI
10 मिनट बाद चारों आतंकवादी कमरा नंबर 551 से निकल कर 6वीं मंजिल पर चले गये और उन्होने आगजनी शुरू कर दी. पुलिस आतंकियों को घेरने का एक बहुत बडा मौका चूक गई. करीब रात 3 बजे तक डीसीपी नागरे पाटिल सीसीटीवी में सभी आतंकियों की हरकत देखते रहे, लेकिन वे कुछ नहीं कर सकते थे. आखिरकर आतंकियों ने उनके सीसीटीवी रूम पर ही हमला बोल दिया और उन्हें होटल से बाहर निकलना पडा.
2. महीनों पहले मिल गई थी अटैक की जानकारी
हमले से महीनों पहले पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि आतंकी मुंबई के 5 सितारा होटलों को निशाना बना सकते हैं. इसके मद्देनजर इलाके के डीसीपी विश्वास नागरे पाटिल ने ताज होटल की सुरक्षा का जायजा लिया था और वहां पुलिस की सुरक्षा भी मुहैया कराई थी...लेकिन ताज होटल के प्रबंधन को होटल की 5 सितारा चकाचौंध के बीच वर्दी और बंदूकधारी पुलिसकर्मी खटक रहे थे. इसलिये जैसे ही डीसीपी नागरे पाटिल छुट्टी पर गये, ताज के प्रबंधन ने उनकी ओर से लगाई गई सुरक्षा को दरकिनार कर दिया.
उस पहले अलर्ट के बाद उस जैसे 25 अलर्ट और भी आये जो कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए ने भारतीय एजेंसियों को दिये थे. कुल 26 में से 11 अलर्ट में ये बताया गया था कि आतंकी एक साथ कई ठिकानों पर हमला करने की तैयारी कर रहे हैं. 6 अलर्ट में ये साफ किया गया था कि आतंकी समंदर के रास्ते हमला करने पहुंचेंगे. आईबी को 2 ऐसे अलर्ट भी मिले जिनमें तारीखों के साथ जिक्र था कि आतंकी ताज महल होटल पर हमला कर सकते हैं. ये तारीखें थीं 24 मई 2008 और 11 अगस्त 2008. हालांकि दोनो तारीखों को हमले नहीं हुए.
डीसीपी पाटिल ने होटल की सुरक्षा मजबूत करने के लिये कुल 26 उपाय बताये जिनमें अहम दरवाजों पर हथियारबंद पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी शामिल थी. होटल ने इन सुरक्षा उपायों को सिरे से खारिज कर दिया, लेकिन 20 सितंबर 2008 को जब पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक 5 सितारा होटल पर आतंकी हमला हुआ तो ताज के प्रबंधन को डीसीपी पाटिल की बातों की गंभीरता समझ में आई. अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक पाटिल की ओर से सुझाये गये कुछ उपायों पर ताज होटल ने अमल किया...लेकिन ये सिर्फ कुछ दिनों तक ही रहा. डीसीपी पाटिल कुछ दिनों के लिये जैसे ही छुट्टी पर गये सबकुछ जस का तस हो गया.होटल के उत्तरी दरवाजे पर कोई सुरक्षा नहीं थी. मुख्य दरवाजे पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी होटल ने हटवा दिया ये कहकर कि वे हरदम जंग की तैयारी जैसा माहौल नहीं बर्दाश्त कर सकते. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी होटल से खाने की मांग करते थे और ताज के प्रबंधन को ये अखर रहा था.

3. क्या पुलिस के हाथ बांध दिए गए थे?
मुंबई के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर हसन गफूर ने ताज में मौजूद पुलिसकर्मियों के एक तरह से हाथ बांध दिये थे. उनका आदेश था कि एनएसजी के पहुंचने तक कुछ नहीं करना है. यहां तक कि जब शुरूवात में पास के नेवी नगर से मरीन कमांडोज की एक टुकडी पहुंची तो गफूर ने उसे दिशानिर्देश देने के लिये भी डीसीपी नागरे पाटिल को साथ जाने से रोक दिया. एनएसजी को दिल्ली से पहुंचने में वक्त लगने वाला था. इसलिये तब तक आतंकियों को घेरने के लिये मार्कोस यानी मरीन कमांडोज बुलाये गये. इन मरीन कमांडोज को होटल की भौगौलिक जानकारी और आतंकियों की हलचल के बारे में बताने वाले किसी गाईड की जरूरत थी. चूंकि डीसीपी पाटिल हमले के शुरूवाती कुछ मिनटो के बाद ही होटल पहुंच गये थे और आतंकियों से उनका सामना हो चुका था इसलिये वे मार्कोस के गाईड बनने को तैयार हो गये...तभी उन्हें पुलिस कमिश्नर हसन गफूर का फोन आया.
ज्वाइंट कमिश्नर लॉ एंड आर्डर भी ताज चेंबर्स में छुपे मेहमानों को निकालने के लिये ताज की सिक्यूरिटी टीम के साथ अंदर दाखिल होना चाहते थे, लेकिन कमिश्नर गफूर ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. कुछ देर बाद आतंकी ताज चेंबर्स की तरफ आये और उन्होने कई लोगों की हत्या कर दी.
4. NSG को नहीं दी गई सही जानकारी
एनएसजी का मानना है कि जब वो 27 नवंबर की सुबह मुंबई पहुंची तो पुलिस और खुफिया एजेंसियों की ओर से उसे सही सही नहीं बताया गया कि शहर में और खासकर ताज में कुल कितने आतंकवादी हैं.
आतंकी अजमल कसाब को हमले की पहली रात ही गिरगांव चौपाटी पर हुए एनकाउंटर में जिंदा पकड लिया गया था. रात में 2 बार उससे लंबी पूछताछ हुई. पहली पूछताछ अस्पताल में एसीपी तानाजी घाडगे ने की, जिसके बाद उसे क्राईम ब्रांच लाया गया. क्राईम ब्रांच में ज्वाइंट कमिश्नर राकेश मारिया ने दोबारा उससे पूछताछ की. दोनो पूछताछ में कसाब ने बता दिया था कि कुल 10 आतंकवादी आये थे, वे कैसे आये थे, किस तरह के हथियार उनके पास थे और किसे क्या जिम्मेदारी दी गई थी. हालांकि कसाब ने सबकुछ बता दिया था, लेकिन पूरी जानकारी एनएसजी तक नहीं पहुंची.

Photo Credit: Image credit: AFP
5. दो घंटे की दूरी में रात भर का समय कैसे लगा?
वैसे तो हवाई जहाज से दिल्ली और मुंबई की दूरी महज 2 घंटे की है, लेकिन एनएसजी को मुंबई पहुंचते पहुंचते पूरी रात बीत गई. जैसे तैसे विमान का इंतजाम करके एनएसजी कमांडोज को मुंबई तो ले आया गया लेकिन मुंबई हवाई अड्डे से तुरंत उन्हें दक्षिण मुंबई जहां 3 अलग अलग ठिकानों पर आतंकी कहर बरपा रहे थे, उन्हें लाने का कोई इंतजाम नहीं था.
वहीं दूसरी ओर साथ आये होम सेक्रेटरी को रिसीव करने के लिये सफेद एंबेसेडर कारें आ पहुंचीं थीं. विमान से असलहा उतारने और स्थानीय बसों का इंतजाम करने में कई और कीमती घंटे बर्बाद हुए. इस दौरान आतंकी ताज के कीचन वाले इलाके तक पहुंचकर कई लोगों की जान ले चुके थे.
6. आपस में झगड रहे थे आतंकी
भले ही 26-11 का हमला आतंकवादियों की टीम वर्क का नतीजा हो, लेकिन हमले के दौरान एटीएस ने आंतकियों की पाकिस्तान में बैठे उनके आकाओं से जो बातचीत रिकॉर्ड की उससे एक दिलचस्प हकीकत सामने आती है.
ताज में मौजूद उमर नाम का आतंकी गुस्से में बंधक बनाये गये लोगों की पिटाई कर रहा था. उमर का साथी अब्दुल रहमान कराची से फोन पर हैंडलर वसी के साथ था. वसी उमर को फोन पर कुछ निर्देश देना चाहता था, लेकिन उमर फोन पर आने में आनाकानी कर रहा था. इस वजह से अब्दुल रहमान और उमर के बीच गाली गलौच भी हो गई. अब्दुल रहमान ने उमर को गधा और बेवकूफ कहा. वसी ने अब्दुल रहमान से कहा कि वो उमर को आग लगाने का निर्देश दे, लेकिन उमर सुनने को तैयर नहीं था. वो बंधकों को लात और घूसों से पीटने में ही लगा रहा. एक बार वो कुछ पलों के लिये फोन पर आया भी, लेकिन फिर उसने फोन वापस अब्दुल रहमान को थमा दिया.
7. अपनी ही गोली का शिकार बन गया अबू अली
होटल के भीतर जो 4 आतंकी दाखिल हुए थे उनमें से एक आतंकी खुद अपनी ही गोली से घायल हो गया था. ये आतंकी था अबू अली. अबू अली ने जब ताज होटल में घुसकर अपनी एके-47 राईफल से फायरिंग करनी शुरू की तो एक गोली फर्श से टकराकर बाऊंस हुई और अबू अली के पैर में जाकर लगी. एटीएस ने आतंकियों की उनके हैंडलर से जिस बातचीत को रिकार्ड किया उससे ये बात सामने आई. अली हैंडलर वसी से कहता है- “ मेरे लिये दुआ करो. अपने पैर की वजह से मैं वो नहीं कर पा रहा हूं जो दिल में है. चलते वक्त दर्द होता है. जो काम अकेले मेरा था वो सभी को मिलकर करना पड रहा है. मेरा पैर मेरा साथ नहीं दे रहा. अल्लाह से दुआ करो कि हम उन्हें नाच नचायें”.
8. सीक्रेट गर्लफ्रेंड और पेस्ट्री का शौक
डेविड हेडली की मुंबई में एक सीक्रेट गर्लफ्रेंड थी. हेडली को पेस्ट्री खाने का शौक था. नरीमन हाऊस की रेकी के दौरान हेडली की जान पहचान वहां बेकरी चलाने वाली एक पारसी युवती से हो गयी. दोनों के बीच जल्द ही अच्छी दोस्ती हो गयी. हेडली जब भी भारत आता तो इस युवती के साथ घूमता. युवती को हेडली के आतंकी मंसूबों के बारे में जानकारी नहीं थी. हेडली उसके साथ घूमते हुए टार्गेट की तस्वीरें और जीपीआरएस लोकेशन नोट करता था. इस युवती ने आगे चलकर बेकरी की एक बडी चेन खोली.
9. पाकिस्तान के पीएम परिवार से थी हेडली की पहचान
दाऊद गिलानी उर्फ डेविड कॉलमैन हेडली आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के लिये काम करता था, लेकिन उसके रिश्ते पाकिस्तान सरकार और वहां के आला राजनेताओं से भी थे. इस बात का खुलासा हुआ हेडली के पिता की मौत होने पर. 26-11 के हमले के एक महीने के बाद हेडली के पिता सय्यद सलीम गिलानी की लाहौर में मौत हो गई. हेडली उस वक्त देश से बाहर था, लेकिन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री गिलानी परिवार से लोग अपनी संवेदनाएं जताने के लिये उनके घर आये. हेडली की ओर से अपने दोस्त को भेजे गये एक ईमेल से ये बात सामने आई.
10. यहां था लैंडिंग पॉइंट
बधवार पार्क, वो जगह जहां 26 नवंबर 2008 की शाम पाकिस्तान से आये 10 आतंकवादी उतरे थे. मछुआरों की बस्ती के पास मौजूद इस जगह को लैंडिंग पॉइंट के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह आईएसआई के एक डबल एजेंट ने दी थी. हेडली ने बाद में आकर इस जगह की तस्वीरें लीं और यहां का जीपीआरएस लोकेशन नोट किया.
इनमें से कुछ खुलासे अद्रीयान लेवी और कैथी स्कॉट क्लार्क नाम के दो अंग्रेजी पत्रकरों की ओर से लिखी गई किताब “द सीज” पर आधारित हैं. इन कहानियों से ये साफ होता है कि सुरक्षा एजेंसियों के सामने कई ऐसे मौके आये जब आतंकियों पर काबू पाया जा सकता था और जान ओ माल के नुकसान को काफी कम किया जा सकता था. लेकिन किसी की लापरवाही, किसी की ढिलाई, किसी की कडे फैसले न ले पाने की कमजोरी और किसी की बेवकूफी ने मुंबई के दुश्मनों को उनके मंसूबों में कामियाब कर दिया. 18 साल बाद ताज और ट्राईडेंट आज फिर गुलजार हैं, सीएसटी रेल स्टेशन पर मुसाफिरों की चहल पहल भी पहले जैसी ही है, लेकिन उन तारीखों के दौरान इन इमारतों में जो नरसंहार हुआ था वो इसके इतिहास का हमेशा के लिये काला हिस्सा बन गया है.
यह भी पढ़ें : 26/11 के छह पाकिस्तानी मास्टरमाइंड्स पर चलेगा गैरमौजूदगी में मुकदमा? महाराष्ट्र सरकार ने दाखिल की अर्जी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं