- मौसम विभाग की सैटेलाइट तस्वीरों से साउ होता है कि उत्तर और मध्य भारत के आसमान में बादल छंट रहे हैं
- मॉनसून की विदाई हो रही है और इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत का मौसम साफ रहेगा
- मॉनसून की वापसी की रेखा अब गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर से होते हुए अरब सागर की ओर बढ़ रही है
दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है. अब मॉनसून की वापसी हो रही है. उत्तर-पश्चिम भारत से मॉनसून विदाई ले रहा है. मौसम विभाग यानी IMD की सैटेलाइट तस्वीरों में यह बदलाव साफ देखा जा सकता है. सैटेलाइट तस्वीरों में दिख रहा है कि अब उत्तर और मध्य भारत के हिस्सों का आसमान साफ दिखाई दे रहा है. यहां से बादल छंट रहे हैं और मौसम साफ हो रहा है.
मॉनसून जा रहा, लेकिन बारिश बाकी
मौसम वैज्ञानिक नवदीप दहिया ने भी अपने एक्स पर पोस्ट करते हुए, इस मौसमी बदलाव को बताया. उन्होंने कहा कि मॉनसून की विदाई हो रही है. इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम साफ रहेगा. 6 अक्टूबर के बाद अगले हफ्ते उत्तर भारत पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर हो सकता है.
Latest satellite animation pic.twitter.com/HCYNpqjYG6
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 29, 2026
एक और मॉनसूनी बादल पीछे हट रहे हैं, तो दूसरी ओर अन्य वेदर सिस्टम एक्टिव हैं. IMD की मानें तो मॉनसून की वापसी की रेखा अभी गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से गुजर रही है और फिर अरब सागर की ओर बढ़ रही है.
मॉनसून ने लगभग 19 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान से लौटना शुरू किया था और 23 सितंबर को दिल्ली से हट गया, जिससे राजधानी में मॉनसून का मौसम अपनी सामान्य तारीख 25 सितंबर से थोड़ा पहले ही खत्म हो गया.

भले ही आसमान साफ, लेकिन मॉनसून अभी भी बाकी
ताजा सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि उपमहाद्वीप कितना सूखा है. उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अब उतने बादल नहीं दिख रहे हैं जितने हाल की बारिश के दौरान थे, जबकि पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में अभी भी बादल छाए हुए हैं. इसका मतलब है कि यह बदलाव पूरे देश में एक जैसा नहीं होगा. मॉनसून अभी भी कई इलाकों में बना हुआ है, भले ही उत्तर-पश्चिम में इसका असर कम हो रहा है.
मौसम विभाग ने इस हफ्ते देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ जैसे राज्यों में मौसम का लेकर कोई अलर्ट नहीं है. ये बताता है कि यहां मॉनसून विदाई ले चुका है. हालांकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के आगे बढ़ने से यहां पिछले कुछ दिनों में अच्छी बारिश हुई है.
कब तक मॉनसून पूरी तरह लेगा विदाई?
IMD का कहना है कि मॉनसून के और आगे लौटने का आकलन हवाओं के लौटने के क्रम, नमी में कमी और मौसम के शुष्क बने रहने के आधार पर किया जाता है. देश से मॉनसून की पूरी तरह वापसी 1 अक्तूबर के बाद ही गोती है. इस समय हवाओं का बड़ा पैटर्न दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के दायरे से हट जाता है. ऐसे में भले ही आसमान देखकर यह लग रहा हो कि मॉनसून जा रहा है, लेकिन अभी यह देश के बाकी हिस्सों में पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
यह भी पढ़ें: मॉनसून की विदाई में देरी, दिल्ली-NCR समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, अक्टूबर में भी बरसेंगे बादल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं