- मेरठ के केसरगंज में मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है
- केसरगंज मंडी परिसर में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर चप्पे-चप्पे पर निगरानी और बैरिकेडिंग की गई है
- अवैध निर्माण विवाद के बाद मस्जिद फिर सुर्खियों में आई, जिसमें तीसरी मंजिल पर अवैध निर्माण रोकवाया गया था
मेरठ के केसरगंज में मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने के ऐलान के बाद माहौल गरमा गया है, हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और ललित शर्मा के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. केसरगंज मंडी परिसर में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. चप्पे-चप्पे पर निगरानी है और बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है. इसे लेकर रालोद विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. वहीं पुलिस ने अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.
अवैध निर्माण विवाद के बाद फिर सुर्खियों में मस्जिद
दरअसल, पिछले दिनों केसरगंज की इसी मस्जिद की तीसरी मंजिल पर अवैध निर्माण को लेकर विवाद सामने आया था. व्यापारियों ने सांसद अरुण गोविल से मुलाकात की थी, जिसके बाद अधिकारियों को पत्र लिखे गए और अवैध निर्माण रुकवाया गया. अब हनुमान चालीसा के ऐलान ने पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है. पुलिस और खुफिया विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

रालोद विधायक ने भाईचारे की अपील की
रालोद विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इलाके में सदियों पुराना भाईचारा है और उसे किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए. उन्होंने कहा, 'यह हमारा संवैधानिक कर्तव्य है कि आपसी सौहार्द बनाए रखें. दोनों समुदायों को अपने-अपने धार्मिक कार्य अपने स्थानों पर करने चाहिए. अगर किसी को कोई शिकायत है तो उसे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखा जाना चाहिए, न कि विवाद पैदा किया जाना चाहिए,' उन्होंने कहा कि वे भी प्रशासन से इस मामले में बातचीत करेंगे और सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील करेंगे.
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
एसपी सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा, 'कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम की घोषणा किए जाने के बाद भ्रामक सूचनाएं फैलने लगी थीं। इसके मद्देनजर मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है.' एसपी सिटी ने चेतावनी दी कि किसी भी व्यक्ति ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: यूपी बीजेपी ने 5 MLC उम्मीदवारों का ऐलान किया, वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ, मेरठ से दिनेश गोयल, देखें LIST
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं