विज्ञापन
This Article is From Sep 23, 2023

मेरठ के स्‍कूल में सातवीं की छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी बास्केटबॉल कोच और उसका पिता निलंबित

छात्रा ने अपने पिता को बताया कि बास्केटबॉल कोच उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता करता है. परिजनों ने इस मामले में स्कूल जाकर जब शिकायत की तो स्कूल प्रबंधन उल्टे परिजनों के ऊपर चुप रहने का दबाव बनाने लगा.

मेरठ के स्‍कूल में सातवीं की छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी बास्केटबॉल कोच और उसका पिता निलंबित
छात्रा ने अपने पिता को बताया कि बास्केटबॉल कोच उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता करता है. (प्रतीकात्‍मक)
मेरठ:

मेरठ के प्रतिष्ठित मिशनरी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ मामले में आरोपी कोच और उसके पिता को निलंबित कर दिया गया है. स्कूल के बास्केटबॉल कोच पर सातवीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगे थे. पेरेंट्स ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की तो कार्रवाई के बजाय पेरेंट्स को ही दबाने की कोशिश की गई. भाजपा और हिंदूवादी संगठनों के दवाब के बाद स्कूल प्रबंधन ने यह कार्रवाई की है. दरअसल, 18 सितंबर 2023 को मेरठ के एक स्कूल की सातवीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था. छात्रा के परिजनों को उस वक्त इस मामले का पता चला जब छात्रा के मोबाइल फोन पर स्कूल के बास्केटबॉल कोच के अश्लील मैसेज पहुंचे. 

छात्रा ने अपने पिता को बताया कि बास्केटबॉल कोच उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता करता है. परिजनों ने इस मामले में स्कूल जाकर जब शिकायत की तो स्कूल प्रबंधन उल्टे परिजनों के ऊपर चुप रहने का दबाव बनाने लगा. पीड़िता के परिजनों ने आरोपी पर कार्रवाई न करने की स्थिति में पुलिस में शिकायत करने का अल्टीमेटम दिया. 

इस मामले की जानकारी जब स्कूल से बाहर आई तो हिंदूवादी संगठन और बीजेपी के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए. पूरे मामले को लव जिहाद से जोड़कर पेश किया गया. अपनी छीछालेदर होता देख स्कूल प्रबंधन ने 22 सितंबर को आरोपी बास्केटबॉल कोच और उसके खेल शिक्षक पिता को निलंबित कर दिया. स्कूल की प्रिंसिपल ने प्रेस नोट जारी करके इस कार्रवाई की जानकारी दी. साथ ही उन्‍होंने यह भी बताया कि अपने स्तर से मामले की आंतरिक जांच की जा रही है, अगर जरूरत हुई तो इस मामले में पुलिस की मदद भी ली जाएगी. 

पहले भी मिली थी छेड़छाड़ की शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई 

स्कूल प्रबंधन का रुख देखकर हिंदूवादी संगठन नाराज हो गए. इसके बाद हिंदू जागरण मंच ने आज स्कूल के गेट पर धरना दिया. यही नहीं, स्कूल के खिलाफ सोशल मीडिया पर बॉयकॉट कैंपेन शुरू कर दिया गया है. हिंदूवादी संगठनों की मांग है कि स्कूल प्रबंधन अपनी ओर से आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराए. बताया जाता है कि आरोपी बास्केटबॉल कोच के पिता के ऊपर हत्या का एक मुकदमा चल रहा है. आरोपी बास्केटबॉल कोच के खिलाफ पहले भी छेड़छाड़ की शिकायतें मिली है, मगर स्कूल प्रबंधन उसे लगातार शह देता रहा और कोई कार्रवाई नहीं की. 

भविष्‍य खराब करने की धमकी, शिकायत वापस लेने का दबाव  

पीड़ित छात्रा के परिजनों के मुताबिक जब उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की तो प्रबंधन और आरोपी दोनों ने छात्रा का भविष्य खराब करने की धमकी दी और परिवार के ऊपर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया. हैरत की बात है कि इस मामले में अभी तक मेरठ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है और ना ही यह जानने की कोशिश की है कि शहर के प्रतिष्ठित स्कूल में आखिर क्या चल रहा है. 

ये भी पढ़ें :

* यूपी: दरोगा घर में घुसकर कर रहा था युवती से छेड़छाड़, लोगों ने खंभे से बांधकर पीटा
* ''यमराज आपका इंतजार कर रहे'' : योगी आदित्यनाथ की महिलाओं को परेशान करने वालों को चेतावनी
* मध्य प्रदेश में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने पर शिक्षक को निर्वस्त्र कर पीटा गया: पुलिस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Meerut, Student Molestation Case, Girl Molested In School, UP Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com