- दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बिल्डिंग गिरने के बाद एमसीडी ने जर्जर इमारतों को गिराने का अभियान शुरू किया
- CM रेखा गुप्ता ने पास की जर्जर इमारत को गिराने के निर्देश दिए थे
- इमारतों से छात्रों का सामान फायर सर्विस कर्मचारियों द्वारा सुरक्षित तरीके से निकाला जा रहा है
दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद MCD एक्शन मोड में है. इलाके की अन्य जर्जर इमारतों पर एक्शन शुरू हो गया है. MCD इन इमारतों को ध्वस्त कर रही है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि MCD उस जर्जर इमारत को गिरा देगी, जो सत्य निकेतन में गिरी उस पीजी बिल्डिंग के बगल में है, जिसमें दो दिन पहले सात लोगों की मौत हो गई थी. सीएम के आदेश के बाद हादसे वाली बिल्डिंग के बगल वाली इमारतों को गिराया जा रहा है.
सीएम रेखा गुप्ता ने दिए थे आदेश
दिल्ली सीएमओ ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर, एमसीडी को जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना स्थल के पास बनी जर्जर इमारत को गिराने का आदेश दिया गया है.' सीएमओ ने आगे कहा कि इमारत के अंदर छात्रों का सामान दिल्ली फायर सर्विस के कर्मचारियों द्वारा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से निकाला जा रहा है. सभी छात्रों और स्थानीय निवासियों से अधिकारियों का सहयोग करने का अनुरोध किया जाता है.
यह आदेश धौला कुआं में दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित कॉलोनी में अवैध निर्माण की जांच के लिए जिम्मेदार पांच नगर निगम अधिकारियों को सस्पेंड करने की सख्त कार्रवाई के बाद आया है.
हादसे में 7 लोगों की मौत
बता दें कि सत्य निकेतन इलाके में छात्रों के पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास के तौर पर इस्तेमाल की जा रही इमारत रविवार को दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई. मलबे से कुल 12 लोगों को बाहर निकाला गया जिनमें से सात लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए.
इससे पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री ने एम्स का दौरा किया और सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में घायल हुए छात्रों से मुलाकात की. सीएम गुप्ता ने उनके इलाज के बारे में जानकारी ली और उनके परिवार के सदस्यों को सरकार और डॉक्टरों की ओर से पूरी मदद का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसे के बाद एक्शन, CM के निर्देश पर सटी जर्जर इमारत भी ढहाई जाएगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं