विज्ञापन

मणिपुर की ताजा हिंसा में 6 नागा, दो कुकी और एक गोरखा की मौत, PM मोदी से मिले CM खेमचंद, क्या हुई बात?

मणिपुर में भड़की ताजा हिंसा में जान गंवाने वाले 9 लोगों की पहचान हो गई है. इधर सीएम खेमचंद ने दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच क्या कुछ बातचीत हुई, आइए जानते हैं...

मणिपुर की ताजा हिंसा में 6 नागा, दो कुकी और एक गोरखा की मौत, PM  मोदी से मिले CM खेमचंद, क्या हुई बात?
मणिपुर में ताजा भड़की हिंसा पर काबू पाने में जुटे जवान और पीएम मोदी के साथ सीएम युमनाम खेमचंद सिंह.
NDTV
इंफाल:

मणिपुर के तीन पहाड़ी जिलों कामजोंग, उखरुल और कांगपोकपी में भड़की हिंसा में 9 लोगों की मौत हो गई है. नागा और कुकी समुदायों के बीच ताजा भड़की हिंसक झड़पों में जान गंवाने वालों में एक महिला भी शामिल है. अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को हुई हिंसा में छह नागा, दो कुकी और गोरखा समुदाय के एक किसान की मौत हुई. इस साल मणिपुर में हुई हिंसक घटनाओं में इसे सबसे घातक घटनाक्रमों में से एक माना जा रहा है. हालांकि, रविवार को तीनों पहाड़ी जिलों से किसी नई हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली.

सीएम ने शांति और संयम बनाए रखने की अपील की

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने हिंसा और निर्दोष नागरिकों की हत्या की निंदा करते हुए लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर काबू पाने और कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया.

इन 9 लोगों की हुई हत्या

बताया गया कि हाल की हिंसक घटनाओं के बाद राज्य के अलग-अलग इलाकों में पीड़ितों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पहचान किए गए पीड़ितों में छह नागा लोग, दो कुकी लोग (जिनमें एक महिला शामिल है) और एक नेपाली व्यक्ति शामिल हैं. पीड़ितों की पहचान डोमखोनी टौथांग, माइकल न्गाम्मिनलेन हाओकिप, न्गाचान्सो निंगशेन, लीशिशन हंग्यो, माचुंगवांगबो, माचुंगमम्मंग, अजिनपो रिंगकांगमाई, रॉबर्ट और संदीप राय के तौर पर की गई है.

पीएम मोदी से दिल्ली में मिले सीएम खेमचंद 

इस बीच, मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने 10 अक्टूबर को नई दिल्ली में 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की और राज्य सरकार द्वारा शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों के बारे में जानकारी दी.

बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने इम्फाल-दीमापुर-गुवाहाटी बस सेवाओं के फिर से शुरू होने और नेशनल हाईवे 37 और 2 पर सामान से लदे ट्रकों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला. उन्होंने प्रधानमंत्री को विभिन्न समुदायों के बीच भरोसे की कमी को दूर करने की पहलों के बारे में भी बताया.

पीएम मोदी के साथ मणिपुर के सीएम युमनाम खेमचंद सिंह.

पीएम मोदी के साथ मणिपुर के सीएम युमनाम खेमचंद सिंह.
Photo Credit: सोशल मीडिया

सीएम खेमंचद और पीएम मोदी में क्या हुआ बात?

खेमचंद सिंह ने प्रधानमंत्री से कुछ राज्य राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्गों में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने का आग्रह किया और इम्फाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) को ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) का दर्जा देने की मांग की. उन्होंने मोदी को मणिपुर आने का निमंत्रण भी दिया.

प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और कहा कि मणिपुर में स्थिति में सुधार हुआ है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य से जुड़े हर उचित मुद्दे का समाधान लोगों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा. एक बयान में, मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने कामजोंग और कांगपोकपी जिलों में बेगुनाह नागरिकों की हत्याओं और हिंसा की निंदा की.

उन्होंने कहा, "मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे स्थिति को नियंत्रित करने, शांति और व्यवस्था बहाल करने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत और प्रभावी कदम उठाएं." उन्होंने अलग-अलग समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले जन-नेताओं और नागरिक समाज के संगठनों से संयम बरतने और तनाव कम करने में सहयोग करने की अपील की, साथ ही समाज के सभी वर्गों से शांति, बातचीत और सद्भाव को प्राथमिकता देने का आग्रह किया.

यह भी पढ़ें - मणिपुर में हिंसा बेकाबू: 9 की मौत, घर-दुकानों में आगजनी, CM खेमचंद ने दिए कार्रवाई के निर्देश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manipur Violence, Manipur Violence Latest News, Manipur Violence Death Toll, Manipur CM Yumnam Khemchand Singh, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com