- PM मोदी ने बिहार में NDA सरकार के एक साल पूरे होने पर 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.
- वैशाली में गंगा पर बने 19.7 किलोमीटर लंबे छह लेन के नीतीश सेतु पुल का पीएम मोदी ने उद्घाटन किया.
- नीतीश सेतु पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक और विकास कार्यों के सम्मान में रखा गया है.
बिहार में NDA सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली के राजा पाकड़ में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे. इस दौरान उन्होंने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया. पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आशीर्वाद देते हुए बिहार में एक साल के विकास कार्यों की चर्चा की. युवाओं का उत्साह देखकर पीएम मोदी ने कहा कि रास्ते में नौजवानों की भीड़ और जोश देखकर उनका मन प्रसन्न हो गया.
गंगा पर सिक्स लेन वाले नीतीश पुल का उद्घाटन
PM मोदी ने बिहार के राघोपुर (वैशाली) में गंगा पर बने छह लेन के केबल पुल ‘नीतीश सेतु' का भी उद्घाटन किया. करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल की कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है. इसमें गंगा पर बना मुख्य पुल करीब 9.76 किलोमीटर लंबा है, जबकि 10 किलोमीटर सड़क पुल तक पहुंचने के लिए बनाई गई है. यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है.
नीतीश के नाम से क्यों रखा गया था पुल
इस पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु' रखा गया है. राजनीतिक रूप से भी यह नाम अहम है. बिहार में सत्ता और नेतृत्व में बदलाव के बाद नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री नहीं हैं, लेकिन एनडीए सरकार उनके लंबे राजनीतिक सफर और विकास कार्यों को सम्मान देने का संदेश दे रही है. पुल का निर्माण नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते शुरू हुआ था और उनके कार्यकाल में ही यह लगभग पूरा हुआ. प्रधानमंत्री ने इसे नीतीश कुमार के सम्मान में नाम दिए जाने की बात कही.

एयरपोर्ट पर पीएम मोदी से गर्मजोशी से मिले नीतीश
इस उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी का नीतीश कुमार से पटना एयरपोर्ट पर मिलना और पुल का नाम नीतीश सेतु रखना, दोनों राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. बिहार में नई सरकार के नेतृत्व में सम्राट चौधरी हैं, लेकिन एनडीए के संदेश में नीतीश कुमार की भूमिका और उनकी राजनीतिक विरासत को भी जगह दी जा रही है. ऐसे में यह पुल सिर्फ यातायात की सुविधा देने वाला प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एनडीए के भीतर पुराने नेतृत्व के सम्मान और नए नेतृत्व के साथ तालमेल का संदेश भी देता है.
राजद और कांग्रेस पर बोला हमला
लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की पुरानी स्थिति और मौजूदा विकास की तुलना की. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार से पहले बिहार में घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि आज निवेश और विकास की बात हो रही है. पीएम ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक ‘गरीबी हटाओ' का नारा दिया गया, लेकिन गरीबों को गुमराह किया गया.
उन्होंने बिहार के पुराने शासनकाल को पिछड़ेपन, अव्यवस्था और घोटालों से जोड़ते हुए कहा कि एनडीए सरकार के दौरान राज्य में विकास की होड़ लगी है. हर इलाके में विकास की नई कहानी लिखी जा रही है. सड़क, बिजली, शिक्षा, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे काम बिहार को आगे बढ़ा रहे हैं.
नीतीश के सुशासन राज को टीम सम्राट बढ़ा रही आगे
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार एक साल पूरा कर रही है और इस मौके पर लोकतंत्र की धरती वैशाली को चुना गया है. उन्होंने कहा कि बिहार ने करीब तीन दशक पहले उम्मीद और भरोसे की नई राह चुनी थी. नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को सुशासन का नया भरोसा मिला और अब उनके आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम बिहार को आगे बढ़ा रही है.
गंगा पर विकास का नया सेतु, बिहार की तरक्की को मिली नई रफ्तार! नीतीश सेतु से पटना से वैशाली का सफर अब सिर्फ 20-25 मिनट, व्यापार और पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान। आभार मोदी जी! #ModijikDilMeinBihar #ModijiSamratjikaNayaBihar https://t.co/tVJSktJk79
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) November 21, 2026
पहले घोटालों की होती थी चर्चा, अब निवेश की होती बातः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार ने लंबा सफर तय किया है. एनडीए सरकार से पहले राज्य में घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन आज निवेश के आंकड़ों पर बात हो रही है. उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार के दौरान बिहार में विकास की होड़ दिख रही है और हर इलाके में विकास की नई कहानी लिखी जा रही है. सरकार ने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते किए हैं. गया में छह हजार करोड़ रुपये के स्टील प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने की बात भी उन्होंने कही. बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने के लिए नई नीति लाई गई है.
अब बदल रही बिहार की तस्वीर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है. कई हाईवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है. ऊर्जा और शहरी विकास के क्षेत्र में भी राज्य की तस्वीर बदल रही है. उन्होंने कहा कि एक समय बिहार के हजारों गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी, लेकिन आज बिहार बिजली उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है.
रामविलास पासवान को किया याद
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में 100 नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की गई है. इसके साथ ही हजारों गरीब परिवारों को पक्के घरों की चाबी सौंपी गई है. रामविलास पासवान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी आत्मा जहां भी होगी, आज हम पर फूलों की बारिश कर रही होगी, क्योंकि एनडीए उनके सपनों को साकार कर रहा है.
यह भी पढ़ें - गंगा नदी पर 10 KM लंबा नीतीश सेतु तैयार, पटना-वैशाली ही नहीं, सीतामढ़ी-समस्तीपुर-दरभंगा तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं