विज्ञापन
This Article is From May 28, 2023

मणिपुर हिंसा: खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति मुर्मू से करेगा मुलाकात

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, मणिपुर के हालात को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा.

मणिपुर हिंसा: खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति मुर्मू से करेगा मुलाकात

नई दिल्ली:  कांग्रेस ने मणिपुर में हाल की हिंसा को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए रविवार को कहा कि वहां एक भयावह त्रासदी सामने आ रही है, जबकि प्रधानमंत्री अपने ‘खुद के राज्याभिषेक' को लेकर अभिभूत हैं. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, मणिपुर के हालात को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा.

उन्होंने कहा कि मणिपुर में हिंसा के 25 दिन बाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बहुप्रतीक्षित इंफाल यात्रा की पूर्व संध्या पर चीज़ें बद से बदतर हो गई हैं. रमेश ने ट्विटर पर कहा, “अनुच्छेद-355 लागू किए जाने के बावजूद, राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासन पूरी तरह से चरमरा गया है.”

उन्होंने मोदी द्वारा नये संसद भवन के उद्घाटन का जाहिर तौर पर संदर्भ देते हुए कहा, “एक भयानक त्रासदी (मणिपुर हिंसा) सामने आ रही है, जबकि प्रधानमंत्री अपने ‘खुद के राज्याभिषेक' को लेकर अभिभूत हैं. उनकी ओर से शांति की एक भी अपील नहीं की गई है और न ही समुदायों के बीच विश्वास की पुन:बहाली के लिए कोई वास्तविक प्रयास किया गया है.”

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को कहा कि सुरक्षा बलों ने राज्य में शांति कायम करने के लिए अभियान शुरू करने के बाद से घरों में आगजनी और लोगों पर गोलीबारी करने में शामिल लगभग 40 सशस्त्र उग्रवादियों को मार गिराया है. वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न इलाकों में लोगों पर गोलीबारी और उग्रवादियों तथा सुरक्षा बलों के बीच झड़पों की अलग-अलग घटनाओं में रविवार को दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए.
मैतेई समुदाय द्वारा अनुसूचित जनजाति (एसटी) के दर्जे की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च' के आयोजन के बाद मणिपुर में भड़की जातीय हिंसा में 75 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

 ये भी पढ़ें : "युवा संगम देश की विविधता को बढ़ावा देने वाला कार्यक्रम": मन की बात के 101वें एपिसोड में पीएम मोदी
ये भी पढ़ें : विश्वास है कि संसद का नया भवन राष्ट्र के सामर्थ्य को नयी शक्ति प्रदान करेगा: प्रधानमंत्री मोदी

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress, Violence In Manipur, PM Modi, Draupadi Murm, Mallikarjun Kharge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com