विज्ञापन

तेज हवा से तार के जा लगा टेंट... कांग्रेस की चुनावी बैठक में फैला करंट, 2 की मौत; 14 झुलसे

राजस्थान के प्रतापगढ़ में पंचायत चुनाव को लेकर आयोजित कांग्रेस की बैठक के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. 

तेज हवा से तार के जा लगा टेंट... कांग्रेस की चुनावी बैठक में फैला करंट, 2 की मौत; 14 झुलसे
राजस्थान में कांग्रेस की बैठक के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया.

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट उपखंड के रेणंदा गांव में कांग्रेस की चुनावी बैठक के दौरान बड़ा हादसा हो गया. पंचायत चुनाव को लेकर आयोजित इस बैठक में अचानक तेज हवा चलने लगी. हवा के कारण सभा स्थल पर लगा टेंट उखड़कर ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. इसके बाद टेंट में करंट फैल गया और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

टेंट संभालने दौड़े लोग करंट की चपेट में आए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के बीच जब टेंट उड़ने लगा तो कई लोग उसे संभालने के लिए आगे बढ़े. इसी दौरान टेंट बिजली के तारों से छू गया और उसमें करंट दौड़ गया. हादसे में डेमरीपाड़ा निवासी अर्जुन (57) पुत्र अमरिया और रेणंदा निवासी मोहन (45) पुत्र गौतम की मौके पर मौत हो गई.

14 लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

हादसे में 14 लोग झुलस गए. सभी घायलों को इलाज के लिए प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. अस्पताल में सभी का उपचार जारी है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

बैठक में करीब 150 लोग थे मौजूद

यह बैठक तिराबावजी मंदिर के पास आयोजित की गई थी, जिसमें रेणंदा, बूंदीखेड़ा और खिलाय कुंड गांवों के करीब 150 लोग शामिल हुए थे. पंचायत चुनाव के चौथे चरण को लेकर आयोजित इस बैठक में घाटोल विधायक नानालाल निनामा के भी पहुंचने का कार्यक्रम था.

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए आरोप

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी काफी देर तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. लोगों का कहना है कि एंबुलेंस करीब एक घंटे तक नहीं आई, जिसके कारण कई घायलों को मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा. चुनावी बैठक के दौरान हुए इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. घटना के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है और लोग प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- 'हम वादा करते हैं कि...', आशुतोष-सौरव ने भरा 'पीस बॉन्ड'; कोर्ट ने अपने आदेश में क्या कहा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pratapgarh News, Congress Meeting, Panchayat Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com