पंजाब की बठिंडा पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी की पहचान सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में की है. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सेना से जुड़ी कई अहम जानकारी कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को दे रहा था. पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के ऑपरेटिव्स के संपर्क में होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे ISI ऑपरेटिव्स के निर्देश पर बठिंडा कैंट के संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी करता था. वह सैन्य ठिकानों की लोकेशन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाकर सीमा पार भेजता था. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने किन-किन सैन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाई और यह सूचनाएं किस माध्यम से पाकिस्तान पहुंचाई गईं.
तीन पुराने आपराधिक मामलों में भी वांछित
पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. उसके खिलाफ फिरोजपुर जिले में पहले से तीन मामले दर्ज हैं. इनमें वर्ष 2022 में थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज मामला, वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज केस और थाना आरिफ के में 6.25 किलो हेरोइन बरामदगी से जुड़ा NDPS एक्ट का मामला शामिल है. आरोपी आर्म्स एक्ट और हेरोइन बरामदगी के मामलों में भी वांछित था. आर्म्स एक्ट के मामले में ड्रोन और जिंदा कारतूसों की बरामदगी का पहलू भी सामने आया है. एजेंसियां अब उसके पुराने आपराधिक मामलों और कथित जासूसी नेटवर्क के बीच किसी संबंध की भी जांच कर रही हैं.
2026 में हथियार और नशा तस्करी पर भी कार्रवाई
काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा की ओर से वर्ष 2026 में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाइयों में 23 पिस्तौल, 63 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड और दो सीसीटीवी कैमरे बरामद किए गए हैं. इसके अलावा बठिंडा में पेट्रोल बम से जुड़े दो मामलों को भी सुलझाने का दावा किया गया है.नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में तीन किलो हेरोइन, एक किलो आइस, 180 किलो भुक्की और पांच किलो अफीम बरामद की गई.फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के पाकिस्तानी संपर्कों, सैन्य ठिकानों की रेकी और कथित तौर पर भेजी गई सूचनाओं की जांच कर रही हैं. यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में आरोपी अकेला शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था.
यह भी पढ़ें: असम के एयरफोर्स स्टेशन से पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, छबुआ और नाल एयरफोर्स स्टेशन की दे चुका है जानकारियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं