- तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी
- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी. भाजपा ने भवानीपुर से सुवेंदु अधिकारी को उतारा है
- ममता ने चुनाव आयोग पर भाजपा के पक्ष में पक्षपात करने का आरोप लगाया है. बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान है
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. टीएमसी बंगाल विधानसभा की 294 सीट में से 291 पर चुनाव लड़ेगी, बाकी 3 सीट पर अनित थापा के नेतृत्व वाली बीजीपीएम दार्जिलिंग की पहाड़ियों में चुनाव लड़ेगी. ममता बनर्जी इस बार नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ेंगी. वो इस बार भवानीपुर से मैदान में होंगी. भाजपा ने भवानीपुर और नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है.
प्रेस कांफ्रेंस कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि टीएमसी 2026 में बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनावों में 226 से अधिक सीटें जीतेगी.
टीएमसी द्वारा जारी इस लिस्ट में ममता बनर्जी समेत पश्चिम बंगाल के कई दिग्गज टीएमसी नेताओं के नाम शामिल हैं, जिन्हें उम्मीदवार बनाया गया है. हाल ही में टीएमसी में शामिल हुए पवित्र कर को नंदीग्राम से टिकट दिया गया है, जहां उनका भी मुकाबला सुवेंदु अधिकारी से होगा.
देखें पूरी लिस्ट :-
टीएमसी ने चंद्रिमा भट्टाचार्य को दमदम उत्तर सीट से, मदन मित्रा को कमरहाटी सीट से, फिरहाद हकीम को कोलकाता पोर्ट सीट से, कुणाल घोष को बेलेघाटा सीट से और डॉ. शशि पांजा को श्यामपुकुर सीट से मैदान में उतरा है.
वहीं, हरिन्घाटा सीट से राजीव विश्वास, स्वरूपनगर सीट से बीना मंडल, राजगंज सीट से सपना बर्मन, हबरा सीट से ज्योतिप्रिया मल्लिक, कृष्णानगर नगर दक्षिण सीट से उज्जवल विश्वास, राणाघाट दक्षिण सीट से सौगत कुमार बर्मन और कल्याणी सीट से अतींद्रनाथ मंडल चुनाव लड़ेंगे.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग भाजपा की ओर से 'अच्छा खेल' खेल रहा है, उन्हें सीधे भाजपा के लिए प्रचार करना चाहिए.

टीएमसी उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग भाजपा के इशारे पर अधिकारियों का तबादला कर रहा है. अगर कुछ अप्रिय घटना होती है तो निर्वाचन आयोग और भाजपा जिम्मेदार होंगे.
उन्होंने कहा कि ईद से ठीक पहले वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है. क्या बंगाल चुनाव से पहले दंगे भड़काने का कोई इरादा है.
मुख्यमंत्री ने उन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी आश्वस्त करने की कोशिश की, जिन्हें उम्मीदवारों की सूची में जगह नहीं मिल पाई है. बनर्जी ने कहा कि ऐसे नेताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा.
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी की सीट में गिरावट आएगी. उन्होंने कहा, 'इस चुनाव में भाजपा की सीट में कमी आएगी. उन्हें उनकी जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा.'

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी के 291 उम्मीदवारों में से 52 महिलाएं, 95 अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति और 47 अल्पसंख्यक हैं.
15 मार्च को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा की थी. पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में चुनाव होने हैं, मतदान के लिए 23 और 29 अप्रैल की तारीख निर्धारित की गई है. वहीं, वोटों की गिनती 4 मई को होगी.
इसे भी पढ़ें: ममता के सामने सुवेंदु, मोयना से अशोक डिंडा, किसे कहां से टिकट? बंगाल में BJP के 144 कैंडिडेट की पूरी List
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं